Source :- LIVE HINDUSTAN
KEC International Share Price: केईसी इंटरनेशनल को विभिन्न कारोबारों में 1,303 करोड़ रुपये के नए ठेके मिले हैं। कंपनी की ओर से सोमवार को जारी बयान के अनुसार, टीएंडडी कारोबार को भारत, पश्चिम एशिया और अमेरिका में परियोजनाओं के ठेके मिले हैं।
ट्रांसमिशन लाइन का मिला है काम
इनमें उत्तर भारत में 400 किलोवाट की ट्रांसमिशन लाइन, सऊदी अरब में 380 किलोवाट की ट्रांसमिशन लाइन तथा अमेरिका में टावर, हार्डवेयर और पोल की आपूर्ति के ठेके शामिल हैं। इसके अलावा, कंपनी के केबल एवं कंडक्टर कारोबार को भारत और विदेशी बाजारों में विभिन्न ठेके मिले हैं।
मंगलवार को फोकस में रहेंगे शेयर
शुक्रवार को एक प्रतिशत की गिरावट के बाद कंपनी के शेयर बीएसई में 406.45 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था। पिछले 3 महीने के दौरान स्टॉक का दाम 16 प्रतिशत गिरा है। वहीं, 6 महीने में स्टॉक की कीमतों में 25 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। 1 साल पहले शेयरों को खरीदने वाले निवेशकों को अबतक 52 प्रतिशत का नुकसान हुआ है।
दो साल में केईसी इंटरनेशनल के शेयरों का दाम 57 प्रतिशत, तीन साल में 40 प्रतिशत गिरा है। 5 साल से शेयरों को होल्ड करने वाले इनवेस्टर्स को अबतक 5 प्रतिशत का नुकसान हो चुका है।
कंपनी के सीईओ ने क्या कहा?
केईसी इंटरनेशनल के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) विमल केजरीवाल ने कहा, ”हमारे भारत टीएंडडी कारोबार को एक मौजूदा निजी ग्राहक से उत्तर भारत में एक जलविद्युत संयंत्र से बिजली की निकासी के लिए पारेषण लाइन परियोजना का प्रतिष्ठित ठेका मिला है। अंतरराष्ट्रीय टीएंडडी कारोबार ने सऊदी अरब में कई ठेके हासिल करके पश्चिम एशिया में अपनी मौजूदगी और मजबूत की है।” केजरीवाल ने कहा कि इन ठेकों, बड़ी संख्या में संभावित परियोजनाओं और प्रमुख बाजारों में लगातार बनी मांग के चलते टीएंडडी कारोबार की संभावनाएं मजबूत बनी हुई हैं।
उन्होंने कहा, ”इन ठेकों के साथ चालू वित्त वर्ष में अब तक हमें मिले ठेकों का कुल मूल्य 7,600 करोड़ रुपये से अधिक हो गया है। आगे लक्षित वृद्धि हासिल करने में इन ठेकों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।”
110 देशों में फैला है कंपनी का कारोबार
आरपीजी समूह की प्रमुख कंपनी केईसी इंटरनेशनल वैश्विक स्तर पर बुनियादी ढांचा क्षेत्र की इंजीनियरिंग, खरीद एवं निर्माण (ईपीसी) कंपनी है। इसकी मौजूदगी 110 से अधिक देशों में है।
(लाइव हिन्दुस्तान के इनपुट के साथ)
(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




