Source :- LIVE HINDUSTAN
पाकिस्तानी कब्जे से आजाद होने की तड़प को बयां करते हुए JAAC नेता ने दोनों देशों के बीच की सीमा को ही खत्म करने की बात कह दी। अमन खान ने दोटूक कहा कि वे अब पाकिस्तान की मर्जी से नहीं चलेंगे।
पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में हालात पूरी तरह बेकाबू हो चुके हैं। सरकार की बर्बरता और 600 से ज्यादा सामाजिक कार्यकर्ताओं की सामूहिक गिरफ्तारी के बाद पूरे इलाके में पाकिस्तान के खिलाफ विद्रोह छिड़ गया है। आंदोलन के सबसे बड़े चेहरे शौकत नवाज मीर को नजरबंद किए जाने से नाराज ‘जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी’ (JAAC) ने अब सीधे इस्लामाबाद को चुनौती दे दी है। इस बीच, आंदोलनकारी नेताओं ने भारत की तरफ हाथ बढ़ाते हुए कश्मीर के इस पार से मदद की गुहार लगाई है। नेताओं का कहना है, “गुलाम उनके काबू में हैं और हमारे बादशाह कैद में हैं।”
“राशन-दवाइयां खत्म, बॉर्डर पार के भाई हमारी मदद करें”
सोशल मीडिया पर इस वक्त जम्मू-कश्मीर जेएएसी के मुख्य सदस्य सरदार अमन खान का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वे पाकिस्तानी हुकूमत के जुल्म, आटे-राशन की भारी किल्लत और बदहाली का रोना रोते हुए सीधे जम्मू-कश्मीर के लोगों को आवाज लगा रहे हैं।
भरी भीड़ के सामने गरजते हुए सरदार अमन ने कहा, “मैं मेंढर, पुंछ, राजौरी और डोडा के लोगों से अपील करता हूं। हमारे इस हिस्से में राशन और दवाइयों की भारी कमी हो गई है। हमें आपकी मदद चाहिए, प्लीज हमारी मदद के लिए आगे आइए।”
‘हम LoC को खत्म करना चाहते हैं’
पाकिस्तानी कब्जे से आजाद होने की तड़प को बयां करते हुए जेएएसी नेता ने दोनों देशों के बीच की सीमा को ही खत्म करने की बात कह दी। उन्होंने बॉर्डर के उस पार (भारतीय हिस्से में) रहने वाले लोगों को संदेश देते हुए कहा कि हम इस सीजफायर लाइन को हमेशा के लिए मिटाना चाहते हैं और इसके लिए हमें आपका साथ चाहिए।
अमन खान ने पाकिस्तानी हुक्मरानों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे स्थानीय लोगों को कमजोर समझने की भूल न करें। उन्होंने कहा, “अगर किसी को लगता है कि हम कमजोर हैं या कहीं फंस गए हैं, तो वे गलतफहमी में हैं। खुदा ने चाहा तो हम सबको रास्ता दिखा देंगे कि मंजिल कहां है।”
“क्या हमें LoC की तरफ बढ़ना चाहिए?” और गूंज उठा ‘हां!’
एक अन्य वायरल वीडियो में सुरक्षा घेरे को ठेंगा दिखाते हुए अमन खान ने वहां मौजूद हजारों प्रदर्शनकारियों से पूछा, “क्या हमें सीजफायर लाइन (LoC) की तरफ बढ़ना चाहिए या नहीं? जोर से बताओ, क्या हम आगे बढ़ें?” इस पर पूरी भीड़ ने एक सुर में नारा लगाया- “हां!”
शांतिपूर्ण प्रदर्शनों पर पाकिस्तानी पुलिस की हिंसक कार्रवाई से नाराज जेएएसी नेता ने साफ कहा कि अब वे चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “अगर हमारे राजनीतिक और शांतिपूर्ण रुख के जवाब में गोलियां चलाई गईं, तो हमारे पास भी दूसरे रास्ते खुले हैं। फिर कल को कोई रोना मत रोना और पछताना मत।”
एक महीने से जुल्म सह रहा है पीओके
अमन खान ने दोटूक कहा कि वे अब पाकिस्तान की मर्जी से नहीं चलेंगे। अगर वहां से वफादारी मिलेगी तो इधर से भी वफादारी मिलेगी, लेकिन अगर वहां से क्रूरता दिखाई गई तो यहां के लोग भी ईंट का जवाब पत्थर से देंगे।
अपने एक ताजा वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि कश्मीर (PoJK) को इस तरह के दबाव और जुल्म को झेलते हुए करीब एक महीना हो चुका है। उन्होंने श्रीनगर, बारामूला, पुंछ, मेंढर, राजौरी, जम्मू, लद्दाख, करगिल और गिलगित-बाल्टिस्तान समेत पूरे राज्य के लोगों से एकजुट होने और इस तानाशाही के खिलाफ खड़े होने की अपील की है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




