Home BUSINESS NEWS HINDI हजारों कर्मचारियों की नौकरी पर लटकी तलवार, इस कंपनी में फिर आया...

हजारों कर्मचारियों की नौकरी पर लटकी तलवार, इस कंपनी में फिर आया छंटनी का तूफान

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft) एक बार फिर बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी (Layoffs) की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी अगले कुछ दिनों में हजारों कर्मचारियों की नौकरी खत्म करने का ऐलान कर सकती है। हालांकि, इस बार छंटनी कंपनी के कुल कर्मचारियों के 2.5 प्रतिशत से कम रहने की संभावना है, लेकिन माइक्रोसॉफ्ट के विशाल वर्कफोर्स को देखते हुए यह संख्या फिर भी हजारों में होगी। खास बात यह है कि इस बार केवल एक विभाग नहीं, बल्कि सेल्स, कंसल्टिंग और Xbox गेमिंग जैसे कई बड़े बिजनेस यूनिट्स भी इस फैसले की चपेट में आ सकते हैं। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।1

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, यह जानकारी बिजनेस इनसाइडर की एक रिपोर्ट के हवाले से सामने आई है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि माइक्रोसॉफ्ट अगले सप्ताह तक इस नई छंटनी की घोषणा कर सकता है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की है। फिर भी टेक इंडस्ट्री में इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं, क्योंकि पिछले कुछ सालों में माइक्रोसॉफ्ट लगातार अपने कर्मचारियों की संख्या कम कर रहा है।

30 जून तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार माइक्रोसॉफ्ट के पास दुनियाभर में लगभग 2.28 लाख फुल-टाइम कर्मचारी हैं। अगर कंपनी 2.5 प्रतिशत से कम कर्मचारियों की भी छंटनी करती है, तो करीब 5,000 से अधिक लोगों की नौकरी प्रभावित हो सकती है। रिपोर्ट के मुताबिक अभी यह साफ नहीं है कि कुल कितने कर्मचारियों को बाहर किया जाएगा, लेकिन कई अलग-अलग बिजनेस यूनिट्स में यह प्रक्रिया लागू हो सकती है।

सबसे ज्यादा चर्चा Xbox गेमिंग डिवीजन को लेकर हो रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक माइक्रोसॉफ्ट अपने गेमिंग बिजनेस की लागत कम करने के लिए यहां भी बड़े स्तर पर कर्मचारियों की संख्या घटा सकता है। हाल ही में कंपनी ने कई देशों में Xbox गेमिंग कंसोल की कीमतें भी बढ़ाई थीं। इसके पीछे ग्लोबल लेवल पर कंपोनेंट्स की बढ़ती लागत और सप्लाई चेन से जुड़ी चुनौतियों को कारण बताया गया था। इसके अलावा यह भी खबरें सामने आई थीं कि माइक्रोसॉफ्ट Xbox बिजनेस के भविष्य को लेकर कई विकल्पों पर विचार कर रहा है। इनमें Xbox को अलग सहायक कंपनी (Subsidiary) बनाना या भविष्य में स्पिनऑफ करना भी शामिल बताया गया है।

यह पहली बार नहीं है, जब माइक्रोसॉफ्ट कर्मचारियों की संख्या घटा रहा है। जुलाई 2025 में भी कंपनी ने अपने वैश्विक कर्मचारियों का लगभग 4 प्रतिशत कम करने का फैसला लिया था। उस समय कंपनी ने कहा था कि वह अपने बिजनेस को अधिक प्रभावी बनाने और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जैसे भविष्य के क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने के लिए संगठनात्मक बदलाव कर रही है।

दरअसल, पूरी टेक इंडस्ट्री इस समय बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल के कारण कंपनियां अपने खर्चों को कंट्रोल करते हुए नई तकनीकों में भारी निवेश कर रही हैं। यही वजह है कि केवल माइक्रोसॉफ्ट ही नहीं, बल्कि मेटा (Meta), अमेजन (Amazon) और कई अन्य बड़ी टेक कंपनियां भी लगातार कर्मचारियों की छंटनी कर रही हैं। मेटा (Meta) पहले ही अपने लगभग 10 प्रतिशत कर्मचारियों को कम करने की योजना का ऐलान कर चुकी है, जबकि अमेजन (Amazon) भी करीब 16,000 नौकरियां खत्म करने की तैयारी कर रहा है।

एक्सपर्ट का मानना है कि आने वाले सालों में AI टेक्नोलॉजी कई पारंपरिक नौकरियों की जगह ले सकती है। कंपनियां अब ज्यादा ऑटोमेशन, मशीन लर्निंग और AI आधारित सिस्टम पर ध्यान दे रही हैं। ऐसे में कई विभागों में कर्मचारियों की जरूरत पहले की तुलना में कम हो सकती है। हालांकि दूसरी ओर AI, साइबर सिक्योरिटी, क्लाउड कंप्यूटिंग और डेटा एनालिटिक्स जैसे सेक्टर में नई नौकरियों के अवसर भी तेजी से बढ़ रहे हैं।

माइक्रोसॉफ्ट की संभावित छंटनी इस बात का संकेत है कि दुनिया की सबसे मजबूत टेक कंपनियां भी बदलते समय के साथ खुद को ढालने के लिए कठिन फैसले लेने से पीछे नहीं हट रही हैं। आने वाले दिनों में कंपनी की आधिकारिक घोषणा के बाद यह साफ होगा कि किन विभागों और कितने कर्मचारियों पर इसका असर पड़ने वाला है। फिलहाल, पूरी टेक इंडस्ट्री की नजर माइक्रोसॉफ्ट के अगले कदम पर टिकी हुई है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN