Source :- LIVE HINDUSTAN
Coffee Lemonade Recipe: अगर आप ठंडी कॉफी और नींबू पानी दोनों पसंद करते हैं, तो इस बार इनका अनोखा मेल ट्राई करें। कॉफी लेमोनेड एक ऐसी ड्रिंक है, जो गर्मी में ताजगी के साथ बिल्कुल नया स्वाद देने का काम कर सकती है।
अगर आप कॉफी के शौकीन हैं, तो आपने गर्म कॉफी, ठंडी कॉफी और कई तरह की कॉफी ड्रिंक जरूर पी होंगी। लेकिन क्या आपने कभी कॉफी और नींबू को एक साथ मिलाकर बनी ड्रिंक का स्वाद चखा है? सुनने में यह मेल थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन आजकल कॉफी लेमोनेड काफी ज्यादा ट्रेंडिंग है। इसमें कॉफी का गाढ़ा स्वाद और नींबू की ताजगी एक साथ मिलती है, जो गर्मी के मौसम में शरीर को तरोताजा महसूस करा देती है। खास बात यह है कि यह ड्रिंक कुछ ही मिनटों में तैयार हो जाती है। अगर आप मेहमानों को कुछ अलग परोसना चाहते हैं, तो यह रेसिपी जरूर ट्राई करें।
कॉफी लेमोनेड बनाने के लिए सामग्री
एक नींबू का रस
दो से तीन बड़े चम्मच चीनी की चाशनी या फिर शहद
कुछ बर्फ के टुकड़े
आधा गिलास सोडा
एक कॉफी शॉट
ऐसे बनाएं कॉफी लेमोनेड
- सबसे पहले एक लंबे गिलास में बर्फ के टुकड़े डालें।
- अब इसमें नींबू का रस डाल दें।
- इसके बाद चीनी की चाशनी मिलाएं।
- अब गिलास में सोडा डालें।
- आखिर में धीरे-धीरे ऊपर से कॉफी शॉट डालें।
- अगर चाहें तो चम्मच से हल्का-सा मिला लें।
- आपकी ठंडी और ताजगी से भरपूर कॉफी लेमोनेड तैयार है।
इस ड्रिंक का स्वाद कैसा होता है?
कॉफी लेमोनेड का स्वाद थोड़ा अलग और अनोखा होता है। इसमें नींबू की हल्की खटास, कॉफी का गाढ़ापन और सोडा की ताजगी एक साथ महसूस होती है। जो लोग नए स्वाद पसंद करते हैं, उन्हें यह ड्रिंक जरूर पसंद आ सकती है। सोडा की जगह ठंडा पानी भी डाल सकते हैं।
वायरल ड्रिंक! आजकल कैफे मेन्यू और सोशल मीडिया पर यह ड्रिंक तेजी से लोकप्रिय हो रही है। अगर आप नए स्वाद पसंद करते हैं, तो कॉफी लेमोनेड एक बार जरूर ट्राई करें। हालांकि, जिन लोगों को एसिडिटी, पेट में जलन या कैफीन से परेशानी होती है, उन्हें इसका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए। साथ ही, खाली पेट इसे पीने से कुछ लोगों को असहजता भी महसूस हो सकती है।
कॉफी लेमोनेड को और टेस्टी बनाने के लिए अपनाएं ये टिप्स
- ठंडी कॉफी का इस्तेमाल करें: अगर कॉफी पहले से ठंडी होगी, तो ड्रिंक का स्वाद और बेहतर आएगा।
- ताजा नींबू का रस लें: ताजा नींबू का रस इस ड्रिंक को ज्यादा ताजगी देता है।
- मिठास अपने स्वादानुसार रखें: अगर आपको ज्यादा मीठा पसंद नहीं है, तो चीनी की मात्रा कम कर सकते हैं।
- पुदीने की पत्तियां डालें: इससे ड्रिंक में ताजगी और बढ़ जाएगी।
- संतरे का रस मिलाकर देखें: हल्का-सा संतरे का रस डालने से स्वाद में नया ट्विस्ट आ सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




