Home LIFESTYLE NEWS HINDI ना सोडा, ना मैदा! आधे कप पानी में आटा-सूजी घोलकर बनाएं खस्ता...

ना सोडा, ना मैदा! आधे कप पानी में आटा-सूजी घोलकर बनाएं खस्ता बिस्किट, महीनों तक करें स्टोर

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बिस्किट खाना किसे पसंद नहीं होता और खासतौर पर सुबह-शाम वाली चाय के साथ हर कोई बिस्किट खा ही लेता है। बाजार वाले बिस्किट खाने से अच्छा है कि आप घर पर बिना मैदा के बनाएं। रे किचन ने वीडियो शेयर कर बिना मैदा-सोडा वाले बिस्किट की आसान रेसिपी बताई है।

चाय के साथ बिस्किट खाना हर किसी को पसंद होता है और खासतौर पर सुबह या शाम वाली चाय के साथ। बाजार वाले बिस्किट कई लोग मैदा या ज्यादा चीनी होने के कारण नहीं खाते हैं। अगर आप भी बाजार वाले बिस्किट खाना पसंद नहीं करते हैं, तो हम आपको घर पर बिस्किट बनाने का आसान तरीका बताने जा रहे हैं। रे किचन के यूट्यूब चैनल पर बिस्किट बनाने की खास रेसिपी शेयर की गई है, जिसमें उन्होंने ना तो मैदा का इस्तेमाल किया है और ना ही सोडा है। सूजी-आटे से क्रिस्पी बिस्किट बनाकर तैयार किए हैं, उनका कहना है कि इन बिस्किट को आप लंबे समय तक स्टोर भी कर सकते हैं। तो चलिए आपको इन टेस्टी-क्रिस्पी बिस्किट की आसान रेसिपी बताते हैं।

बिस्किट बनाने के लिए क्या-क्या चाहिए?

सूजी – 1 कप

गेहूं का आटा – 1 कप

बेसन – 1 बड़ा चम्मच

पिसी हुई चीनी – 1/2 कप

इलायची पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच

सफेद तिल – 2 छोटे चम्मच

पानी – 1/2 कप

भुनी हुई मूंगफली – 2 बड़े चम्मच

बादाम – आवश्यकतानुसार

काले तिल – आवश्यकतानुसार

बिस्किट बनाने के लिए बैटर बनाएं

सबसे पहले एक बड़ी थाली या परात में 1 कप बारीक वाली सूजी लेंगे। उसी कप से नापकर गेहूं का आटा लीजिए और सूजी में मिला दें। टेस्ट को बढ़ाने के लिए इसमें 1 चम्मच बेसन और 2 चम्मच तेल डाल दीजिए। तेल की जगह आप घी का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। अब इस आटे वाले मिश्रण में 2 चम्मच भुनी हुई मूंगफली मिला देनी है और फिर 2 चम्मच सफेद तिल मिला दें। अब बारी आएगी चीनी की, तो आप अपने हिसाब से आधा कप या फिर 4-5 चम्मच चीनी मिला सकते हैं। अगर चीनी नहीं डालनी है, तो गुड़ ले सकते हैं या फिर शुगर फ्री मिक्स करें। अब आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर डालें और फिर हाथों से अच्छे रगड़ते हुए आटे को सही से मिक्स कर लें।

आटा गूंथने के लिए पानी या दूध

अब आटे को थोड़ा-थोड़ा 1 कप पानी डालते हुए गूंथ लें। ध्यान रखें कि आटा गीला नहीं होना चाहिए और आप पानी की जगह दूध का इस्तेमाल भी कर सकते हैं। दूध से बनाने पर आप बिस्किट को सिर्फ 1 हफ्ते तक स्टोरी कर सकते हैं लेकिन पानी के साथ महीनों तक ये खराब नहीं होगा। फिर इसे हाथों से रगड़कर गूंथते हुए सान लें। फिर 10 मिनट तक आटे को कवर करके रख दें, जिससे सूजी भी फूल जाए।

नींबू के साइज में बनाएं बॉल

अब आटे से लोई काटकर नींबू के साइज में बॉल बनाकर रखते जाएं। अब आपको एक थाली लेनी है और उसे पलटकर रखना है। फिर उस पर कटे हुए बादाम और तिल को रखना है और उसके ऊपर रखें अपना आटे वाला लड्डू। लड्डू के ऊपर भी बादाम-तिल डाल सकते हैं, वरना रहने दें। अब छोटी कटोरी या प्लेट से लड्डू को दबाएं, दबाने से ये गोल बिस्किट वाले शेप में बन जाएगा और बादाम अंदर चला जाएगा।

बिस्किट करें तैयार

अब कड़ाही में तेल गरम करें और 3-4 बिस्किट को उसमें डालकर फ्राई करें। 3-4 बिस्किट से ज्यादा एक साथ न तलें, वरना ये फूटने लगेंगे। करीब 4-5 मिनट तक पका लें, जिससे सूजी-आटा पूरी तरह से पक जाए और कच्चापन ना लगे। फिर आपके बिस्किट बनकर तैयार हो जाएंगे, अब इन्हें ठंडा होने दें और फिर एयरटाइट डिब्बे में भरकर रख लें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN