Source :- LIVE HINDUSTAN
नोवाक जोकोविच ने कनाडा के फेलिक्स ऑगर-अलियासिम को पांच घंटे 15 मिनट तक चले मुकाबले में हराकर विंबलडन सेमीफाइनल में जगह बना ली है। जहां उनका सामना इटली के स्टार सिनर होने वाला है।
सात बार के विंबलडन चैंपियन नोवाक जोकोविच ने एक बार दुनिया को बताया कि वह टेनिस के सबसे महान प्रतिस्पर्धियों में से क्यों गिने जाते हैं। नोवाक ने मंगलवार को विंबलडन के इतिहास के सबसे लंबे पुरुष एकल क्वार्टर फाइनल मुकाबले में कनाडा के फेलिक्स ऑगर-अलियासिम को हराया। इसके साथ ही उन्होंने सेमीफाइनल में जगह बना ली है, जहां उनकी टक्कर दुनिया के नंबर वन खिलाड़ी और इटली के स्टार सिनर से होगी। 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैम्पियन ने क्वार्टर फाइनल में फेलिक्स को पांच घंटे 15 मिनट तक चले मुकाबले में 7-6 (10), 3-6, 6-3, 6-7 (4), 7-6 (4) से मात दी। इसके साथ ही ऑल इंग्लैंड क्लब में सबसे लंबे क्वार्टर फाइनल का पिछला रिकॉर्ड भी टूट गया। यह विम्बलडन में उनकी 107वीं मैच जीत थी।
लगातार 8वीं बार सेमीफाइनल में
टेनिस जगत के दो दिग्गज यानिक सिनर और नोवाक जोकोविच लगातार दूसरे साल विंबलडन 2026 के पुरुष एकल के सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगे। सेंटर कोर्ट पर दो स्टार के बीच होने वाले मुकाबले से यह तय होगा कि रविवार (12 जुलाई) को चैंपियनशिप का खिताबी मुकाबला कौन खेलेगा। 39 साल के सर्बियाई स्टार ने विंबलडन के पुरुष एकल में लगातार आठवीं बार सेमीफाइनल पहुंचकर नया रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने इस उपलब्धि से रोजर फेडरर को पीछे छोड़ दिया।
दुनिया के नंबर वन खिलाड़ी और इटली के स्टार सिनर ने मंगलवार को अपने क्वार्टर-फ़ाइनल मैच में जर्मनी के जान-लेनार्ड स्ट्रफ़ को सीधे सेटों में हराया, जबकि जोकोविच ने अंतिम आठ के मुक़ाबले में तीसरे सीड फेलिक्स ऑगर-एलियासिमे को पांच सेटों और पांच घंटे चले रोमांचक मैच में हराया।
हेड-टू-हेड में कौन आगे?
मौजूदा चैंपियन और सात बार के विंबलडन विजेता चार साल में तीसरी बार चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में आमने-सामने हो रहे हैं। इस साल के सेमीफाइनल मुकाबले से पहले, दोनों ने एक-एक बार जीत हासिल की है। हेड-टू-हेड रिकॉर्ड में सिनर, जोकोविच से छह-पांच से आगे हैं, हालांकि पिछली बार जब वे मिले थे तो जीत जोकोविच की हुई थी। वह मुकाबला भी इस साल ऑस्ट्रेलियन ओपन के ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में हुआ था, जिसमें सर्बियाई खिलाड़ी ने पांच सेटों में जीत हासिल की थी।
इससे पहले सातवीं सीड सर्बिया के नोवाक जोकोविच ने क्वालीफायर रोमन सफीउलिन को चार सेटों में रविवार को 7-6, 6-3, 3-6, 6-3 से हराकर क्वार्टरफाइनल में पहुंचने के साथ विम्बलडन में ग्रास कोर्ट मास्टर रोजर फेडरर का ग्रास-कोर्ट मेजर में सर्वाधिक पुरुष एकल मैच जीतने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैम्पियन 39 वर्षीय जोकोविच अब विंबलडन में 106 एकल जीत के साथ, पुरुषों के बीच सर्वकालिक रिकॉर्ड के मामले में फेडरर से आगे निकल गए हैं, पूर्व डब्ल्यूटीए नंबर 1 मार्टिना नवरातिलोवा (120) एकमात्र खिलाड़ी हैं जिन्होंने इससे अधिक जीत हासिल की हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




