Home rss business hindi जूते-चप्पल बनाने वाली कंपनी बांटेगी डिविडेंड, हर शेयर पर मिलेंगे इतने रुपये

जूते-चप्पल बनाने वाली कंपनी बांटेगी डिविडेंड, हर शेयर पर मिलेंगे इतने रुपये

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Bata india share price: जूते-चप्पल बनाने वाली प्रमुख कंपनी बाटा इंडिया ने जून तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। चालू वित्त वर्ष 2026-27 की जून तिमाही में कंपनी का मुनाफा 23 प्रतिशत बढ़कर 63.98 करोड़ रुपये रहा है। बाटा इंडिया ने पिछले वित्त वर्ष की पहली (अप्रैल-जून) तिमाही में 52 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया था। इसके साथ ही कंपनी ने अपने निवेशकों को डिविडेंड देने का भी ऐलान किया है।

क्या कहा कंपनी ने?

बाटा इंडिया ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की जून तिमाही में उसकी आय चार प्रतिशत बढ़कर 978.95 करोड़ रुपये हो गई। आय में यह बढ़ोतरी प्रीमियम उत्पादों की बिक्री और मात्रा बढ़ोतरी के बल पर हुई। कंपनी का कुल खर्च तिमाही के दौरान सालाना आधार पर तीन प्रतिशत बढ़कर 911.08 करोड़ रुपये रहा।

डिविडेंड का ऐलान

बाटा इंडिया के निदेशक मंडल ने 25 रुपये प्रति शेयर के अंतरिम डिविडेंड की भी घोषणा की है। इस पर कंपनी कुल 321.3 करोड़ रुपये खर्च करेगी।बता दें कि कंपनी के शेयर की वर्तमान कीमत 700 रुपये के स्तर पर है। एक दिन पहले के मुकाबले शेयर 1.80% टूटकर बंद हुआ। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 1,281.60 रुपये है। यह भाव पिछले साल था। इस लिहाज से शेयर में बड़ी गिरावट आई है।

क्या कहा कंपनी के सीईओ ने?

कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) गुंजन शाह ने कहा कि बाटा ने लगातार तीसरी तिमाही में वृद्धि की गति को बरकरार रखा है। उन्होंने कहा, “हमे पहली तिमाही में चार प्रतिशत की आय वृद्धि दर्ज करने पर खुशी हैं। यह प्रीमियम और मात्रा में वृद्धि के मिश्रण से प्रेरित रही। विज्ञापन पर निवेश में करीब 25 प्रतिशत की वृद्धि से उपभोक्ताओं के साथ जुड़ाव मजबूत हुआ है।”

मैनेजमेंट में बदलाव

हाल ही में बाटा इंडिया लिमिटेड ने संजय राव को अपना नया प्रबंध निदेशक (एमडी) और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) नियुक्त करने की घोषणा की है। राव ने गुंजन शाह की जगह ली है। गुंजन शाह ने पांच साल तक कारोबार का नेतृत्व किया और कार्यकाल पूरा होने के बाद वह अपना पद छोड़ रहे हैं। संजय राव नाइकी से बाटा इंडिया में शामिल हुए हैं, जहां उन्होंने हाल ही में नाइकी रिटेल में वरिष्ठ निदेशक के तौर पर फ्रांस और बेनेलक्स बाजारों का कामकाज संभाला था। राव के पास भारत, दक्षिण एशिया, चीन और यूरोप में खुदरा तथा उपभोक्ता क्षेत्र में दो दशक से अधिक का नेतृत्व अनुभव है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN