Source :- LIVE HINDUSTAN
शेयर मार्केट में मंगलवार को उतार-चढ़ाव के बीच वेदांता आयरन एंड स्टील के शेयर रॉकेट की स्पीड से उड़ान भर रहे हैं। आज भी इनमें 10% की तेज उछाल देखने को मिल रही और यह 35.65 रुपये पर पहुंच गया। इसके साथ ही शेयर ने लगातार 11वें कारोबारी सत्र में तेजी दर्ज की है। पिछले कुछ हफ्तों में कंपनी के शेयरों में जबरदस्त रैली है।
मार्केट कैप हुआ लगभग दोगुना
वेदांता आयरन एंड स्टील का इस महीने की शुरुआत में नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर लिस्टिंग हुई थी। कंपनी ने 15 जून 2026 को वेदांता ग्रुप के डीमर्जर के बाद शेयर बाजार में कदम रखा था। लिस्टिंग के समय NSE पर इसका शेयर 20 रुपये प्रति शेयर पर खुला था, जिससे कंपनी का मार्केट कैप लगभग 7,821 करोड़ रुपये था। लगातार रैली के बाद अब कंपनी का मार्केट कैप बढ़कर लगभग 13,941 करोड़ रुपये हो गया है, जो लगभग दोगुना है।
शेयरों में तेजी के पीछे के कारण
वेदांता आयरन एंड स्टील के शेयरों में इस तेज रैली के पीछे मजबूत संस्थागत खरीदारी और वेदांता ग्रुप के डिमर्जर के आसपास निवेशकों का पॉजिटिव रुख को मुख्य कारण माना जा रहा है। बाजार सहभागी स्टैंडअलोन स्टील बिजनेस के मूल्य अनलॉकिंग की संभावना पर दांव लगा रहे हैं, जिससे लगातार खरीदारी का रुझान बना हुआ है और शेयर में लगातार अपर सर्किट लग रहा है।
अजीम प्रेमजी के निवेश ने बढ़ाया निवेशकों का भरोसा: कंपनी में निवेशकों की रुचि को शुरुआती बढ़ावा तब मिला जब अजीम प्रेमजी के प्रेमजी इन्वेस्ट ने अपनी AIF योजना पीआई ऑपर्च्युनिटीज AIF वी एलएलपी के माध्यम से कंपनी के शेयर बाजार में आने के तुरंत बाद 102 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इस कदम ने नए लिस्टेड कंपनी में संस्थागत निवेशकों के मजबूत विश्वास का संकेत दिया।
कंपनी की महत्वाकांक्षी विकास योजना: वेदांता आयरन एंड स्टील ने एक संसाधन-आधारित एकीकृत स्टील प्लेटफॉर्म बनने की महत्वाकांक्षी विकास रणनीति तैयार की है। कंपनी अपने लंबी अवधि वाले लौह अयस्क भंडार और ऑपरेशन इंटीग्रेशन का लाभ उठाने की योजना बना रही है। कंपनी फेरो-सिलिकॉन, डक्टाइल आयरन पाइप, वायर रॉड और रीबार जैसे प्रमुख उत्पाद खंडों में अपनी क्षमता बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।
50 साल से अधिक के लिए कच्चे माल की सुरक्षा: कंपनी के पास लगभग 4 बिलियन टन लौह अयस्क भंडार और संसाधन हैं, जो उसे 50 साल से अधिक के लिए कच्चे माल की सुरक्षा प्रदान करते हैं। यह कंपनी को लौह अयस्क और स्टील मूल्य श्रृंखला में लॉन्ग टर्म वैल्यू क्रिएशन करने में सक्षम बनाता है। कंपनी भारत और अफ्रीका में कार्यरत है।
प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में विविधता: कंपनी के प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में स्टील, वायर रॉड, टीएमटी बार, पिग आयरन, डक्टाइल आयरन पाइप, फेरो-सिलिकॉन, सीमेंट और मेटालर्जिकल कोक शामिल हैं। यह विविध उत्पाद रेंज कंपनी को विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत उपस्थिति बनाने में मदद कर रही है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




