Source :- LIVE HINDUSTAN
फ्रिज में रखे हुए चावल अक्सर काफी हार्ड हो जाते हैं और आपस में काफी चिपक से जाते हैं। इन्हें नॉर्मल तरीके से गर्म ना करें, बल्कि ये वाली ट्रिक अपनाएं। जैसे ताजे चावल होते है, खिले खिले और एकदम सॉफ्ट; ये बिल्कुल वैसे ही हो जाएंगे।
खाना कितना भी सोच समझकर बना लो, थोड़ा बहुत तो बच ही जाता है। खासकर रात में अगर चावल बने हों तो बचते जरूर हैं। आमतौर पर हम इन्हें फ्रिज में स्टोर कर के रख देते हैं, ताकि सुबह गर्म कर के दोबारा खा सकें। लेकिन फ्रिज में रखने के बाद चावल आपस में बिल्कुल चिपक जाते हैं। ये इतने हार्ड हो जाते हैं कि इन्हें देखकर खाने का मन ही नहीं होता। बेशक दोबारा आप इन्हें गर्म कर लें, लेकिन इनके दाने आपस में चिपके रहते हैं और ये काफी ड्राई और सख्त हो जाते हैं। दरअसल चावल गर्म करने का ये तरीका ही सही नहीं है। सीधे बर्तन में चावल गर्म करने से वो और ज्यादा ड्राई हो जाते हैं, जिन्हें कोई खाना पसंद नहीं करता। फिर इन्हें गर्म करने का सही तरीका क्या है? आइए जानते हैं-
फ्रिज में रखे चावल दोबारा ऐसे गर्म करें
फ्रिज में रखे चावल आपस में चिपक जाते हैं, तो उन्हें डायरेक्ट गैस पर गर्म करने की गलती बिल्कुल ना करें। ऐसा करने से वो और भी ज्यादा ड्राई हो जाते हैं और आपस में चिपकने लगते हैं। इन्हें गर्म करने का बेस्ट तरीका है डबल बॉयलर मैथड। इसके लिए आपको कोई भी बड़ी कड़ाही या पतीला लेना है और उसमें थोड़ा सा पानी गर्म होने के लिए रख देना है।
अब इस बर्तन में एक स्टैंड रखें या फिर कोई छोटी कटोरी उल्टी कर के रख दें। चावलों का बर्तन आपको इस स्टैंड या कटोरी के ऊपर रखना है। फिर इन्हें एक ढक्कन से कवर कर देना है। बस तीन से पांच मिनट चावलों को भाप में अच्छी तरह से गर्म होने दें। भाप की वजह से चावलों में नमी आने लगेगी और वो बिना ड्राई हुए गर्म हो जाएंगे।
बीच-बीच चावलों को चलाएं या नहीं?
चावल गर्म करते हुए आपको बार-बार इन्हें चलाने की जरूरत नहीं है। शुरुआत में ये काफी सख्त होते हैं, इसलिए इन्हें पहले भाप में थोड़ा सा नर्म होने दें। लास्ट में आप इन्हें चम्मच से अच्छी तरह चला सकते हैं, जिससे नीचे और ऊपर के चावल बराबर गर्म हो जाएं। इस तरीके से गर्म करने पर चावल बिल्कुल सॉफ्ट और खिले-खिले हो जाते हैं, जिन्हें देखकर लगता है कि जैसे ताजे चावल बनाए हों।
ज्यादा चिपचिपे चावल हों तो करें ये 1 काम
कई बार चावल फ्रिज में रखे-रखे कुछ ज्यादा ही चिपचिपे और हार्ड हो जाते हैं। ऐसे में इन्हें गर्म करने से पहले ये एक छोटा सा काम जरूर कर लें। आपको बस थोड़ा सा पानी लेना है और इसके छींटे चावल पर मार देने है। ध्यान रहे पानी की मात्रा आपको बहुत कम रखनी है। इसके बाद चावलों को भाप वाले तरीके से पका लें। नमी के कारण चावल एकदम सॉफ्ट हो जाएंगे और बिल्कुल खिले-खिले हो जाएंगे।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN

