Home National news hindi महिला टी-20 वर्ल्ड कप: भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया के साथ आज ‘करो...

महिला टी-20 वर्ल्ड कप: भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया के साथ आज ‘करो या मरो’ की स्थिति

3
0

Source :- BBC INDIA

हरमनप्रीत कौर और सोफ़ी मोलिन्यू

इमेज स्रोत, Jason McCawley – CA/Cricket Australia via Getty Images

प्रकाशित

पढ़ने का समय: 7 मिनट

आईसीसी विमेंस टी-20 वर्ल्ड कप के लिए रविवार का दिन अहम है. भारतीय टीम आज अपना आख़िरी लीग मैच ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ खेलेगी.

भारत को टूर्नामेंट के सेमीफ़ाइनल में पहुँचने के लिए यह मैच जीतना बेहद ज़रूरी है. हालांकि, ऑस्ट्रेलिया को हराना आसान नहीं माना जा रहा है.

इसकी वजह है, ऑस्ट्रेलियाई टीम का प्रभुत्व. इस पूरे टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया एक भी मैच नहीं हारी है. उसके गेंदबाज़ों और बल्लेबाज़ों ने बेहतरीन खेल दिखाया है.

हालांकि, मैच से पहले प्रेस कॉन्फ़्रेंस में भारतीय उप कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा कि भारत ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ पहले भी अच्छा प्रदर्शन किया है और टीम इस मैच में भी बढ़िया करेगी.

वहीं, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफ़ी मोलिन्यू ने कहा कि वह भारत की स्थिति से परिचित हैं और उनकी टीम भारतीय खिलाड़ियों के ऊपर दबाव को बढ़ाने की कोशिश करेगी.

इस बीच क्रिकेट के जानकार मैच से पहले भारतीय टीम की फ़ील्डिंग पर चिंता जता रहे हैं. जानकारों का मानना है कि ऑस्ट्रेलियाई टीम की बैटिंग और फ़ील्डिंग में भारत के मुक़ाबले बेहतर है.

स्मृति मंधाना ने मैच से पहले क्या कहा?

स्मृति मंधाना

इमेज स्रोत, Alex Davidson-ICC/ICC via Getty Images

मैच से पहले प्रेस कॉन्फ़्रेंस में स्मृति मंधाना ने भारतीय टीम की रणनीति और ऑस्ट्रेलिया से मिलने वाली चुनौती की बात की.

उन्होंने कहा कि टीम विकेट और कंडीशन को देखकर अपनी रणनीति तय करेगी. इसके अलावा उन्होंने अग्रेसिव क्रिकेट खेलने की बात की.

स्मृति ने कहा, “हम मीटिंग में इस बारे में काफ़ी बात कर रहे हैं कि हम मैदान पर जाकर किस इरादे के साथ बैटिंग करें. हां, उतना नहीं हो पाया है, जितना हम चाहते थे. लेकिन हममें से हर कोई स्कोर करना चाहता है.”

उन्होंने कहा, “हम मैदान में हार्ड वर्क और जो भी बेहतर हम कर सकते हैं, वह करने की कोशिश करेंगे.”

ऑस्ट्रेलियाई टीम को लेकर उन्होंने कहा, “ऑस्ट्रेलिया एक अच्छी टीम है. उनके साथ हमेशा अच्छी प्रतिद्वंद्विता देखने को मिलती है. एक बैटर के तौर पर मैं हमेशा उनके ख़िलाफ़ खेलने के लिए उत्सुक रहती हूं.”

स्मृति मंधाना ने दोनों टीमों के बीच गैप को लेकर भी जवाब दिया.

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि दोनों टीमों के बीच का गैप कम हुआ है. हमारे तीन खिलाड़ी बिग बैश खेल रहे हैं, उनके खिलाड़ी डब्ल्यूपीएल खेल रहे हैं. हमने अपने अनुभव साझा किए हैं.”

“मुझे लगता है कि भारतीय टीम ने पिछले चार-पांच सालों में जिस तरह का क्रिकेट खेला है, उससे गैप कम हुआ है. मुझे लगता है इस मौक़े पर, ख़ासकर टी-20 क्रिकेट में जिस भी टीम का दिन अच्छा होता है, वह मैच जीतती है.”

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफ़ी मोलिन्यू क्या बोलीं

ऑस्ट्रेलियाई कप्तान सोफ़ी मोलिन्यू ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में भारत पर दबाव बढ़ाने और ऑस्ट्रेलिया की जीत पर ज़ोर दिया.

उन्होंने कहा, “हम भारत के मुक़ाबले अलग स्थिति में हैं. हमें अब भी जीत की ज़रूरत है और ग्रुप में अच्छी पोजिशन पर ख़त्म करना चाहते हैं.”

सोफ़ी मोलिन्यू ने कहा, “हमें पता है कि उनके ऊपर थोड़ा प्रेशर है. मुझे उम्मीद है हम उसे और बढ़ाएंगे.”

उन्होंने यह भी कहा कि भारत के ख़िलाफ़ ऑस्ट्रेलिया के मैच हमेशा अच्छे और रोमांचक होते हैं.

भारत की फ़ील्डिंग को लेकर चिंता

हरमनप्रीत कौर और स्मृति मंधाना

इमेज स्रोत, George Wood/Getty Images

इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन ने ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ मैच से पहले भारत की कमियों पर खुलकर बात की है.

उनका मानना है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सबसे बड़ी बाधा मनोवैज्ञानिक नहीं, बल्कि फ़ील्डिंग है.

इस मैच से पहले भारत की फ़ील्डिंग चर्चा का विषय है.

भारत ने गुरुवार को बांग्लादेश के ख़िलाफ़ पांच ओवर के भीतर चार कैच छोड़े थे.

हालांकि, टीम यह मैच जीतने में सफल रही, लेकिन दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ मैच के आख़िरी स्टेज में छोड़े गए दो कैच भारी पड़े और भारतीय टीम मैच हार गई.

इसके अलावा उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ी क्रम की गहराई का भी ज़िक्र किया. उन्होंने कहा कि भारत कैच छोड़कर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज़ों को दूसरा मौक़ा देने की ग़लती नहीं कर सकता.

उन्होंने कहा, “अलाना किंग नौवें या दसवें नंबर पर बल्लेबाज़ी करने आती हैं. जिस मैच को मैं कवर कर रहा था, उसमें कप्तान सोफ़ी मोलिन्यू को बल्लेबाज़ी करने की ज़रूरत ही नहीं पड़ी और वह 11वें नंबर पर आने वाली थीं. वह कप्तान होने के साथ एक बेहतरीन ऑलराउंडर भी हैं.”

“ऐसे में विकेट लेना पहले ही मुश्किल है, ऊपर से कैच छोड़ना और भी नुकसानदेह है. आप एनेबेल सदरलैंड, बेथ मूनी या फ़ीबी लिचफ़ील्ड जैसी बल्लेबाज़ों को मौक़े नहीं दे सकते.”

इसके अलावा उन्होंने भारत के लिए चिंता का एक और विषय मिडिल ऑर्डर को बताया. भारतीय मिडिल ऑर्डर अब तक इस वर्ल्ड कप में रन बनाने के लिए संघर्ष करता दिखा है.

वहीं, क्रिकेट एक्सपर्ट अयाज़ मेमन ने भी भारतीय टीम की फ़ील्डिंग पर चिंता जताई. हालांकि, उन्होंने भारतीय बल्लेबाज़ी क्रम की तारीफ़ की.

उन्होंने कहा, “भारत ने ऑस्ट्रेलिया को वर्ल्ड कप में हराया है, लेकिन वह वनडे वर्ल्ड कप था. उसमें भारतीय टीम चैंपियन बनी थी. तब से भारत की महिला टीम से उम्मीदें बढ़ गई हैं.”

“टी20 फ़ॉर्मेट वनडे से अलग है. ऑस्ट्रेलिया के पास ज़्यादा बेहतर स्ट्राइकर्स हैं. इस वजह से उनके पास एडवांटेज है. लेकिन भारत के पास भी शेफ़ाली वर्मा, हरमनप्रीत कौर, ऋचा घोष, स्मृति मंधाना, जेमिमा रोड्रिंग्स जैसा अनुभव और टैलेंट है.”

अयाज़ मेमन ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत के मुक़ाबले फ़ील्डिंग में बेहतर है और इस टूर्नामेंट में भारतीय टीम की फ़ील्डिंग अच्छी नहीं रही है.

उन्होंने कहा, “अगर भारत को यह मैच जीतना है तो फ़ील्डिंग में निश्चित तौर पर अच्छा करना होगा.”

क्रिकेटर शिखा पांडे का सुझाव है कि इस मैच में क्रांति गौड़ को प्लेइंग इलेवन में शामिल करना चाहिए.

उन्होंने कहा, “यक़ीन मानिए और मुझे यह कहते हुए अच्छा नहीं लग रहा, लेकिन मुझे लगता है कि भारत को ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ इस मैच में क्रांति गौड़ को शामिल करना चाहिए. मुझे हमेशा लगा है कि ‘पॉइंट ऑफ़ डिफ़रेंस’ यानी अलग तरह की गति वाले गेंदबाज़ का इस्तेमाल इस मैच में मदद करेगा, क्योंकि बांग्लादेश के ख़िलाफ़ खेले गए मैच में सभी गेंदबाज़ लगभग एक जैसी गति सीमा में थे.”

भारत सेमीफ़ाइनल में कैसे पहुँच सकता है?

भारतीय महिला टीम

इमेज स्रोत, George Wood/Getty Images

सेमीफ़ाइनल की लड़ाई में अब चार स्थितियां सामने आ रही हैं.

पहली स्थिति में, अगर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ जीत हासिल करती है तो भारत के आठ अंक हो जाएंगे. इसके साथ ही भारत को यह उम्मीद करनी होगी कि बांग्लादेश आख़िरी लीग मैच में दक्षिण अफ़्रीका को हरा दे.

ऐसे में भारत के आठ अंक हो जाएंगे और दक्षिण अफ़्रीका के छह अंक ही रहेंगे. इससे भारत सीधे तौर पर सेमीफ़ाइनल में पहुंच जाएगा.

लेकिन, अगर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया से हार जाती है तो उसके लिए राह चुनौतीपूर्ण हो जाएगी.

ऐसे में भारत को उम्मीद करनी होगी कि दक्षिण अफ़्रीका भी बांग्लादेश से मैच हार जाए और सेमीफ़ाइनल की सीट का फ़ैसला नेट रनरेट से हो.

भारतीय टीम का नेट रनरेट इस वक़्त +2.268 है, जबकि दक्षिण अफ़्रीकी टीम का नेट रनरेट +0.734 है.

ऐसे में भारत को उम्मीद करनी होगी कि उसे ऑस्ट्रेलिया से बड़ी हार न मिले और दक्षिण अफ़्रीका को बांग्लादेश बड़े अंतर से हराए, जिससे कि सेमीफ़ाइनल की रेस में शामिल दोनों ही टीमों के बीच नेट रनरेट का यह अंतर बरक़रार रहे.

ऐसे में भारत सेमीफ़ाइनल में पहुंच जाएगा.

तीसरी स्थिति में अगर भारत और दक्षिण अफ़्रीका, दोनों ही टीमें अपने आख़िरी लीग मैच में जीत हासिल करती हैं तो भी सेमीफ़ाइनल में जाने का फ़ैसला नेट रनरेट से होगा.

भारतीय टीम का नेट रनरेट अभी दक्षिण अफ़्रीका से ज़्यादा है. ऐसे में यह अंतर बनाए रखने के लिए भारत को उम्मीद करनी होगी कि अफ़्रीकी टीम बांग्लादेश के ख़िलाफ़ बहुत बड़े अंतर से मैच न जीते.

चूंकि, दोनों ही टीमों के नेट रनरेट में काफ़ी अंतर है, ऐसे में भारत के लिए ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ बहुत बड़ी जीत हासिल करने की ज़रूरत नहीं है.

अगर भारत एक छोटी जीत भी हासिल करता है तो वह अपने नेट रनरेट बरक़रार रखेगा और ऐसी स्थिति में वह सेमीफ़ाइनल में पहुंच जाएगा.

चौथी स्थिति भारत के लिए सबसे पीड़ादायक है.

अगर भारत अपना आख़िरी लीग मैच ऑस्ट्रेलिया से हार जाता है और दक्षिण अफ़्रीकी टीम बांग्लादेश को हरा देती है, तो भारत टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगा और दक्षिण अफ़्रीका सेमीफ़ाइनल में अपनी सीट पक्की कर लेगा.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

SOURCE : BBC NEWS