Home World News hindi PoK में पाकिस्तान के खिलाफ उबाल, प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग, एक की मौत...

PoK में पाकिस्तान के खिलाफ उबाल, प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग, एक की मौत के बाद बढ़ा बवाल

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

पीओके में रविवार को पाकिस्तान विरोधी प्रदर्शनों ने हिंसक रूप ले लिया। सुरक्षा बलों द्वारा प्रदर्शनकारियों पर फायरिंग में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई घायल हो गए। हजारों लोग घेराबंदी हटाने, इंटरनेट बहाल करने, खाने-दवाओं की आपूर्ति और गिरफ्तार नेताओं की रिहाई की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए है।

पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में रविवार को पाकिस्तान विरोधी प्रदर्शनों का उबाल जारी रहा। हजारों प्रदर्शनकारियों ने कथित घेराबंदी हटाने, संचार सेवाओं की बहाली, भोजन-दवाओं की निर्बाध आपूर्ति, गिरफ्तार नेताओं की रिहाई और 38 सूत्री समझौते के क्रियान्वयन की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनों के दौरान अनब इलाके में हिंसा भड़क उठी। पुलिस और रेंजर्स ने प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले दागे और गोलीबारी की। इस घटना में मोहम्मद याकूब नामक एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। रिपोर्ट के अनुसार, गोलीबारी और आंसू गैस के इस्तेमाल में चार युवक भी घायल हुए हैं।

बता दें कि ये प्रदर्शन जम्मू कश्मीर संयुक्त अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) के आह्वान पर आयोजित किए गए। मुजफ्फराबाद, रावलकोट, मीरपुर, डड्याल, डेराकोट, जीरो प्वाइंट, टियाट्री नोट और सरोजा समेत कई इलाकों में बड़ी संख्या में लोग जमा हुए। प्रदर्शनकारियों ने एक्शन कमेटी के नेता शौकत नवाज मीर समेत सभी बंदियों की तुरंत रिहाई, मारे गए लोगों के शव उनके परिजनों को सौंपने और 38 सूत्री समझौते को बिना देरी के लागू करने की मांग की है।

डड्याल में प्रदर्शनकारियों का जोरदार प्रदर्शन

रिपोर्ट के अनुसार, डड्याल में प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा बलों को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। बड़ी संख्या में लोग इलाके पर काबिज हो गए। अभी तक पाकिस्तानी प्रशासन या सुरक्षा एजेंसियों ने हताहतों या प्रदर्शनकारियों के आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। लेकिन इलाके में तनाव बढ़ गया है। इस बीच सरकार हर भारी संख्या में पलिस बल तैनात कर दिया है।

बता दें कि 3 और 4 जुलाई से PoK में पाकिस्तान विरोधी प्रदर्शन तेज हो गए है। JAAC के नेतृत्व में चल रहे इन आंदोलनों ने पाकिस्तानी प्रशासन के खिलाफ सप्ताहों से जारी नागरिक असंतोष को नया रूप दिया। आतंकवाद विरोधी कानून के तहत JAAC पर प्रतिबंध लगाए जाने के बाद सुरक्षा बलों ने बड़े पैमाने पर छापेमारी की। शौकत नवाज मीर सहित 600 से अधिक कार्यकर्ताओं और नेताओं को गिरफ्तार किया गया।

क्या है प्रदर्शनकारियों का आरोप?

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पाकिस्तानी अधिकारियों ने कृत्रिम आर्थिक नाकाबंदी लगा रखी है, जिससे खाने-पीने की चीजों और दवाओं की कमी हो गई है। सूचना रोकने के लिए कई जिलों में इंटरनेट और संचार सेवाएं ठप कर दी गई हैं। स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है। फिलहाल इलाके में भारी संख्या में जवानों को तैनात कर दिया गया, ताकि किसी आपात परिस्थिति से निपटा जा सके।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN