Home LIFESTYLE NEWS HINDI हर बार बाल धोते हैं, लेकिन क्या सही तरीके से? ये इटालियन...

हर बार बाल धोते हैं, लेकिन क्या सही तरीके से? ये इटालियन फॉर्मूला जान लें

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अगर अच्छे शैंपू के बाद भी बाल रूखे और बेजान लगते हैं, तो शायद गलती बाल धोने के तरीके में है। जानें इटली में अपनाया जाने वाला आसान तरीका, जिससे बाल और सिर की त्वचा की बेहतर देखभाल की जा सकती है।

क्या आपने कभी सोचा है कि महंगे शैंपू और हेयर मास्क लगाने के बाद भी बाल वैसे नहीं दिखते, जैसे आप चाहते हैं? इसकी एक बड़ी वजह सिर्फ इस्तेमाल किए जाने वाले प्रोडक्ट्स नहीं, बल्कि बाल धोने का तरीका भी हो सकता है। इटली में बालों की देखभाल को सिर्फ एक रोजमर्रा का काम नहीं, बल्कि सेल्फ-केयर का हिस्सा माना जाता है। वहां बचपन से ही सही तरीके से बाल धोना सिखाया जाता है।

हेयर एक्सपर्ट वेलेंटीना वेत्रुग्नो के अनुसार, खूबसूरत और मजबूत बालों की शुरुआत सिर की स्वस्थ त्वचा से होती है। आइए जानते हैं वह आसान तरीका, जिसे अपनाकर आप भी अपने बालों की देखभाल पहले से बेहतर कर सकते हैं।

इटालियन तरीका क्या कहता है?

हेयर एक्सपर्ट का मानना है कि सिर्फ जल्दी-जल्दी शैंपू लगाकर धो लेना काफी नहीं है। अगर सिर की त्वचा अच्छी तरह साफ होगी, तभी बाल भी स्वस्थ और चमकदार रहेंगे। इसी सोच के आधार पर उन्होंने बाल धोने के चार आसान स्टेप्स बताए हैं।

1. पूरे सिर पर बराबर शैंपू लगाएं

ज्यादातर लोग शैंपू सिर्फ सिर के ऊपर वाले हिस्से पर लगा लेते हैं। लेकिन सही तरीका यह है कि शैंपू पूरे सिर पर बराबर पहुंचे। इसके लिए शैंपू को सिर के आगे, बीच, दोनों तरफ और पीछे वाले हिस्से पर लगाएं। इससे हर जगह अच्छी तरह सफाई हो पाती है।

2. उंगलियों के पोरों से हल्की मालिश करें

बाल धोते समय नाखूनों का इस्तेमाल करने से बचें। इसके बजाय उंगलियों के पोरों से हल्के गोल-गोल घुमाते हुए मालिश करें। इससे सिर की त्वचा में खून का बहाव बेहतर होता है और सफाई भी अच्छी तरह होगी। साथ ही यह कुछ मिनट खुद को आराम देने जैसा भी फील करवाएगा।

3. जरूरत हो तो दो बार शैंपू करें

अगर बालों में बहुत ज्यादा तेल, धूल या दूसरे प्रोडक्ट्स जमा हैं, तो एक बार शैंपू करना काफी नहीं होता। पहली बार थोड़ा ज्यादा शैंपू लेकर सफाई करें। दूसरी बार उससे कम मात्रा में शैंपू लेकर दोबारा धोएं। इससे सिर की त्वचा ज्यादा अच्छी तरह साफ हो जाती है।

4. जल्दबाजी ना करें

कई लोग शैंपू लगाते ही बाल तुरंत धो लेते हैं। लेकिन बेहतर होगा कि कुछ मिनट आराम से सिर की सफाई करें। इसके बाद पानी से अच्छी तरह धो लें, ताकि शैंपू का कोई हिस्सा बालों या सिर की त्वचा पर ना रह जाए।

ध्यान रखने वाली बातें

  • हमेशा अपने बालों के अनुसार शैंपू चुनें।
  • बहुत गर्म पानी से बाल ना धोएं।
  • बालों को जोर से रगड़ने से बचें।
  • शैंपू को अच्छी तरह बालों से निकालना जरूरी है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN