Home rss world hindi जयशंकर पहुंचे यूक्रेन और रूस ने कर दिया शाहेद ड्रोन से हमला;...

जयशंकर पहुंचे यूक्रेन और रूस ने कर दिया शाहेद ड्रोन से हमला; जेलेंस्की बोले- हमने बचा लिया

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि जिस वक्त वह और जयशंकर कीव में थे उसी समय रूस ने हमला कर दिया। उन्होंने कहा कि यूक्रेनी वायुसेना ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल को बचा लिया है।

विदेश मंत्री एस जयशंकर इन दिनों यूक्रेन की यात्रा पर हैं। यहां उन्होंने राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात की और कहा कि युद्ध खत्म करने के लिए भारत हर संभव मदद करने को तैयार है। वहीं यूक्रेन ने दावा किया है कि जयशंकर की यात्रा के दौरान ही रूस ने शाहेद ड्रोन से कीव पर हमला कर दिया। इसके बाद यूक्रेन की वायुसेना के कॉम्बेट एविएशन ने ड्रोन को मार गिराया और भारतीय प्रतिनिधिमंडल सुरक्षित बच गया। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने एक्स पर कहा, जब भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर हमारे साथ कीव में थे तभी रूस ने शाहेद ड्रोन से हमला किया। रूस ने इसे ईरान की मदद से बनाया है।

कितने खतरनाक होते हैं शाहेद ड्रोन

शाहेद ड्रोन ईरान बनाता है। रूस इनका बड़ा खरीदार है और यूक्रेन में बम बरसाने के लिए इसका इस्तेमाल करता है। ईरान की शाहेद एविएशन इंडस्ट्रीज ने इस ड्रोन को विकसित किया है। खास बात यह है कि यह ड्रोन टारगेट से टकराने के बाद फटते हैं और बड़ा विस्फोट करते हैं। इसकी रेंज 1000 से 2500 किलोमीटर तक है। इसके अलावा ये ड्रोन काफी ऊंचाई पर उड़ान भरते हैं और रफ्तार 200 मील प्रतिघंटे की रहती है। ऐसे में इन्हें देखना भी मुश्किल हो जाता है।

जयशंकर ने यूक्रेन को दिया भरोसा

विदेश मंत्री ने यूक्रेन को भरोसा दिया है कि युद्ध खत्म करने को लेकर वह हर तरह की मदद करने को तैयार हैं।विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कीव में अपने यूक्रेनी समकक्ष आंद्री सिबिहा के साथ व्यापक बातचीत की। बातचीत के बाद सिबिहा के साथ एक संयुक्त प्रेस वक्तव्य में जयशंकर ने कहा, ”भारत ने हमेशा यही कहा है कि यह दौर युद्ध का नहीं है और समाधान युद्ध के मैदान से नहीं निकलेंगे।”

जयशंकर ने कहा, ”संघर्ष के हर गुजरते दिन का मतलब है और ज़्यादा मौतें और और ज़्यादा तबाही। जाहिर है, इसका समाधान शामिल पक्षों को ही निकालना है। लेकिन, अगर भारत किसी भी तरह से मदद कर सकता है, तो हम तैयार हैं।’ भारत बातचीत और कूटनीति के जरिए रूस-यूक्रेन संघर्ष को खत्म करने की अपील करता रहा है।

जयशंकर ने बाद में राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात की और द्विपक्षीय सहयोग को प्रगाढ़ करने पर यूक्रेन के विदेश मंत्री के साथ हुई अपनी चर्चा से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने कहा, ”हमारी बातचीत जारी संघर्ष को खत्म करने के तरीकों पर केंद्रित थी।” उन्होंने पहले ही कहा था कि वह (यूक्रेन के) राष्ट्रपति तक प्रधानमंत्री मोदी की ओर से शुभकामनाएं और बधाई संदेश पहुंचाएंगे।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN