Home LIFESTYLE NEWS HINDI नानी के हाथों वाला स्वाद आएगा! सूजी की बर्फी 1 बार इस...

नानी के हाथों वाला स्वाद आएगा! सूजी की बर्फी 1 बार इस ट्रिक से जमाएं, मुंह में घुल जाएगी

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

सूजी की बर्फी हर किसी को पसंद होती है, लेकिन इसे बनाना थोड़ा मुश्किल होता है। कभी या तो ये जमती नहीं है, या फिर सख्त हो जाती है। ऐसे में दादी-नानी वाली ये टिप्स फॉलो कर के देखें, एकदम परफेक्ट सूजी की बर्फी बनेगी।

भारतीय घरों में मीठे में कुछ ना कुछ बनता ही रहता है। सर्दियों में लड्डू-पंजीरी खूब बनते हैं, तो वहीं गर्मियों में में बर्फी जमाई जाती है। खासकर सूजी की बर्फी हर किसी को खूब पसंद आती है। घर की दादी-नानी अक्सर बच्चों के लिए मीठे में सूजी की बर्फी जमाती हैं, जो मुंह में रखते ही घुल जाती है। हालांकि अक्सर लोगों की शिकायत रहती है कि उनकी बर्फी या तो ठीक से जमती नहीं है या फिर बहुत टाइट हो जाती है। फिर उसमें वो दादी-नानी के हाथों वाला स्वाद भी मिसिंग रहता है। दरअसल इसका राज सिर्फ सामग्री में नहीं, बल्कि चीजों की सही मात्रा और बनाने के तरीके में छिपा है। आज सूजी की बर्फी से जुड़ी कुछ ऐसी ही टिप्स हम आपके साथ साझा कर रहे हैं, जिन्हें एक बार जान लेंगे तो हर बार वही मुंह में घुल जाने वाली सूजी बर्फी बनकर तैयार होगी।

सूजी में कितना देसी घी डालकर भूनें?

सूजी की बर्फी बनाने का पहला स्टेप होता है, सूजी को अच्छी तरह घी में भूनना। हालांकि घी की मात्रा ध्यान रखना भी बहुत जरूरी है क्योंकि घी अगर कम रह जाए तो बर्फी सख्त जमती है, वहीं ज्यादा होने पर सेट नहीं हो पाती। इसलिए ये माप नोट कर लें। अगर आप डेढ़ कप के करीब सूजी ले रहे हैं, तो दो बड़े चम्मच देसी घी काफी रहेगा। आपको एक कढ़ाही में घी गर्म करना है और सूजी को लो फ्लेम पर तब तक भूनना है, जब तक इसका कलर हल्का गोल्डन ना हो जाए और सूजी से खुशबू ना आने लगे।

स्वाद की टिप: सूजी को भूनते हुए उसमें आप एक चम्मच इलायची पाउडर और थोड़े से खरबूजे के बीज मिला सकते हैं। इनसे बर्फी की खुशबू और स्वाद बढ़ जाता है। इन्हें मिलाने के बाद सूजी को 1-2 मिनट के लिए और भून लें।

चाशनी का माप और तरीका नोट कर लें

बर्फ बनाने में सबसे ज्यादा गलती चाशनी को ले कर ही होती है। चाशनी अगर ज्यादा पतली हो गई तो बर्फी सेट नहीं होती, वहीं गाढ़ी होने पर बर्फी का टेक्चर खराब हो जाता है। इसलिए नोट कर लें कि आप जितनी सूजी ले रहे हैं, लगभग इतनी ही चीनी का इस्तेमाल करें। उदाहरण के लिए अगर डेढ़ कप सूजी है, तो एक कढ़ाही में डेढ़ कप चीनी लें और उसमें सिर्फ 2-3 बड़े चम्मच पानी डालें। इसे पकने दें और एक तार की चाशनी बनाकर तैयार कर लें।

काम की टिप: चाशनी बनने के बाद गैस की फ्लेम बंद करें और 5 मिनट के लिए इसे चलाते रहें, ताकि चाशनी जमना शुरू ना हो। इससे ये हल्की ठंडी भी हो जाएगी।

बर्फी में मावा मिलाने का सही तरीका जानें

चाशनी हल्की ठंडी होने के बाद उसमें आप मावा एड कर सकते हैं। डेढ़ कप सूजी के हिसाब से 3/4 कप मावा/ खोया परफेक्ट रहेगा। चाशनी में मावे को अच्छी तरह से मिक्स कर लें, ताकि किसी तरह की कोई गुठलियां ना रहें। फिर इसमें भूनकर रखी हुई सूजी का मिक्सचर एड करें और सभी चीजों को चलाते हुए आपस में अच्छी तरह मिक्स कर लें। फिर एक थाली पर थोड़ा सा देसी घी लगाकर ग्रीस कर लें और सारे मिक्सचर को उसमें फैला लें।

कितनी देर में जमती है सूजी की बर्फी?

बर्फी को ठीक से जमने के लिए 2-3 घंटे आराम से छोड़ दें। ये अच्छे से सेट हो जाएगी। फिर आप इसे अपने मनपसंद शेप और साइज में काट सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN