Home National news hindi प्रकाश राज का दावा- वोटर लिस्ट से नाम हटाया गया, स्थानीय प्रशासन...

प्रकाश राज का दावा- वोटर लिस्ट से नाम हटाया गया, स्थानीय प्रशासन बोला- ग़लत हैं आरोप

4
0

Source :- BBC INDIA

अभिनेता प्रकाश राज

इमेज स्रोत, Sanchit Khanna/Hindustan Times via Getty Images

अभिनेता और सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश राज की सोशल मीडिया पोस्ट में उनके नाम को मतदाता सूची से हटाए जाने का दावा किया गया था. हालांकि, बेंगलुरु सिटी सेंट्रल कॉरपोरेशन ने उनके इस दावे का खंडन किया है.

उन्होंने कहा, “देखता हूं कि मुझे अपना वोटर आईडी वापस पाने के लिए क्या प्रक्रिया पूरी करनी होगी, क्या-क्या कागज दिखाने पड़ेंगे.”

वीडियो के अंत में प्रकाश राज ने कहा, “खैर, गेम ऑन. लेकिन एक छोटी-सी बात, मेरे दोस्त. आप अपनी ताकत का इस्तेमाल कुछ ऐसे नागरिकों को वोट देने के अधिकार से वंचित करने के लिए कर सकते हैं, जो शायद आपको वोट न दें. लेकिन क्या आप हमें रोक सकते हैं? मेरे प्यारे दोस्त, अपनी ताक़त से हम आपको नीचे ला रहे हैं. बस पूछ रहा हूं. बाय.”

हालांकि, बेंगलुरु सिटी सेंट्रल कॉरपोरेशन (बीसीसीसी) के आयुक्त जगदीश जी ने एक बयान में कहा कि “प्रकाश राज की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की गई और वे सही नहीं पाए गए.”

जगदीश ने कहा कि बूथ लेवल ऑफिसर यानी बीएलओ ने प्रकाश राज के नए आवास का दौरा किया था और जून 2026 में उनका नाम वहां की मतदाता सूची में सही तरीके से शामिल कर दिया था. पुराने पते की मतदाता सूची से उनका नाम हटा दिया गया था.

प्रकाश राज का बयान

प्रकाश राज बेंगलुरू सेंट्रल लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ चुके हैं

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाश राज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट के जरिए कहा था, “प्रिय दोस्तों, साथियों, मैं आपके साथ एक मजाक साझा करना चाहता हूं. मैं उन 65 लाख मतदाताओं में से एक हूं, जिनका एसआईआर के बाद बेंगलुरु निर्वाचन क्षेत्र से वोट देने का अधिकार खत्म कर दिया गया है. अच्छा मजाक है, है न? मेरा जन्म इसी निर्वाचन क्षेत्र में हुआ, मैं यहीं रहा, यहीं मेरी पढ़ाई हुई, कॉलेज गया, थिएटर किया और आपकी जानकारी के लिए, मैं इसी निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा उम्मीदवार भी रह चुका हूं. खैर, मजाक अच्छा है. गेम ऑन.”

उन्होंने कहा था कि उनका नाम अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृतक, डुप्लीकेट और अन्य यानी एएसडीडीओ की सूची में “शिफ़्टेड” के रूप में दर्ज किया गया है.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी यानी सीईओ के कार्यालय के अनुसार, कुल 1 करोड़ 8 लाख 80,774 लोग एएसडीडीओ सूची में शामिल हैं.

यह संख्या कुल 5 करोड़ 54 लाख 32,314 मतदाताओं का 19.63 प्रतिशत है. इस संख्या में एएसडीडीओ सूची में शामिल मतदाता भी शामिल हैं.

एएसडीडीओ सूची में शामिल लोगों में 15 लाख 52,372 यानी 2.80 प्रतिशत ” अनुपस्थित “, 65 लाख 74,404 ”स्थानांतरित “, 16 लाख 36,500 यानी 3.95 प्रतिशत “मृत”, 7 लाख 987 “डुप्लीकेट” और 4 लाख 16,511 यानी 0.75 प्रतिशत “अन्य ” हैं.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी के दफ़्तर के एक अधिकारी ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी को बताया, “सीईओ ने इस मामले में रिपोर्ट मांगी है. इसकी जानकारी कल उपलब्ध होनी चाहिए.”

आमतौर पर सीईओ बुधवार को प्रेस ब्रीफ़िंग करते हैं.

बीसीसीसी का बयान

जुलाई 2026 में दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के मंच पर अभिजीत दीपके के साथ प्रकाश राज

इमेज स्रोत, Getty Images

हालांकि, बेंगलुरु सिटी सेंट्रल कॉरपोरेशन (बीसीसीसी) के आयुक्त और अतिरिक्त रिटर्निंग ऑफिसर जगदीश ने साफ़ किया कि 16 जून 2026 तक, यानी जिस तारीख को एसआईआर की प्रक्रिया के लिए मतदाता सूची का डेटा फ्रीज किया गया था, प्रकाश राज का नाम 163 शांतिनगर विधानसभा क्षेत्र के पार्ट नंबर 1 में क्रम संख्या 970 पर सक्रिय रूप से दर्ज था.

उन्होंने कहा, “संबंधित पार्ट के बूथ लेवल ऑफिसर की ओर से घर-घर जाकर किए गए सत्यापन के दौरान पाया गया कि श्री प्रकाश राज पंजीकृत पते, नंबर 266, गार्डन अपार्टमेंट, से स्थायी रूप से दूसरी जगह चले गए हैं. बीएलओ ने पड़ोसियों और संपत्ति के प्रबंधक से आधिकारिक तौर पर पूछताछ की.”

”फ़्लैट के मालिक ने भी मोबाइल फोन पर इसकी पुष्टि की कि अभिनेता प्रकाश राज पिछले चार वर्षों से उस फ्लैट में नहीं रह रहे हैं और फिलहाल वहां दूसरे किरायेदार रह रहे हैं. इन लोगों के बयानों के आधार पर मौके की जांच रिपोर्ट तैयार की गई और मतदाता की स्थिति आधिकारिक तौर पर ‘शिफ़्टेड’ दर्ज की गई. यह कार्रवाई कानून की उचित प्रक्रिया और भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित वैधानिक दिशानिर्देशों के पूरी तरह अनुरूप की गई.”

जगदीश ने आगे कहा, ” प्रॉपर्टी मैनेजर ने भी 11 अगस्त 2026 को शाम साढ़े पांच बजे फ़ोन पर इस तथ्य की दोबारा पुष्टि की.”

उन्होंने कहा, “इन तथ्यों की पुष्टि होने के बाद मैंने अभिनेता प्रकाश राज से फोन पर बात की. उन्होंने पुष्टि की कि वह उक्त पते पर नहीं रह रहे हैं, बल्कि शांतिनगर विधानसभा क्षेत्र में किसी दूसरे पते पर रह रहे हैं. अब बीएलओ के जरिए उनके वर्तमान निवास के पते पर फॉर्म-6 की प्रक्रिया पूरी की जा सकती है.”

इस बीच, प्रकाश राज के ख़िलाफ़ बेंगलुरु की एक निचली अदालत में लंबे समय से लंबित एक मामला भी सामने आया है. आरोप था कि वह सिर्फ कर्नाटक ही नहीं, बल्कि आंध्र प्रदेश, तेलंगाना और तमिलनाडु में भी मतदाता के रूप में पंजीकृत थे. अदालत ने अभिनेता के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था.

21 जून को उन्होंने ट्वीट किया था, “जागो दोस्तों, फ़र्जी खबरें गढ़ी जा रही हैं और उन्हें फैलाया जा रहा है. जरूर उन्हें बहुत चोट लगी होगी. लेकिन मुझे खुशी है कि मैंने उन्हें व्यस्त रखा है.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS