Home LIFESTYLE NEWS HINDI बच्चे को सिर्फ सरकारी टीके लगवा रहे हैं? डॉक्टर ने बताईं 4...

बच्चे को सिर्फ सरकारी टीके लगवा रहे हैं? डॉक्टर ने बताईं 4 वैक्सीन, जो हैं बहुत जरूरी!

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

बच्चे को समय से वैक्सीन लगवाना एक जरूरी और समझदारी भरा कदम है। यूं तो सरकारी वैक्सीन काफी इफेक्टिव होती हैं, लेकिन ये 4 टीके उनमें शामिल नहीं होते हैं। ऐसे में डॉक्टर की सलाह से आप बच्चे को ये वैक्सीन अलग से लगवा सकते हैं।

बच्चों की अच्छी सेहत के लिए सही समय पर वैक्सीनेशन कराना सबसे जरूरी कदमों में से एक है। कई पेरेंट्स यह सोचकर उलझन में रहते हैं कि बच्चे के लिए सरकारी अस्पताल में लगने वाली वैक्सीन ही काफी है या फिर कुछ वैक्सीन अलग से भी लगवानी चाहिए। डॉ. हनीश बजाज ने पेरेंट्स की इसी कन्फ्यूजन को दूर करने के लिए वैक्सीनेशन से जुड़ी कुछ जरूरी बातें साझा की हैं। वे कहते हैं कि बच्चों के लिए गवर्नमेंट की सभी वैक्सीन सेफ और इफेक्टिव होती हैं और सभी वैक्सीन लगवाना बहुत जरूरी है। लेकिन कुछ जरूरी वैक्सीन ऐसी भी हैं जो गवर्नमेंट वैक्सीनेशन का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन बच्चों के लिए जरूरी है। इसलिए इन वैक्सीन को बच्चों को अलग से डॉक्टर की सलाह लेकर लगवाना चाहिए। आइए जानते हैं डॉक्टर अनुसार किन वैक्सीन पर आपको खास ध्यान देना चाहिए और क्यों।

सरकारी वैक्सीन कभी भी मिस न करें

डॉ. हनीश बजाज के अनुसार सरकार की तरफ से जो भी वैक्सीन बच्चों को दी जाती हैं, वे पूरी तरह सेफ और इफेक्टिव होती हैं। इसलिए अगर आपका बच्चा गवर्नमेंट वैक्सीनेशन स्कीम के अकॉर्डिंग वैक्सीन लगवा रहा है, तो उसका पूरा शेड्यूल समय पर पूरा कराएं। किसी भी वैक्सीन को छोड़ने की गलती न करें, क्योंकि ये बच्चों को कई गंभीर बीमारियों से बचाने में मदद करती हैं।

9 महीने के आसपास टाइफाइड वैक्सीन जरूर लगवाएं

डॉक्टर बताते हैं कि टाइफाइड की वैक्सीन गवर्नमेंट वैक्सीनेशन स्कीम में शामिल नहीं है। इसलिए जब बच्चा करीब 9 महीने का हो जाए, तब अपने बच्चों के डॉक्टर से सलाह लेकर यह वैक्सीन जरूर लगवाएं। सही समय पर यह वैक्सीन लगवाने से बच्चे को टाइफाइड जैसी बीमारी से बचाने में मदद मिलती है।

1 साल की उम्र में हेपेटाइटिस ए वैक्सीन का रखें ध्यान

जब बच्चा करीब 1 साल का हो जाता है, तब डॉ. हनीश हेपेटाइटिस ए वैक्सीन लगवाने की सलाह देते हैं। उनके अनुसार बच्चों में पानी और साफ-सफाई से जुड़ी समस्याओं की वजह से पीलिया होने का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में डॉक्टर की सलाह के अनुसार यह वैक्सीन लगवाना बच्चों के लिए फायदेमंद माना जाता है।

15 महीने पर चिकन पॉक्स की वैक्सीन भी जरूरी

डॉक्टर के मुताबिक 15 महीने की उम्र के आसपास चिकन पॉक्स यानी वैरिसेला की वैक्सीन भी बच्चों को लगवानी चाहिए। यह भी गवर्नमेंट वैक्सीनेशन स्कीम में शामिल नहीं है। इसलिए समय आने पर अपने पीडियाट्रिशियन से सलाह लें और बच्चे का यह टीका भी लगवाएं।

किन बच्चों को लगवाएं फ्लू वैक्सीन

हर बच्चे के लिए फ्लू वैक्सीन की जरूरत एक जैसी नहीं होती। डॉ. हनीश बजाज बताते हैं कि अगर बच्चा समय से पहले जन्मा है, उसकी इम्यूनिटी कमजोर है या उसे बार-बार सर्दी, खांसी और इन्फेक्शन की समस्या होती रहती है, तो ऐसे बच्चों को डॉक्टर की सलाह के अनुसार हर साल फ्लू सीजन में फ्लू वैक्सीन लगवानी चाहिए।

नोट: यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।

(Image Credit- Pinterest)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN