Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को कहा कि नेपाल के रसुवा ज़िले में आई बाढ़ के बाद अमेरिका ने नेपाल को हर संभव मदद देने की पेशकश की है.
एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करने के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि अमेरिका ने नेपाल की लीडरशिप से संपर्क किया है और ज़रूरत के मुताबिक हर तरह की सहायता देने की बात कही है.
उन्होंने इस तबाही को बेहद भयावह बताते हुए कहा कि पहले कभी ऐसा कुछ नहीं देखा.
ट्रंप ने कहा, “हमने नेपाल से बात की है और उन्हें हर तरह की मदद की पेशकश की है. नेपाल के साथ हमारे बहुत अच्छे संबंध हैं. वहां जो हुआ, वह बेहद भयानक था. यह सिर्फ़ पानी नहीं था, बल्कि पानी और कीचड़ का ऐसा ख़तरनाक मिश्रण था, जिसे शायद किसी ने पहले कभी नहीं देखा. मज़बूत और अच्छी तरह से बने भवन भी ऐसे बह गए, जैसे वे माचिस की तीलियां हों.”
उन्होंने आगे कहा कि यह बहुत दुखद घटना है और अमेरिका मदद भेज रहा है.
ट्रंप ने कहा, “हमने वहां की लीडरशिप से बात की है और उन्हें बता दिया है कि उन्हें जिस भी तरह की मदद चाहिए, हम उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं.”
ट्रंप ने यह भी बताया कि प्रभावित इलाकों में बड़ी संख्या में अमेरिकी नागरिक मौजूद थे और अभी तक सभी प्रभावित लोगों की पूरी सूची अमेरिका को नहीं मिली है.
अमेरिकी विदेश विभाग ने मुताबिक, नेपाल में आई बाढ़ की वजह से करीब 90 अमेरिकी नागरिक प्रभावित हुए हैं.
नेपाल पुलिस के मुताबिक़, देश में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 389 हो गई है.
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने बताया है कि बचावकर्मियों ने अब तक क़रीब 600 लोगों को सुरक्षित बचाया है.
नेपाल पर्यटन बोर्ड ने बताया है कि बाढ़ के बाद 31 देशों के 540 विदेशी नागरिक लापता हैं.
इस क्षेत्र में पर्यटकों के रूप में आने वालों में सबसे अधिक संख्या भारत से है, जिनकी तादाद 178 है.
SOURCE : BBC NEWS




