Home rss business hindi फ्लाइट के फ्यूल में भी एथनॉल मिलाएगी सरकार? केंद्रीय मंत्री ने बताई...

फ्लाइट के फ्यूल में भी एथनॉल मिलाएगी सरकार? केंद्रीय मंत्री ने बताई पूरी बात

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

विमान के ईंधन यानी एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) में एथनॉल मिलाने की खबरों को खारिज करते हुए सरकार ने इसे अफवाह करार दिया है। दरअसल, दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ATF में भी एथनॉल मिलाने की योजना बना रही है। हालांकि, अब सरकार की ओर से इसे सिरे से खारिज कर दिया गया है।

केंद्रीय मंत्री ने दी सफाई

केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू किंजरापु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा,”सरकार की ATF में एथनॉल मिलाने की योजना का दावा पूरी तरह से गलत और गैर-जिम्मेदाराना है। ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं है। एथनॉल और सस्टेनेबल एविएशन फ्यूल (SAF) पूरी तरह से अलग-अलग हैं और इन्हें एक-दूसरे से मिलाना नहीं चाहिए। SAF एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित एविएशन फ्यूल है। इस फ्यूल को इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गनाइजेशन (ICAO) ने मान्यता दी है और इसे दुनिया भर में अपनाया गया है।”

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि यह तमाम परीक्षणों से गुजरता है और सुरक्षा के कड़े वैश्विक मानकों को पूरा करता है। उन्होंने ये भी कहा कि हवाई सुरक्षा के बारे में गलत जानकारी फैलाने से हवाई यात्रियों में केवल बेवजह चिंता पैदा होती है। यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

अरविंद केजरीवाल का क्या था दावा

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक पोस्ट में लिखा, ”सूत्रों से पता चला है कि मोदी सरकार एविएशन टर्बाइन फ्यूल में एथनॉल मिलाने की योजना बना रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि इससे उड़ानों की सुरक्षा गंभीर रूप से प्रभावित हो सकती है।” इसके साथ ही उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि ई20 ईंधन व्यवस्था लागू करने के बाद सरकार पेट्रोल में एथनॉल की मात्रा बढ़ाकर 50 प्रतिशत से अधिक करने की योजना बना रही है।

उन्होंने कहा, ”ऐसा पता चल रहा है कि वे पेट्रोल में 50 प्रतिशत से अधिक एथनॉल मिलाने वाले हैं। वे बस माहौल शांत होने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने पहले आपकी ई0 और ई10 गाड़ियों में जबरन ई20 पेट्रोल डालकर कबाड़ा किया। आज अगर आप नया ई20 वाहन खरीदते हैं तो सरकार कुछ समय बाद उसमें जबरदस्ती ई50 पेट्रोल डालकर उसका कबाड़ा कर देगी।” ई20 पेट्रोल का अर्थ ऐसे ईंधन से है जिसमें 20 प्रतिशत एथनॉल और 80 प्रतिशत सामान्य पेट्रोल मिला होता है। केजरीवाल ने दावा किया कि सरकार जल्द ही डीजल में भी एथनॉल मिलाएगी।

उन्होंने लोगों से नए पेट्रोल और डीजल वाहन फिलहाल नहीं खरीदने की अपील की। केजरीवाल ने इस महीने की शुरुआत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर ई20 पेट्रोल लागू किए जाने पर चिंता जताई थी। उन्होंने पेट्रोल पंपों पर शुद्ध पेट्रोल और ई20 ईंधन, दोनों उपलब्ध कराए जाने तथा एथनॉल मिश्रित पेट्रोल की कीमत कम करने की मांग की थी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN