Source :- LIVE HINDUSTAN
रिपोर्ट में बताया गया कि जब भूकंप आया तब लुकास ट्रेजो अपनी टीम के साथ मैच की तैयारी के लिए राजधानी कराकास में मौजूद थे। दूसरी ओर उनकी पत्नी और दोनों बच्चे तटीय क्षेत्र प्लाया ग्रांडे में अपने अपार्टमेंट में थे।
वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप ने हजारों परिवारों की जिंदगी उजाड़ दी। इस त्रासदी की सबसे दर्दनाक घटनाओं में अर्जेंटीना के फुटबॉलर लुकास ट्रेजो का परिवार भी शामिल है। वेनेजुएला के टॉप फुटबॉल क्लब के इस खिलाड़ी की पत्नी यानिना मारानेला और उनके दो बच्चे की मलबे में दबकर मौत हो गई। क्लब ने आधिकारिक बयान जारी कर इस दुखद खबर की पुष्टि की और शोक व्यक्त करते हुए ट्रेजो व उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं जताईं।
रिपोर्ट के अनुसार, जब भूकंप आया तब लुकास ट्रेजो अपनी टीम के साथ मैच की तैयारी के लिए राजधानी कराकास में मौजूद थे। दूसरी ओर उनकी पत्नी और दोनों बच्चे तटीय क्षेत्र प्लाया ग्रांडे में अपने अपार्टमेंट में थे। तेज झटकों के कारण बहुमंजिला इमारत पूरी तरह ढह गई, जिसके बाद उनका परिवार लापता हो गया। स्थानीय लोगों, बचावकर्मियों और ट्रेजो के रिश्तेदारों ने लगातार कई घंटों तक उनकी तलाश की, लेकिन बाद में राहत दलों ने तीनों के शव बरामद कर लिए। इस खबर ने पूरे फुटबॉल जगत को गहरे सदमे में डाल दिया।
आखिरकार उम्मीद टूट गई
परिवार के लापता होने के दौरान ट्रेजो ने सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों से अपने प्रियजनों के बारे में किसी भी तरह की जानकारी साझा करने की भावुक अपील की थी। हालांकि उनकी यह उम्मीद आखिरकार टूट गई। क्लब ने अपने संदेश में कहा कि वह इस असहनीय दुख की घड़ी में खिलाड़ी और उनके परिवार के साथ खड़ा है। वेनेजुएला में आए इस विनाशकारी भूकंप ने न केवल आम नागरिकों बल्कि खेल जगत से जुड़े कई परिवारों को भी गहरा आघात पहुंचाया है। विभिन्न खेल संगठनों और खिलाड़ियों ने ट्रेजो के परिवार के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
वेनेजुएला में आए 2 शक्तिशाली भूकंपों ने काफी तबाही मचाई है। अधिकारियों के अनुसार मृतकों की संख्या 1400 से अधिक पहुंच चुकी है, जबकि हजारों लोग घायल, विस्थापित या अब भी लापता बताए जा रहे हैं। कई इमारतें जमींदोज हो गईं और राहत-बचाव अभियान लगातार जारी है। अंतरराष्ट्रीय सहायता एजेंसियां भी प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री और बचाव दल भेज रही हैं। मलबे में अब भी लोगों के फंसे होने की आशंका है, इसलिए मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




