Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, https://dehri.municipalcouncil.net/
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 6 मिनट
बिहार के डेहरी डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (एग्ज़ीक्यूटिव ऑफ़िसर-ईओ) विमल कुमार की शनिवार देर रात औरंगाबाद ज़िले में हत्या कर दी गई. डालमियानगर रोहतास ज़िले में आता है.
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक़, विमल कुमार रोहतास ज़िले के डेहरी-ऑन-सोन से पटना जा रहे थे. इसी दौरान सुनसान इलाके में अज्ञात हथियारबंद अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया.
बताया जा रहा है कि वो बारुण नहर रोड के रास्ते पटना जा रहे थे, तभी अपराधियों ने उनकी गाड़ी रोक ली और लोहे की रॉड और अन्य धारदार हथियारों से हमला किया जिससे वो गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
विमल कुमार की पत्नी ने स्थानीय विधायक पर हत्या का आरोप लगाया है. वही विपक्षी दल आरजेडी ने भी इस मामले को लेकर राज्य में शासन व्यवस्था के बिगड़ने का आरोप लगाया है.
हालांकि, बिहार पुलिस ने हत्या के मामले को सुलझा लेने का दावा किया है.
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पटना में दानापुर के गोला रोड स्थित घर पर जब शव पहुंचा तो नगर निकाय कर्मचारियों ने विरोध प्रदर्शन किया.
इस घटना से बिहार के नगर निकाय अधिकारियों में भारी नाराज़गी है. राज्य के अलग-अलग शहरी निकायों के कार्यपालक पदाधिकारी, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में गोला रोड पहुंच कर विरोध प्रदर्शन करने लगे.
उन्होंने आरोप लगाया कि बीते तीन महीने में दो अधिकारियों की हत्या हो गई. उन्होंने हाथों में प्लेकार्ड भी ले रखे थे जिस पर लिखा था- “मुख्यमंत्री जवाब दो.”
अब तक क्या पता है?
इमेज स्रोत, @airnews_patna
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे, हालांकि हमलावरों की पहचान और हत्या के कारण का अभी तक पता नहीं चल पाया है.
सूचना मिलने के बाद रोहतास के ज़िलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, रोहतास के पुलिस अधीक्षक रोशन कुमार और औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक उपेंद्र नाथ वर्मा जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे.
रोहतास ज़िलाधिकारी दीपक मिश्रा ने मीडिया से कहा, “रोहतास और औरंगाबाद पुलिस मिलकर मामले की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद घटना के बारे में और जानकारी मिल सकेगी. मृतक गया ज़िले के रहने वाले थे.”
उन्होंने पत्रकारों को बताया, “करीब रात 10:30 बजे हमें जानकारी मिली कि वे घायल हो गए हैं. सूचना मिलते ही उन्हें अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद जांच और पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की गई. पंचनामा के बाद सदर अस्पताल में मेडिकल बोर्ड बनाया गया और वीडियो रिकॉर्डिंग के साथ पोस्टमार्टम कराया गया. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.”
सासाराम के सिविल सर्जन डॉ. मनिराज राजन ने पत्रकारों को बताया, “हमारे पास 12.14 बजे रात में शव आया था. शव पर चाकू का निशान है लेकिन पोस्टमार्टम में पता चलेगा कि घाव किस तरह का है.”
इमेज स्रोत, Social Media
पत्नी ने लगाए विधायक पर आरोप
विमल कुमार की पत्नी बबिता कुमारी का एक वीडियो सामने आया है जिसमें उन्होंने डेहरी के विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
उन्होंने कहा, “विधायक रोज़ फ़ोन करता था, रोज़ तंग करता था. उन्होंने कहा था कि 29 तारीख़ को मिलने जाएंगे, हमने कहा था कि कुछ बोलियेगा नहीं. उन्होंने भी कहा था- कुछ नहीं बोलेंगे.”
बबिता कुमारी ने कहा, “विधायक रोज़ फ़ोन करके अपने घर बुलाता था. कहता था आईए हमारे घर मिलने, हमें 50 लाख-25 लाख रुपये दीजिए. इन्होंने कहा- हम ग़लत नहीं करते हैं, हम कहां से देंगे.”
परिजनों ने ड्राइवर पर संदेह जताया है और नार्को टेस्ट कराए जाने की मांग की है.
डेहरी विधायक ने इस बारे में अब तक कोई बयान नहीं दिया है. डेहरी से एलजेपी (रामविलास) के राजीव रंजन सिंह उर्फ़ सोनू सिंह विधायक हैं.
आईजी का दावा- ड्राइवर ने की हत्या

मगध के आईजी विकास वैभव ने बताया है कि वाद-विवाद के कारण कार्यपालक पदाधिकारी के चालक ने ही लोहे की रॉड से हमला कर हत्या की बात स्वीकार की है.
आईजी विकास वैभव ने कहा, “ईओ अपनी गाड़ी से पटना की ओर जा रहे थे. उसी दौरान उनके ड्राइवर ने पुलिस को बताया कि अज्ञात लोगों ने मारपीट करके घायल कर दिया और अस्पताल ले जाने के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. जब ड्राइवर से पूछताछ की गई तो उसके बयान बदल रहे थे. शक के आधार पर जांच की गई. पहले बताया गया कि दो अपाचे बाइक पर लोग आए थे. बाद में कहा कि एक अपाचे बाइक पर लोग आए थे.”
“शक के आधार पर जब पुलिस ने पूछताछ की तो ड्राइवर ने स्वीकार किया कि उसने खुद हत्या की है. इसके पीछे उसने लंबे समय से अत्यधिक ड्यूटी करने की वजह से तनावग्रस्त होना बताया. समय समय पर उनके बीच बहस होती रहती थी.”
“उसने यह भी बताया कि कल (शनिवार) दिन में भी काफ़ी बहस हुई थी और जब रात में वो साथ में यात्रा कर रहे थे और किसी बात पर फिर बहस हुई जिसके बाद उसने गाड़ी के पीछे रखी रॉड निकाल कर उन पर हमला किया और फिर रॉड को पास की नहर में फेंक दिया. ऐसा उसने बताया है.”
आईजी ने बताया कि इस घटना के बाद ड्राइवर ने अपने किसी स्टाफ़ को फ़ोन किया जहां से पुलिस को पता चला, घटना के बाद अभियुक्त ड्राइवर ने पुलिस को गुमराह करने के लिए ग़लत सूचना दी थी.
उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और फ़ॉरेंसिक टीम ने भी सबूतों को इकट्ठा किया है.
आईजी ने कहा, “पुलिस सभी बिंदुओं का सत्यापन करने के बाद ही अंतिम नतीजे के रूप में कोई बात कह सकती है.”
प्रदेश के कार्यपालक अधिकारी हड़ताल पर
इमेज स्रोत, ANI
समाचार एजेंसी यूनीवार्ता के अनुसार, विमल कुमार की हत्या के विरोध और सुरक्षा की मांग को लेकर बिहार नगर सेवा पदाधिकारी संघ की अपील पर प्रदेश भर के सभी कार्यपालक पदाधिकारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं.
संघ के सचिव अरविंद सिंह ने कहा कि पटना जाते समय रास्ते में हुई विमल कुमार की हत्या से सभी पदाधिकारी आक्रोशित हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि “पहले सुल्तानगंज नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की हत्या के बाद सुरक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई व्यवस्था नहीं की गई. संघ ने सभी कार्यपालक पदाधिकारियों को सुरक्षा गार्ड उपलब्ध कराने और अन्य मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रखने की बात कही है.”
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने एक्स पर बयान जारी कर कहा है, “सम्राट चौधरी सरकार में अपराधियों का दुःसाहस सातवें आसमान पर! कार्यपालक पदाधिकारी, डेहरी (रोहतास) विमल कुमार की बेरहमी से हत्या! देर रात डेहरी से पटना लौटने के क्रम में धनौती पुल और लख डिहरा के बीच बदमाशों ने चाकू मार कर की हत्या! सम्राट राज में हर आम बिहारवासी असुरक्षित!”
हालांकि, अब तक बिहार सरकार या सत्तारुढ़ बीजेपी-जेडीयू गठबंधन में से किसी भी दल ने इस पर प्रतिक्रिया नहीं दी है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
SOURCE : BBC NEWS




