Home LIFESTYLE NEWS HINDI मोदक की नई रेसिपी चाहिए? इस बार मखाना और पनीर से बनाकर...

मोदक की नई रेसिपी चाहिए? इस बार मखाना और पनीर से बनाकर देखें

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

गणेश चतुर्थी पर हर बार एक जैसे मोदक बनाने के बजाय इस बार कुछ अलग ट्राई करें। मखाना और पनीर से बने ये मोदक स्वादिष्ट होने के साथ घर पर बनाना भी आसान हैं।

गणेश चतुर्थी पर भगवान गणेश को मोदक का भोग लगाने की परंपरा है। इस मौके पर ज्यादातर घरों में तरह-तरह के मोदक बनाए जाते हैं। अगर आप भी इस बार कुछ अलग तरह का मोदक बनाना चाहते हैं, तो मखाना पनीर मोदक ट्राई कर सकते हैं। इसका स्वाद बाकी मोदक से थोड़ा अलग और काफी अच्छा लगता है। इसमें मखाने के साथ ताजा पनीर का इस्तेमाल किया जाता है, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है। इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा सामान की जरूरत नहीं पड़ती और ना ही इसे बनाने में बहुत समय लगता है। थोड़ी सी तैयारी के बाद आप घर पर आसानी से ये मोदक बना लेंगे। तो चलिए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका।

  • मखाने को भूनकर तैयार करें

सबसे पहले एक कप मखाने लें और उन्हें हल्का भून लें। मखाने को तब तक भूनें, जब तक वे थोड़े करारे ना हो जाएं। इसके बाद इन्हें अच्छी तरह ठंडा होने दें। ठंडे होने के बाद मखानों को पीसकर बारीक पाउडर बना लें।

  • पनीर और मखाने का मिश्रण

अब एक कड़ाही लें और उसमें कद्दूकस किया हुआ ताजा पनीर, मखाने का पाउडर और दूध का पाउडर डालें। इसमें करीब दो चम्मच दूध डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। अगर मिश्रण बहुत सूखा लगे तो थोड़ा और दूध डाल सकते हैं।

  • धीमी आंच पर पकाएं

अब कड़ाही को धीमी आंच पर रखें। मिश्रण को लगातार चलाते रहें, ताकि यह नीचे से चिपके नहीं। इसे तब तक पकाएं, जब तक मिश्रण गाढ़ा होकर कड़ाही के किनारे छोड़ने ना लगे। ध्यान रखें कि गैस तेज ना हो, वरना मिश्रण नीचे से लग सकता है।

  • शहद और केसर से बढ़ाएं स्वाद

जब मिश्रण गाढ़ा हो जाए तो इसमें दो चम्मच शहद डालें। इसके बाद गुलाब जल और दूध में भिगोया हुआ केसर भी डाल दें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं। कुछ देर चलाने के बाद मिश्रण एक नरम और आसानी से आकार लेने वाले आटे जैसा हो जाएगा।

  • मिश्रण को थोड़ा ठंडा करें

गैस बंद करने के बाद मिश्रण को थोड़ी देर ठंडा होने दें। इसे पूरी तरह ठंडा करने की जरूरत नहीं है, बस इतना रखें कि हाथ से आसानी से संभाला जा सके। हाथों पर थोड़ा सा घी लगाएं, ताकि मिश्रण चिपके नहीं।

  • मोदक का आकार दें

अब मोदक बनाने के सांचे में भी थोड़ा सा घी लगा दें। मिश्रण का छोटा हिस्सा लें और उसे सांचे में अच्छी तरह दबाकर भरें। इसके बाद सांचे को धीरे से खोलें और मोदक को बाहर निकाल लें। इसी तरह बाकी मिश्रण से भी मोदक तैयार कर लें।

  • ऊपर से केसर से सजाएं

तैयार मोदक को और सुंदर बनाने के लिए ऊपर से केसर की एक-दो लड़ियां रख सकते हैं। चाहें तो खाने वाली चांदी की परत भी लगा सकते हैं। इससे मोदक देखने में और भी अच्छे लगेंगे।

इन बातों का ध्यान रखें!

मखाने को बहुत ज्यादा ना भूनें, वरना उनका स्वाद बदल सकता है। पनीर ताजा हो तो मोदक का स्वाद अच्छा आएगा। मिश्रण को पकाते समय आंच हमेशा धीमी रखें और लगातार चलाते रहें। अगर मिश्रण ज्यादा सूखा लगे तो थोड़ा दूध डाल सकते हैं। वहीं, अगर मिश्रण बहुत नरम हो जाए तो इसे कुछ देर और धीमी आंच पर पकाएं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN