Source :- LIVE HINDUSTAN
बाजार में ब्रेड कई तरह की मिलती है। लेकिन फिटनेस फ्रीक लोग रोजाना में आटा ब्रेड खाना पसंद करते हैं। यहां हम बाजार जैसी आटा ब्रेड घर पर बनाने का तरीका बता रहे हैं। इस आसान तरीके से ब्रेड बिल्कुल सॉफ्ट और स्पंजी बनेगी।
नाश्ते में ज्यादातर घरों पर ब्रेड से बनी चीजों को तैयार किया जाता है। ब्रेड से सैंडविच, रोल और टोस्ट तैयार किए जाते हैं। बाजार में कई तरह की ब्रेड मिलती हैं, लेकिन फिटनेस फ्रीक लोग ब्राउन ब्रेड यानी आटे से बनी ब्रेड को चुनते हैं। अगर आप चाहें तो बिल्कुल प्योर तरीके से इस ब्रेड को घर पर तैयार कर सकते हैं। यहां सीखिए घर पर आटा ब्रेड बनाने का तरीका।
आटा ब्रेड बनाने की सामग्री
– 3 कप गेहूं का आटा
– 2 बड़े चम्मच चीनी
– स्वादानुसार नमक
– 2 बड़े चम्मच तेल
– 2 छोटे चम्मच ड्राई यीस्ट
– 1 से 1/4 कप गुनगुना पानी
आटा ब्रेड बनाने का तरीका
घर पर आटा ब्रेड बनाने के लिए एक कटोरे में 1 कप गुनगुना पानी लें और उसमें चीनी मिलाएं। चीनी घुलने के बाद, यीस्ट डालें। इसे मिलाएं और ढक दें। फिर 10-15 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें। 10 मिनट बाद, यीस्ट में झाग आ जाने पर यह इस्तेमाल के लिए तैयार हो जाएगा। अब एक बड़े मिक्सिंग बाउल में गेहूं का आटा लें, उसमें नमक और तेल मिलाएं। अच्छी तरह मिलाएं और यीस्ट वाला मिक्स डालना शुरू करें। अगर आटा सख्त लगे, तो थोड़ा और पानी डालें। ध्यान रखें कि आटा नरम होना चाहिए। गूंथने के बाद यह चिकना हो जाएगा। आटे को कम से कम 15 मिनट तक अच्छी तरह गूंथें। फिर क्लिंग रैप या गीले कपड़े से आटे को ढक दें और लगभग 1 घंटे के लिए या आकार में दोगुना होने तक फूलने दें। फिर इसे 2 मिनट के लिए दोबारा गूंथें। अब ब्रेड बनाने के सांचे पर तेल या मक्खन लगाएं। फिर आटे को आकार दें और टिन में रखें। इसे फिर से गीले कपड़े से ढक दें और 45 मिनट के लिए फूलने दें। इसके बाद, पहले से गरम ओवन में 180°C पर 35-40 मिनट तक बेक करें। पकने के बाद, ब्रेड को टिन से निकालें और उस पर चारों तरफ तेल या मक्खन लगाएं। जब लोफ पूरी तरह से ठंडा हो जाए तो स्लाइस करें।
टिप्स
- पहली बार आटे को दोगुना होने के लिए कम से कम 45 मिनट से 1 घंटा रखें, लेकिन 2 घंटे से ज्यादा नहीं।
- दूसरी बार फूलने के लिए आटे को लगभग 45 मिनट तक रखें।
- आटे को गूंथना जरूरी है, इसलिए इसे कम से कम 10-15 मिनट तक अच्छी तरह गूंथें।
- इंस्टेंट यीस्ट को सीधे आटे में मिलाया जा सकता है।
- आटा थोड़ा चिपचिपा हो तो ठीक है।
रेसिपी क्रेडिट- (monikablends)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



