Source :- LIVE HINDUSTAN
ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयरों ने बाजार में तहलका मचा रखा है। बाजार के उतरने के 3 दिन के भीतर कंपनी के शेयरों ने निवेशकों का पैसा 3 गुना कर दिया है। ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयर मंगलवार को BSE में 20 पर्सेंट उछलकर 1289.55 रुपये पर पहुंच गए हैं। कंपनी के शेयर शुक्रवार को बाजार में लिस्टिंग के बाद से लगातार अपर सर्किट पर हैं। IPO में कंपनी के शेयर का दाम 429 रुपये था। ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयर 4 सितंबर को बाजार में लिस्ट हुए हैं।
3 दिन में 200% उछल गए हैं ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयर
ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन (ESDS Software Solution) के शेयरों में 3 दिन में आईपीओ प्राइस के मुकाबले 200 पर्सेंट की तूफानी तेजी आई है। आईपीओ में कंपनी के शेयर का दाम 429 रुपये था। वहीं, ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयर 8 सितंबर को BSE में 1289.55 रुपये पर जा पहुंचे हैं। कंपनी का आईपीओ दांव लगाने के लिए 28 अगस्त 2026 को खुला था और यह 1 सितंबर तक ओपन रहा।
जबरदस्त लिस्टिंग के बाद कंपनी के शेयरों में तूफानी तेजी
ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के शेयरों की बाजार में जबरदस्त लिस्टिंग हुई और इसके बाद कंपनी के शेयरों में अच्छी तेजी देखने को मिली है। कंपनी के शेयर शुक्रवार 4 सितंबर को BSE में 746.30 रुपये पर लिस्ट हुए और लिस्टिंग के बाद उछलकर 895.55 रुपये पर पहुंच गए। वहीं, NSE में कंपनी के शेयर 757 रुपये पर लिस्ट हुए और लिस्टिंग के बाद तेजी के साथ 908.40 रुपये पर जा पहुंचे। कंपनी के शेयर मंगलवार को NSE में 1,308.05 रुपये पर पहुंच गए हैं।
IPO पर लगा 142 गुना से ज्यादा दांव
ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन (ESDS Software Solution) का आईपीओ टोटल 142.88 गुना सब्सक्राइब हुआ। कंपनी के आईपीओ में रिटेल इनवेस्टर या आम निवेशकों की कैटेगरी में 41.68 गुना दांव लगा। वहीं, गैर संस्थागत निवेशकों या नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स (NII) का कोटा 202.87 गुना सब्सक्राइब हुआ। ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन के आईपीओ में क्वॉलीफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) कैटेगरी में 274.97 गुना सब्सक्रिप्शन मिला। कंपनी के आईपीओ में आम निवेशक कम से कम 1 लॉट और अधिकतम 13 लॉट के लिए दांव लगा सकते थे। आईपीओ की एक लॉट में 34 शेयर थे।
क्या करती है कंपनी?
ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन की शुरुआत अगस्त 2005 में हुई है। ईएसडीएस सॉफ्टवेयर सॉल्यूशन क्लाउड, मैनेज्ड सर्विसेज, डेटा सेंटर इंफ्रास्ट्रक्चर और सॉफ्टवेयर सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है। फाइनेंशियल ईयर 2026 में कंपनी ने 2501 कस्टमर्स को अपनी सर्विसेज दीं और इसका रेवेन्यू 4772.10 मिलियन रुपये रहा।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




