Home National news hindi ‘किडनैप कर ज़िंदा जलाया’, कौन थीं इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर, जिनकी इलाज के...

‘किडनैप कर ज़िंदा जलाया’, कौन थीं इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई

5
0

Source :- BBC INDIA

मनजीत कौर की फ़ाइल फ़ोटो

इमेज स्रोत, Instagram Page

(इस कहानी में कुछ विवरण विचलित कर सकते हैं.)

मोहाली के खरड़ इलाके में रहने वाली सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मनजीत कौर की 26 अगस्त 2026 को चंडीगढ़ पीजीआई में इलाज के दौरान मौत हो गई.

चंडीगढ़ पुलिस ने बताया कि परिवार के बयानों के मुताबिक़, मनजीत को चंडीगढ़ से अगवा कर ज़िंदा जलाने की कोशिश हुई थी. इसके बाद वह क़रीब दो महीने तक अस्पताल में भर्ती रहीं.

इस मामले में चंडीगढ़ पुलिस ने दो लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की है.

पुलिस के मुताबिक़, मनजीत कौर को गंभीर रूप से झुलसी हालत में पीजीआई में भर्ती कराया गया था. इससे पहले उनका इलाज मोहाली के मैक्स अस्पताल में चल रहा था.

खरड़ सदर थाने के एसएचओ गुरप्रीत सिंह के मुताबिक़, जब मनजीत कौर को मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, तब अस्पताल ने पुलिस को बताया कि मनजीत कौर के शरीर पर जलने के गंभीर निशान हैं.

सूचना मिलने के बाद खरड़ पुलिस मैक्स अस्पताल पहुंची और मनजीत के परिवार से बात की.

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मंजीत कौर

इमेज स्रोत, manjeet__sukh_1313/Insta

पुलिस के मुताबिक़, “मनजीत के परिवार ने बताया कि वो सेक्टर 34, चंडीगढ़ में अपनी एक जान-पहचान की महिला से मिलने गई थीं. वहां दो लोगों ने उनके साथ मारपीट की और बाद में एक गाड़ी में उन्हें मोरिंडा ले गए और वारदात को अंजाम दिया.”

“इसके बाद मनजीत के किसी जानकार ने उन्हें मोरिंडा के स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उन्हें मैक्स अस्पताल भेजा गया.”

“इसके बाद उन्हें पीजीआई, चंडीगढ़ रेफर किया गया. मनजीत कौर को 9 जुलाई 2026 को पीजीआई, चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया था.”

इन्फ्लुएंसर मंजीत कौर और चंडीगढ़ डीएसपी

इमेज स्रोत, ANI/manjeet__sukh_1313/Insta

खरड़ सदर थाने के एसएचओ गुरप्रीत सिंह के मुताबिक़, “परिवार के बयानों के आधार पर खरड़ पुलिस ने डीडीआर (डेली डायरी रिपोर्ट) दर्ज की और मामले की पूरी जानकारी चंडीगढ़ के सेक्टर 34 थाने के पुलिस अधिकारियों को दी.”

चंडीगढ़ डीएसपी (साउथ) गुरजीत कौर ने बताया कि मनजीत की मां की शिकायत पर सेक्टर 34 थाने में दो लोगों के ख़िलाफ़ आईपीसी की धारा 140(1) (अपहरण), 103(1) (हत्या) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है.

कौन थीं मनजीत कौर?

मनजीत कौर

इमेज स्रोत, manjeet__sukh_1313/Insta

मनजीत कौर सोशल मीडिया पर काफ़ी सक्रिय थीं. उन्होंने अपने अकाउंट पर कई वीडियो अपलोड किए थे, जिनमें यूट्यूब और इंस्टाग्राम के वीडियो भी शामिल थे.

वह मेकअप आर्टिस्ट थीं और सोशल मीडिया पर मेकअप और गानों से जुड़े वीडियो बनाकर शेयर करती थीं.

इंस्टाग्राम पर उनके क़रीब 1.46 लाख फॉलोअर्स हैं.

खरड़ सदर थाने के एसएचओ गुरप्रीत सिंह के मुताबिक़, मनजीत कौर हरियाणा की रहने वाली थीं, लेकिन अब वह खरड़ में किराए के मकान में रह रही थीं.

गुरप्रीत सिंह ने बताया कि मनजीत कौर की अभी शादी नहीं हुई थी. कुछ जान-पहचान के लोगों के साथ उनका विवाद चल रहा था.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS