Home rss world hindi AI से हथियार बना रहे हूती विद्रोही, बेहद खतरनाक है प्लान; मायून...

AI से हथियार बना रहे हूती विद्रोही, बेहद खतरनाक है प्लान; मायून द्वीप पर किया कब्जा

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अमेरिकी एआई कंपनी एंथ्रोपिक ने दावा किया है कि यमन के हूतियों ने उसके क्लॉड चैटबोट का इस्तेमाल करके हथियार बनाने की कोशिश की। इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि हूती एआई से खतरनाक जैविक हथियार विकसित कर रहे हों।

अमेरिकी एआई कंपनी एंथ्रोपिक ने कहा कि यमन में एक समूह ने उसके ‘क्लॉड चैटबॉट’ का इस्तेमाल निर्देशित रॉकेट और मिसाइल विकसित करने की कोशिश की। यह खुलासा ऐसे समय हुआ है जब ईरान समर्थित हूती विद्रोही यमन में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान चला रहे हैं। एंथ्रोपिक ने गुरुवार को प्रकाशित एक रिपोर्ट में बताया कि उसने उत्तरी यमन में सक्रिय एक समूह की पहचान की, जो हथियारों के विकास से जुड़े तीन कार्यक्रम चला रहा था। कंपनी के अनुसार इनमें एक निर्देशित रॉकेट, 2,000 किलोमीटर से अधिक की लक्ष्य क्षमता वाली बहु-चरणीय बैलिस्टिक मिसाइल और हाइपरसोनिक ग्लाइड वाहन वाले एक संस्करण समेत कई तरह की मिसाइलें शामिल थीं।

नेविगेशन सॉफ्टवेटर के लिए क्लॉड का इस्तेमाल

कंपनी ने कहा कि इस समूह ने हवा में उड़ने वाले हथियारों के मार्गदर्शन, नेविगेशन और नियंत्रण सॉफ्टवेयर विकसित करने के लिए क्लॉड का इस्तेमाल किया। ऐसा काम आमतौर पर इंजीनियरों की एक टीम की जरूरत वाला होता है। एंथ्रोपिक ने कहा कि उसके पास इस बात का कोई सबूत नहीं है कि समूह किसी परिचालन हथियार को तैनात करने में सफल रहा। हालांकि, उसने एक निर्देशित रॉकेट का परीक्षण जरूर किया था।

जैविक हथियारों से जुड़े एआई दुरुपयोग को रोका

एआई कंपनी एंथ्रोपिक ने कहा कि उसने अपने क्लॉड मॉडल का इस्तेमाल कर जैविक हथियार विकसित करने की कोशिशें रोक दीं। इसके साथ ही उसने यूक्रेन के खिलाफ रूस से जुड़े संदिग्ध साइबर जासूसी अभियान चलाने की कोशिशों को नाकाम कर दिया। कंपनी ने गुरुवार को जारी अपनी नवीनतम खतरा खुफिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी। एंथ्रोपिक ने बताया कि उसने अपने नवीनतम एआई मॉडलों में जैविक अनुसंधान से जुड़े काम पर अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लगाए हैं, ताकि ऐसी जानकारी के दुरुपयोग को रोका जा सके, जिसका इस्तेमाल हथियार बनाने में हो सकता है।

मायून द्वीप पर हूती विद्रोहियों का कब्जा

यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने शुक्रवार को बाब अल-मंदेब के बीच स्थित मायून द्वीप पर कब्जा कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने रणनीतिक जलमार्ग वाले इस पूरे क्षेत्र पर नियंत्रण की अपनी कोशिश पूरी कर ली है। स्थानीय सरकारी अधिकारी और प्रत्यक्षदर्शियों ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सरकारी बलों के गुरुवार को द्वीप से हटने के बाद हथियारों से लैस हूती लड़ाकों को लेकर नौकाएं मायून द्वीप पहुंचीं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN