Source :- LIVE HINDUSTAN
सफेद बालों से परेशान हो चुके हैं और बालों को नेचुरल ब्लैक कलर देना है। तो आप हिना मेहंदी में 2 चीजें मिलाकर बालों में लगाएं। इससे आपके बाल नेचुरल तरीके से काले हो जाएंगे और शाइन भी आएगी।
आजकल के खान-पान और केमिकल वाले शैंपू की वजह से लोगों के कम समय में ही बाल सफेद हो रहे हैं। ऐसे में फिर बालों में कलर करवाने या डाई लगाने का ऑप्शन ही सभी को आसान लगता है। डाई या कलर करवाने में नुकसान ये है कि ये ज्यादा दिनों तक बालों पर टिकता नहीं है। 10-15 दिनों बाद बाल फिर से सफेद दिखने लगते हैं और एक बार डाई लगाने से बाल ज्यादा सफेद निकलते हैं। अब ऐसे में सवाल उठता है कि अगर हिना मेहंदी लगाते हैं, तो बाल लाल हो जाएंगे, तो फिर क्या लगाना सही रहेगा?
सफेद बालों को काला करने के लिए अगर आप नेचुरल चीजें खोज रहे हैं, तो हिना मेहंदी में 2 चीजें मिलाकर लगा लें। हिना मेहंदी को ऐसे ही घोलकर लगाएंगे तो बालों का रंग लाल हो जाएगा लेकिन बताई हुई 2 चीजों को मिलाते हैं, तो आपके बाल नेचुरल ब्लैक हो जाएंगे। अगर आपके बाल सफेद हो रहे हैं, तो वह आगे नहीं होंगे। यूट्यूबर पूनम देवनानी ने वीडियो में इस होममेड हेयर डाई को बनाने का सिंपल तरीका बताया है। उनका कहना है कि इसे उन्होंने खुद लगाकर देखा है और आजमाया है कि इससे बाल डाई की तरह ही काले हो जाते हैं।
2 चीजों वाला हेयर पैक कैसे बनेगा
सबसे पहले आपको लोहे की कड़ाही लेनी है और उसमें डेढ़ कप पानी डालकर गरम करना है। पूनम देवनानी ने बताया कि अगर मेल के बालों में लगा रहे हैं, तो आधा कप पानी लें और फीमेल हैं, तो 1-डेढ़ कप पानी लगेगा। पानी गरम करते हुए इसमें 2 चम्मच कॉफी पाउडर मिक्स करें और घोल तैयार करें।
हिना मेहंदी हेयर मास्क
जब कॉफी घुल जाए तब इसमें 4 चम्मच हरी वाली हिना मेहंदी डाल दीजिए और घोल को लगातार चलाते रहें। इसके बाद आपको 2-3 चम्मच आंवला पाउडर इसी घोल में डालकर मिलाना है, फिर गैस को बंद कर दें। इस हेयर मास्क को आप रातभर रख दें या फिर करीब 3-4 घंटे के लिए छोड़ दें। जब आप लोहे की कड़ाही में हिना मेहंदी, कॉफी पाउडर और आंवला पाउडर डालकर घोल बनाएंगे तो आपके बाल काले ही होंगे। ये सभी चीजें बालों को नेचुरल ब्लैक कलर देंगी और साथ ही कड़ाही से लोहे का तत्व भी लेंगे। अगर मेहंदी लगाने से आपके बाल ड्राई हो जाते हैं, तो 2-3 चम्मच दही या फिर आधा नींबू का रस इस घोल में निचोड़कर मिक्स करें।
लगाने का तरीका भी है सरल
अगर पैक ज्यादा गाढ़ा बन जाए तो गुनगुना पानी मिला दें और पतला हो तो हिना पाउडर या फिर कॉफी मिलाकर थिक कर लें। इस हेयर मास्क को साफ बालों पर ही लगाना है, तो अब आप ब्रश या फिर हाथ पर पन्नी-ग्लव्स पहनकर बालों पर लगाएं। करीब आधे घंटे के लिए इसे सूखने के लिए छोड़ दें और फिर साधारण पानी से धो लें। उस दिन शैंपू और कंडीशनर न करें, बालों को सिर्फ पानी से धोकर छोड़ दें। रात में ऑयलिंग करें और फिर अगले दिन शैंपू से बालों को धो लें। ऐसा करने से आपको बढ़िया रिजल्ट मिलेगा और आपके सफेद बाल काले हो जाएंगे।
इन बातों का रखें ध्यान
हिना मेहंदी और कॉफी वाला ये हेयर मास्क परमानेंट हेयर कलर नहीं है। इसे आप बालों की जरूरत के हिसाब से लगा सकते हैं। आप 10 दिन या 15 में भी लगा सकते हैं या फिर महीने में सिर्फ एक बार लगाएं। केमिकल वाली डाई की जगह ये मास्क नेचुरल चीजों से बना है, तो बालों को कोई और नुकसान नहीं पहुंचेगा। इसमें मौजूद आंवला पाउडर-नींबू का रस आपके बालों को मुलायम भी बनाएगा और चमकदार भी। तो आप इसे लगाकर देखें, अगर मास्क लगाते समय किसी तरह की खुजली होती है, तो फौरन धो लें। सेंसिटिव स्किन या स्कैल्प होने पर खुजली हो सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



