Home World News hindi रूस कठिन दौर से गुजर रहा है, लेकिन… यूक्रेन युद्ध के बीच...

रूस कठिन दौर से गुजर रहा है, लेकिन… यूक्रेन युद्ध के बीच पुतिन का बड़ा कबूलनामा

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Russia News Today: रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने रविवार को सत्तारूढ़ यूनाइटेड रूस पार्टी के सम्मेलन में कहा कि रूस वर्तमान में एक बेहद कठिन और चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा है, लेकिन देश इन मुश्किलों को पार कर लेगा।

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रविवार को कहा कि देश फिलहाल एक चुनौतीपूर्ण और कठिन दौर से गुजर रहा है, लेकिन उन्होंने पूरे विश्वास के साथ कहा कि देश इन सभी मुश्किलों पर काबू पा लेगा, अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करेगा और सीमाओं की रक्षा सुनिश्चित करेगा। सत्तारूढ़ यूनाइटेड रूस पार्टी के एक महत्वपूर्ण सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति पुतिन ने सितंबर में होने वाले संसदीय चुनावों से ठीक पहले पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को संदेश दिया कि हाल की कठिनाइयों ने रूस को कमजोर नहीं किया, बल्कि उसे और अधिक मजबूत तथा अनुभवी बनाया है।

न्यूज एजेंसी TASS के अनुसार, पुतिन ने कहा कि हम एक कठिन दौर से गुजर रहे हैं, लेकिन इसने हमें बहुत कुछ सिखाया है। इन कठिनाइयों ने देश को और मजबूत बनाया है तथा मूल्यवान सबक प्रदान किए हैं। इस दौरान उन्होंने यूनाइटेड रूस पार्टी की आगामी चुनावों में शानदार जीत की कामना करते हुए पार्टी नेताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर विकास, सुरक्षा और स्थिरता के मुद्दों पर भरोसा जगाएं।

चुनौतियों का सामना कर रहा देश

पुतिन का यह बयान ऐसे संवेदनशील समय में आया है जब रूस यूक्रेन संघर्ष के चलते लगातार चुनौतियों का सामना कर रहा है। यूक्रेनी सेना द्वारा रूसी क्षेत्रों में ड्रोन और मिसाइल हमले बढ़ गए हैं, जिससे नागरिक इलाकों और बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंच रहा है। इसके अलावा पश्चिमी देशों द्वारा रूस पर थोपे गए व्यापक आर्थिक प्रतिबंधों ने भी देश की अर्थव्यवस्था पर दबाव डाला है।

सम्मेलन में पुतिन ने जोर देकर कहा कि सरकार इन सभी समस्याओं से पूरी तरह वाकिफ है और उन्हें हल करने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हां, हम समस्याओं को देख रहे हैं, हम उनसे अवगत हैं और उनका समाधान कर रहे हैं। लेकिन हम निश्चित रूप से देश और अपने नागरिकों दोनों की सुरक्षा के साथ-साथ रूस की सीमाओं की अखंडता सुनिश्चित करेंगे।

सभी चुनौतियों पर पा लेंगे काबू

राष्ट्रपति ने आगे आश्वासन देते हुए कहा कि हम निस्संदेह आज हमारे सामने मौजूद सभी चुनौतियों पर काबू पा लेंगे, जिनमें हमारे क्षेत्र और बुनियादी ढांचा सुविधाओं पर हो रहे आतंकवादी हमले भी शामिल हैं। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को बताया कि रूस की सुरक्षा एजेंसियां और सशस्त्र बल इन खतरों का मुकाबला करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और देश की संप्रभुता कभी भी किसी के सामने झुकने वाली नहीं है।

पुतिन ने अपने भाषण के दौरान आर्थिक स्थिरता, सामाजिक सुरक्षा और रक्षा क्षमता बढ़ाने जैसे मुद्दों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि रूस अपनी स्वतंत्र नीतियों पर चलते हुए वैश्विक दबावों के बावजूद विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN