Home BUSINESS NEWS HINDI सोने-चांदी में भूचाल: 8% तक गिरे ETF, क्या गिरावट में खरीदारी का...

सोने-चांदी में भूचाल: 8% तक गिरे ETF, क्या गिरावट में खरीदारी का यह सही समय है?

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

गोल्ड-सिल्वर के एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) में गुरुवार को जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। एमसीएक्स पर सोने-चांदी के भाव में भूचाल के चलते ईटीएफ 8 प्रतिशत तक टूट गए। टाटा सिल्वर ईटीएफ सबसे ज्यादा करीब 8 प्रतिशत लुढ़ककर 20.01 रुपये के दिन के निचले स्तर पर पहुंच गया, जबकि इसका पिछला बंद भाव 21.66 रुपये था।

एचडीएफसी सिल्वर ईटीएफ ने 6 प्रतिशत की गिरावट झेली और करीब 38 अन्य सिल्वर ईटीएफ 5 प्रतिशत तक फिसल गए। वहीं बंधन सिल्वर ईटीएफ 4 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 214.01 रुपये के निचले स्तर पर बंद हुआ। गोल्ड ईटीएफ की बात करें तो 23 में से कोटक गोल्ड ईटीएफ और क्वांटम गोल्ड फंड 4-4 प्रतिशत टूटे, जबकि बाकी गोल्ड ईटीएफ में 1 प्रतिशत से 3 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।

डॉलर की मजबूती और ब्याज दरों के डर ने बिगाड़ा खेल

सोने-चांदी में उथल-पुथल अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व द्वारा इस साल के अंत तक ब्याज दरें बढ़ाए जाने की बढ़ती उम्मीदों की वजह से हुई। अमेरिकी डॉलर लगातार तीसरे सत्र में चढ़कर 13 महीने के हाई पर पहुंच गया, जिससे अन्य मुद्राओं वाले निवेशकों के लिए सोना खरीदना महंगा हो गया।

सीएमई फेडवॉच टूल के अनुसार, ट्रेडर्स अब इस साल 3 बार ब्याज दरें बढ़ने की संभावना जता रहे हैं और सितंबर में बढ़ोतरी की करीब 67 प्रतिशत प्रबल संभावना देख रहे हैं।

घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी हाहाकार

घरेलू बाजार में एमसीएक्स पर जुलाई 2026 डिलीवरी वाले चांदी के वायदा दो सत्रों में 15,526 रुपये यानी 7 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 2,10,308 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गए। अगस्त 2026 डिलीवरी वाला सोना वायदा 5,863 रुपये टूटकर 1,40,666 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ।

इससे पिछले सत्र में दोनों कांट्रैक्ट 0.2 प्रतिशत तक फिसले थे। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 0.4 प्रतिशत गिरकर 3,985.89 डॉलर प्रति औंस पर आ गया और बुधवार को नवंबर 2025 के बाद पहली बार 4,000 डॉलर प्रति औंस के अहम स्तर से नीचे फिसल गया।

अगस्त डिलीवरी के लिए अमेरिकी सोना वायदा 0.2 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 4,001.60 डॉलर पर रहा। अन्य कीमती धातुओं में स्पॉट सिल्वर 0.2 प्रतिशत घटकर 57.33 डॉलर प्रति औंस, प्लैटिनम 0.2 प्रतिशत गिरकर 1,575.85 डॉलर पर रही।

आगे कैसी रहेगी चाल और क्या करें निवेशक

पृथ्वी फिनमार्ट के मनोज कुमार जैन का मानना है कि कच्चे तेल की कीमतों और डॉलर इंडेक्स में उतार-चढ़ाव के साथ-साथ अमेरिकी जीडीपी और कोर पीसीई मुद्रास्फीति के आंकड़े जारी होने से पहले सोने-चांदी की कीमतों में इस हफ्ते अस्थिरता बनी रहने की संभावना है।

उन्होंने मौजूदा स्तरों पर कीमती धातुओं में बॉटम-फिशिंग यानी गिरावट पर सीधे भारी खरीदारी करने की सलाह नहीं दी, लेकिन शॉर्ट पोजीशन से बाहर निकलने का सुझाव जरूर दिया, क्योंकि बाजार ओवरसोल्ड जोन में एंट्री कर चुका है। अभी की गिरावट लंबी अवधि के निवेशकों के लिए थोड़ा-थोड़ा करके खरीदारी का मौका हो सकती है, बशर्ते वे छोटी अवधि के उतार-चढ़ाव को झेलने का धैर्य रखें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN