Home खेल समाचार लगभग 5 किलो सोने से बनी है फीफा विश्व कप 2026 की...

लगभग 5 किलो सोने से बनी है फीफा विश्व कप 2026 की ट्रॉफी, कीमत में दोगुने से अधिक का उछाल आया

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

दुनिया भर के बाजारों में सोने की बढ़ती कीमतों के बीच फीफा विश्व कप 2026 की ट्रॉफी की कीमत में भी भारी उछाल आया है। 6.175 किलो की ट्रॉफी में 4.93 किलो सोना है। साल 2022 में कतर में हुए विश्व कप की तुलना में 2026 में हो रहे फीफा में इसकी कीमत दोगुना से भी अधिक बढ़ गई है।

वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों में आई तेज बढ़ोतरी का असर खेल जगत की सबसे प्रतिष्ठित ट्रॉफी पर भी दिखाई दे रहा है। फीफा विश्व कप ट्रॉफी में मौजूद सोने का मूल्य बढ़कर लगभग 7.13 लाख डॉलर ( लगभग 6.73 करोड़ रुपये) पहुंच गया है। वित्तीय बाजार डेटा प्रदाता एलएसईजी के मुताबिक यह आंकड़ा 2022 विश्व कप के समय की तुलना में दोगुने से भी अधिक है।

इतने किलो है फीफा विश्व कप 2026 की ट्रॉफी का वजन

विश्व कप ट्रॉफी 18 कैरेट सोने से निर्मित है और इसका कुल वजन 6.175 किलोग्राम है। इसमें लगभग 4.93 किलोग्राम शुद्ध सोना शामिल है। भू-राजनीतिक तनाव, वैश्विक व्यापार अनिश्चितता और आर्थिक विकास की धीमी रफ्तार के बीच सोने की कीमतों में आई तेजी ने ट्रॉफी के मूल्य को भी नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है। एलएसईजी मेटल्स रिसर्च के वरिष्ठ धातु विश्लेषक देबाजित साहा ने कहा, ” सोने की कीमतों में हाल के उच्चतम स्तरों से कुछ नरमी आई है, लेकिन दीर्घकालिक रुझान अब भी बेहद उल्लेखनीय बना हुआ है।” उन्होंने कहा, ”खिलाड़ियों के लिए विश्व कप ट्रॉफी का महत्व अमूल्य है, लेकिन इसमें मौजूद सोने का मूल्य दिलचस्प आंकड़ा पेश करता है कि वर्षों में कीमती धातु की कीमत कितनी तेजी से बढ़ी है।”

साल 2022 में इतनी थी ट्रॉफी की कीमत

जब अर्जेंटीना ने 2022 में कतर में आयोजित विश्व कप जीता था तब ट्रॉफी के सोने का मूल्य लगभग 2.77 लाख डॉलर आंका गया था। वहीं, 1974 विश्व कप से पहले वर्तमान डिजाइन की शुरुआत के समय इसकी कीमत करीब 25,000 डॉलर थी। विश्व की प्रमुख खेल ट्रॉफियों में फीफा विश्व कप ट्रॉफी अकेली ऐसी ट्रॉफी है जो सोने से बनी है। इसके मुकाबले यूएफा चैंपियंस लीग और यूएफा यूरोपा लीग की ट्रॉफियां स्टर्लिंग सिल्वर से बनी हैं, जिनकी अनुमानित धातु-आधारित कीमत क्रमशः 16,950 डॉलर और 22,600 डॉलर है। अमेरिका में इंडियापोलिस 500 ( मोटर रेसिंग प्रतियोगिता) के विजेता को दी जाने वाली बोर्ग-वार्नर टॉफी सबसे मूल्यवान और भारी ट्रॉफियों में शामिल है। 1.62 मीटर ऊंची इस ट्रॉफी में लगभग 69 किलोग्राम स्टर्लिंग सिल्वर है, जिसकी अनुमानित धातु कीमत 1.56 लाख डॉलर है।

फीफा 2026 विश्व कप का आगाज 11 जून को अमेरिका में हुआ था। 48 टीमों के इस टूर्नामेंट का फाइनल 19 जुलाई को खेला जायेगा।

फीफा फुटबॉल विश्व कप की तुलना क्रिकेट वनडे विश्व कप से की जाए तो वनडे विश्व कप की ट्रॉफी चांदी और सोने से बनी होती है। ट्रॉफी में जो गेंद गोल्ड कलर की दिख रही होती है, वह सोने की बनी होती है और तीन स्तंभ चांदी से बनाए गए होते हैं। क्रिकेट विश्व कप ट्रॉफी की अनुमानित कीमत 30,000 डॉलर है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN