Source :- LIVE HINDUSTAN
Bina Cooking wala Healthy Nashta: सुबह नाश्ता बनाने का समय नहीं मिलता? तो यह नो कुकिंग वाला आसान और पौष्टिक नाश्ता जरूर ट्राई करें। इसे रात में तैयार करें और सुबह ताजे फलों के साथ स्वाद लेकर खाएं।
क्या आपकी सुबह भी इतनी बिजी होती है कि नाश्ता बनाने का समय ही नहीं मिलता? ऐसे में अक्सर लोग खाली पेट घर से निकल जाते हैं या फिर कुछ हल्का-फुल्का खाकर काम चला लेते हैं। लेकिन दिन की अच्छी शुरुआत के लिए पेट भरने वाला और पौष्टिक नाश्ता बहुत जरूरी है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो यह आसान नाश्ता आपके बहुत काम आ सकता है।
इसे बनाने के लिए सुबह एक मिनट भी रसोई में खड़े रहने की जरूरत नहीं पड़ेगी। बस रात में थोड़ी-सी तैयारी करें और सुबह कुछ ही मिनटों में स्वादिष्ट, पेट भरने वाला और पोषण से भरपूर नाश्ता तैयार मिलेगा।
इस नाश्ते के लिए क्या-क्या चाहिए?
एक गिलास दूध
दो बड़े चम्मच चिया बीज
थोड़ा-सा मखाना
बादाम
काजू
किशमिश
कटा हुआ छुहारा
कुछ धागे केसर
अपनी पसंद के ताजे सीजनल फल
कैसे बनाएं?
सबसे पहले एक कटोरे में दूध डालें। अब इसमें चिया बीज, मखाना, बादाम, काजू, किशमिश, छुहारा और केसर डालकर अच्छी तरह मिला लें। इसे ढककर पूरी रात के लिए फ्रिज में रख दें। सुबह इसमें अपनी पसंद के कटे हुए फल डालें और स्वाद लेकर खाएं।
इस नाश्ते को खाने के फायदे
- लंबे समय तक पेट भरा रहता है: चिया सीड्स और ड्राई फ्रूट्स में अच्छी मात्रा में फाइबर और गुड फैट्स होते हैं, जिससे जल्दी भूख नहीं लगती।
- दिनभर एनर्जी बनाए रखने के लिए: दूध, मखाना और सूखे मेवे शरीर को लंबे समय तक एनर्जी देने में मदद करते हैं। इसलिए यह सुबह के लिए अच्छा ऑप्शन है।
- जल्दी और बिना मेहनत के तैयार: सुबह अलग से कुछ बनाने की जरूरत नहीं पड़ती। रात की थोड़ी-सी तैयारी आपका काफी समय बचा सकती है।
- पोषक तत्वों से भरपूर: इस नाश्ते में कई तरह के विटामिन, मिनरल्स और शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं, जो संतुलित आहार का हिस्सा बन सकते हैं।
- हर दिन नया स्वाद: आप अपनी पसंद के अनुसार इसमें आम, केला, सेब, अनार, पपीता या कोई भी सीजनल फल मिला सकते हैं। इससे स्वाद भी बदलता रहेगा और पोषण भी मिलेगा।
इन बातों का रखें ध्यान
- अगर दूध से परेशानी होती है, तो अपनी जरूरत के अनुसार दूसरा विकल्प चुन सकते हैं।
- सूखे मेवे अपनी पसंद और जरूरत के हिसाब से कम या ज्यादा डालें।
- अगर वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं, तो मात्रा का ध्यान रखें।
- हमेशा ताजे और साफ फलों का ही इस्तेमाल करें।
दिन की अच्छी शुरुआत के लिए! अगर आप सुबह का समय बचाना चाहते हैं और साथ ही पौष्टिक नाश्ता भी करना चाहते हैं, तो यह ‘नो कुकिंग’ वाला नाश्ता एक अच्छा विकल्प हो सकता है। रात में सिर्फ पांच मिनट की तैयारी आपको सुबह स्वादिष्ट, पेट भरने वाला और पोषण से भरपूर नाश्ता दे सकती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



