Home LIFESTYLE NEWS HINDI हलवाई कैसे बनाते हैं क्रिस्पी पनीर के पकौड़े? शेफ भरत से 4...

हलवाई कैसे बनाते हैं क्रिस्पी पनीर के पकौड़े? शेफ भरत से 4 टिप्स में जानें सारा सीक्रेट!

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पनीर के पकौड़े चाय के साथ खाने में मजा ही आ जाता है। खासकर ढाबे पर मिलने वाले वो हरी चटनी के पकौड़े बहुत ही टेस्टी लगते हैं। इन्हें आप घर पर बना सकते हैं, कुछ सिंपल सी टिप्स के साथ। शेफ भरत ने इन्हें शेयर किया है

बारिश का मौसम हो और गरमा-गरम चाय के साथ पकौड़े खाने को मिल जाएं, तो मजा आ जाता है। खासकर पनीर के पकौड़ों की तो बात ही कुछ और है। बाहर से क्रिस्पी और अंदर से सॉफ्ट; इनका टेस्ट लाजवाब होता है। हालांकि घर पर परफेक्ट पनीर पकौड़े बनाना थोड़ा मुश्किल होता है। कई बार या तो बाहर ही कोटिंग सही नहीं बन पाती या फिर पनीर अंदर से कच्चा रह जाता है। अक्सर लोग पूछते हैं कि मार्केट वाले भला पनीर के पकौड़ों में ऐसा क्या डालते हैं, जो इतना अच्छा टेस्ट आता है। शेफ भरत ने एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए हलवाइयों जैसे क्रिस्पी पनीर के पकौड़े बनानी की कुछ टिप्स एंड ट्रिक्स शेयर की हैं, जिन्हें फॉलो कर के आप भी वैसे ही टेस्टी पकौड़े बना सकते हैं। आइए जानते हैं –

बेसन के घोल में ये 1 चीज जरूर मिलाएं

हलवाइयों वाले पनीर पकौड़े बाहर से बहुत क्रिस्पी होते हैं, इसलिए खाने में भी टेस्टी लगते हैं। इसके लिए आप जब भी पकौड़े का बैटर तैयार करें, उसमें थोड़ा सा चावल का आटा जरूर एड करें। मात्रा की बात करें तो अगर डेढ़ कप के करीब बेसन ले रहे हैं, तो उसमें 4 चम्मच चावल का आटा मिक्स करें। चावल के आटे से पकौड़े खूब कुरकुरे बनते हैं और तेल भी कम सोखते हैं।

बेसन के बैटर में मिलाएं ये बेसिक मसाले

बेसन के बैटर में कुछ और बेसिक मसाले भी एड करें, ताकि पकौड़ों का स्वाद बढ़ जाए। इसके लिए आपको बेसन में अजवाइन, नमक, जीरा, हल्दी पाउडर और हींग वाला पानी एड करना है। अब थोड़ा थोड़ा पानी डालते हुए बेसन का गाढ़ा सा घोल तैयार कर लें। अब इस बैटर को 5-10 मिनट के लिए ढककर रख दें।

काम की टिप: बेसन के बैटर को आप जितना ज्यादा फेंटेंगे, उसमें हवा उतनी ही मिक्स होगी। इससे बैटर फ्लफी बनेगा, जिसके पकौड़े भी एकदम क्रिस्पी और टेस्टी बनेंगे।

ये हरी चटनी लगाकर टेस्टी बनते हैं पनीर पकौड़े

रेस्टोरेंट वाले पनीर पकौड़े हरी चटनी लगाकर बनाए जाते हैं। ये हरी चटनी धनिया, पुदीना, सूखी लाल मिर्च, लहसुन की कलियां, अदरक का टुकड़ा, हरी मिर्च, जीरा, साबुत धनिया, सौंफ, नमक, काला नमक, चाट मसाला और थोड़ा सा नींबू का रस डालकर बनाई जाती है। इसमें 1-2 चम्मच भुने हुए चने भी मिक्स कर लें और थोड़ा सा पानी और आइस क्यूब्स डालकर गाढ़ी सी चटनी तैयार कर लें।

काम की टिप: ये चटनी आप कितनी भी गाढ़ी बना लें, पानी तो जरूर छोड़ेगी जिससे पकौड़े खराब हो जाएंगे। ऐसे में ये हैक ट्राई करें। इसके लिए एक उबला हुआ आलू और बचा हुआ पनीर कद्दूकस कर लें और चटनी में मिक्स कर दें। साथ ही नमक और लाल मिर्च मिक्स करें और एक गाढ़ा सा पेस्ट तैयार कर लें।

इस तरह बनाएं चटनी वाले पनीर के पकौड़े

हरी चटनी को दो पनीर की लेयर के बीच अच्छी तरह लगा लें और उन्हें छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब बेसन के घोल में चुटकी भर बेकिंग सोडा और एक चम्मच गर्म तेल मिलाएं। पनीर को बैटर में डिप करें, फिर गरमा-गरम तेल में फ्राई कर लें। ध्यान रहे पनीर के पकौड़े आपको दो बार तलने हैं। पहली बार में पनीर से बहुत पानी निकलेगा और दूसरी बार में ये बिल्कुल क्रिस्पी हो जाएंगे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN