Home LIFESTYLE NEWS HINDI खीर में आ रही जली हुई महक? फेंके नहीं, ये 1 काम...

खीर में आ रही जली हुई महक? फेंके नहीं, ये 1 काम करें! दीप्ति कपूर ने बताया हैक

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

कई बार खीर बनाते हुए वो हल्की सी जल जाती है, जिससे पूरी खीर में अजीब से महक आने लगती है। इसे फेंकने की जरूरत नहीं है, क्योंकि दीप्ति कपूर के बताए इस हैक से आप खीर से जली हुई महक को काफी हद तक कम कर सकते हैं।

सावन में भगवान शिव को भोग लगाना हो या कुछ मीठा खाने का दिल करे, दूध वाली खीर फटाफट बन जाती है। हालांकि खीर बनाते हुए गैस पर ही खड़े रहना पड़ता है, क्योंकि जरा सी लापरवाही हुई नहीं कि खीर जल जाती है। ये जली हुई खीर बेकार ही जाती है और घर में कोई इसे खाने को तैयार नहीं होता। कई बार तो खीर सिर्फ हल्की सी लगती है, लेकिन दूध में इतनी अजीब सी महक आ जाती है कि खाने का मन नहीं करता। अब सवाल है कि ऐसे में क्या किया जाए? पूरी खीर फेंकने का तो मन नहीं करता, तो क्यों ना खीर को दोबारा से ठीक कर लिया जाए? जी हां, खीर में से जली हुई महक को आप आसानी से निकाल सकते हैं। बस इसके लिए आपको एक छोटा सा हैक फॉलो करना है। इंस्टाग्राम पर दीप्ति कपूर ने इसे शेयर किया है, आइए जानते हैं।

जली हुई खीर की महक को कैसे दूर करें? सीखें हैक

स्टेप 1- किसी दूसरे बर्तन निकाल लें खीर

जैसे ही लगे कि खीर जल गई है, उसे बिल्कुल भी ना चलाएं। ऊपर की साफ खीर को किसी दूसरे बर्तन में निकाल लें। नीचे बर्तन पर चिपकी हुई खीर को आपको बिल्कुल भी नहीं खुरचना है, वरना जला हुआ स्वाद पूरी खीर में फैल जाएगा।

स्टेप 2- खीर में सोक करें ब्रेड के टुकड़े

ब्रेड तो घर में रखी ही रहती है। इसका एक पीस आपकी जली हुई खीर को फिक्स कर सकता है। बस ब्रेड को चाकू की मदद से छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें, फिर इन्हें खीर में भिगोकर कुछ देर के रख दें। लगभग 20 मिनट बाद जब आप ब्रेड के टुकड़े बाहर निकालेंगे, खीर से जली हुई स्मेल काफी हद तक कम हो जाएगी। दरअसल ब्रेड एक स्पंज की तरह काम करता है और खीर से आने वाली जली हुई गंध को काफी हद तक सोक कर लेता है।

स्टेप 3- दूध और इलायची पाउडर का इस्तेमाल करें

कई बार खीर इतनी ज्यादा जल जाती है कि ब्रेड सोक करने के बाद भी हल्की-फुल्की महक बनी रहती है। ऐसे में आप खीर में थोड़ा सा दूध और इलायची पाउडर एड कर सकते हैं। इसके लिए एक बाउल में थोड़ा सा हल्का गर्म दूध लें और इसमें टेस्ट के हिसाब से चीनी मिलाकर घोल दें।

इस मिक्सचर को खीर में एड करें और अच्छे से पूरी खीर को मिक्स कर लें। ऊपर से आप थोड़ा सा इलायची पाउडर डाल सकती हैं। ऐसा करने से खीर की जली हुई स्मेल पूरी तरह निकल जाएगी और खीर का टेक्चर भी क्रीमी और रिच हो जाएगा।

कस्टर्ड में इस्तेमाल कर सकती हैं ये हैक

कई बार कस्टर्ड बनाते हुए भी दूध हल्का सा लग जाता है, जिससे पूरे कस्टर्ड में जली हुई महक आने लगती है। इसे फिक्स करने के लिए भी आप ये हैक फॉलो कर सकते हैं। जली हुई स्मेल काफी हद तक कम हो जाती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN