Home LIFESTYLE NEWS HINDI साबूदाना पहले से भिगोकर रखना भूल जाएं तो करें ये 1 काम,...

साबूदाना पहले से भिगोकर रखना भूल जाएं तो करें ये 1 काम, खिली-खिली बनेगी हर रेसिपी!

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

साबूदाना से कोई भी डिश बनानी हो, उसे पहले कई घंटों के लिए भिगोकर रखना पड़ता है। लेकिन कभी अगर आप साबूदाना भिगोकर रखना भूल जाएं, तो ये 1 ट्रिक फॉलो कर सकते हैं। साबूदाना अच्छे से फूल जाएगा और बिल्कुल खिला-खिला बनेगा।

सावन सोमवार के व्रत में ज्यादातर लोग साबूदाना से बनी फलाहारी डिशेज खाना पसंद करते हैं। मीठे में साबूदाना खीर बन जाती है, वहीं नमकीन में खिचड़ी, पराठे, डोसा और पूड़ी जैसी कई ऑप्शन होते हैं। हालांकि कुछ भी बनाने के लिए साबूदाना को पहले से भिगोकर रखना होता है। अगर साबूदाना थोड़ा मोटा है, तो इसे फूलने में आराम से 6-7 घंटे लग जाते हैं। ऐसे में अगर पहले से साबूदाना भिगोना भूल जाएं, तो फिर जल्दीबाजी में कोई दूसरी डिश ही बनानी पड़ जाती है। अक्सर लोग सवाल करते हैं कि क्या कोई ऐसा तरीका नहीं है, जिससे साबूदाना कम समय में फूलकर तैयार हो जाए? कोई ऐसा तरीका जिसमें साबूदाना को इतनी देर के लिए भिगोकर रखने की जरूरत ना पड़े? तो चलिए आज एक ऐसी ही ट्रिक हम आपके साथ शेयर कर रहे हैं।

कितने घंटे भिगोकर रखना पड़ता है साबूदाना?

साबूदाना से आप कोई भी डिश बना रहे हों, उसे पहले से भिगोकर रखना पड़ता है। अमूमन लोग एक रात पहले ही साबूदाना भिगोकर रख देते हैं, खासकर अगर मोटा वाला साबूदाना है तो। इसे कम से कम 6-7 घंटे भिगोकर रखना पड़ता है, तभी ये अच्छी तरह फूलकर सॉफ्ट होता है। लेकिन साबूदाना थोड़ा छोटा साइज वाला है, तो इसे 4-5 घंटे भिगोकर रखना काफी होता है। हालांकि कई बार लोग पहले से इसे भिगोकर रखना भूल जाते हैं, ऐसे में आप ये ट्रिक फॉलो कर सकते हैं।

कम समय में कैसे भिगोएं साबूदाना?

अगर आप पहले से साबुदाना भिगोकर रखना भूल गए हैं, तो ये तरीका फॉलो कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले साबूदाना को अच्छे से वॉश करना जरूरी है। इसे 2-3 बार साफ पानी से धोएं, ताकि सारी गंदगी और एकस्ट्रा स्टार्च निकल जाए। इससे साबूदाना एकदम खिला-खिला बनता है। अब एक पैन में उतना ही पानी गर्म करें, जितना आपने साबूदाना लिया है। उदाहरण के लिए अगर एक कप साबूदाना है, तो एक कप पानी ही गर्म होने रख दें।

पानी बहुत ज्यादा गर्म नहीं करना है। बस इतना गर्म हो कि आप उसे आराम से छू पाएं। ज्यादा गर्म पानी डालने से साबुदाना चिपचिपा बन सकता है। अब इस पानी में साबूदाना को ढककर 20-25 मिनट के लिए छोड़ दें। इसके बाद साबूदाना काफी पानी सोख लेगा, जो पानी बच जाए उसे निकाल दें और दोबारा साबूदाना को ढककर 20-25 मिनट के लिए रख दें। ये अच्छी तरह फूलकर तैयार हो जाएगा। अब आप इसे कोई भी डिश बनाने में इस्तेमाल कर सकते हैं।

ध्यान रखने वाली जरूरी बातें

जल्दीबाजी के चक्कर में साबूदाना को बहुत खौलते हुए या तेज गर्म पानी में भिगोकर ना रखें। इससे साबूदाना का टेक्चर और स्वाद दोनों खराब हो सकते हैं। इसके अलावा जरूरत से ज्यादा पानी में साबूदाना को भिगोकर रखने से भी इसकी बनावट खराब हो सकती है। इसलिए बताया गया सही माप और सही तरीका ही इस्तेमाल करें, ताकि साबूदाना एकदम खिला-खिला और परफेक्ट बने।

(Credit- @ANYBODY CAN COOK WITH ARCHANA, Pinterest)

SOURCE : LIVE HINDUSTAN