Home National news hindi क्या नींद में आप दांत पीसते हैं, इसकी वजह क्या है और...

क्या नींद में आप दांत पीसते हैं, इसकी वजह क्या है और कैसे पाएं छुटकारा

5
0

Source :- BBC INDIA

नींद से जागने या सोने के बाद जबड़े में दर्द होना - ब्रुक्सिज्म, दांत पीसना - स्टॉक फोटो

इमेज स्रोत, Getty Images

एला को याद नहीं है कि उसने रात में दांत पीसना कब शुरू किया था. लेकिन उसे जबड़े में होने वाला असहनीय दर्द, और सिरदर्द का होना अच्छी तरह से याद है.

एला बताती हैं, “मुझे बहुत दर्द हो रहा था, मेरे चेहरे का आकार बदल रहा था और मेरे दांत टूटने का ख़तरा था. मुझे समझ आया कि इसके बारे में कुछ करना होगा.”

31 वर्षीय एला ब्रुक्सिज़्म से पीड़ित हैं. यह एक ऐसी स्थिति है जिसके कारण नियमित रूप से और अक्सर तीव्र रूप से दांत पीसने की समस्या हो सकती है.

एला का कहना है कि हाल ही में उन्होंने जो इलाज कराया है, उसने “निस्संदेह” उनके जीवन को बदल दिया है.

ब्रिटेन भर में एला जैसी लाखों महिलाएं ब्रुक्सिज़्म से पीड़ित हैं. कुछ अध्ययनों से पता चलता है कि लगभग चार में से एक व्यक्ति इस समस्या से पीड़ित है.

ब्रिटिश डेंटल एसोसिएशन के अनुसार, कुछ ऐसे प्रत्यक्ष प्रमाण हैं जिनसे पता चलता है कि दांत पीसने की समस्या बढ़ रही है, लेकिन इसके कोई निश्चित आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं.

हालांकि, कुछ डेंटिस्ट्स ने बीबीसी को बताया है कि वे लगातार दांत पीसने के कारण दांतों की समस्याओं से पीड़ित युवाओं की बढ़ती संख्या को लेकर चिंतित हैं.

ब्रिटिश सोसाइटी ऑफ़ डेंटल स्लीप मेडिसिन (बीएसडीएसएम) की अध्यक्ष डॉ. अदिति देसाई कहती हैं, “इसमें निश्चित रूप से इज़ाफ़ा हो रहा है. और इसमें कोई हैरानगी की बात नहीं है, क्योंकि आजकल जीवन ही इतना तनावपूर्ण हो सकता है.”

एक संयुक्त चित्र जिसमें एला के जबड़े के दांत पीसने से चौड़ा होने और उपचार के बाद की स्थिति दिखाई गई है.

इमेज स्रोत, Ella

क्या है ब्रुक्सिज़्म की वजह?

अध्ययनों से पता चलता है कि हममें से कई लोग तनाव के कारण अपने जबड़े पीसते हैं. लेकिन हमारे जबड़े हमारे रोज़मर्रा के जीवन का बोझ क्यों उठाते हैं?

हम इसके बारे में क्या कर सकते हैं? और क्या कुछ मामलों में यह वास्तव में अच्छी बात हो सकती है?

ब्रुक्सिज़्म एक व्यापक शब्द है जो जबड़े की चार अलग-अलग गतिविधियों के लिए इस्तेमाल होता है.

इसमें जबड़े को भींचना, पीसना, जकड़ना और धकेलना शामिल है.

कुछ लोग रात में दांत पीसते हैं, तो कुछ दिन में. कुछ लोगों को तो पता भी नहीं चलता कि वे ऐसा कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग माउथगार्ड के बावजूद भी दांत पीसते रहते हैं और गहरी नींद में सो रहे साथी को भी जगा देते हैं.

तो आपको कैसे पता चलेगा कि आप ऐसा करते हैं? यहाँ कुछ संकेत दिए गए हैं जिन पर आपको ध्यान देना चाहिए:

  • घिसे हुए, टूटे हुए या चपटे दांत
  • सुबह के समय सिरदर्द या चेहरे में दर्द होना
  • जबड़े की अकड़न
  • नींद में ख़लल और दिन में थकान
  • दांतों की संवेदनशीलता में इजाफ़ा
  • बिना संक्रमण के कान में दर्द या कनपटी के पास दर्द

ब्रिटिश एसोसिएशन फ़ॉर काउंसलिंग एंड साइकोथेरेपी के अनुसार, चिकित्सा में दांत पीसने की समस्या का ज़िक्र भी अधिक बार किया जाता है, जो कहता है कि आजकल लोग इस बात से अधिक जागरूक हैं कि उनका मानसिक स्वास्थ्य उनके शरीर को कैसे प्रभावित करता है.

मनोचिकित्सक राही पोपट का कहना है कि उनके कई मरीज़ – ख़ासकर युवा – कहते हैं कि उन्होंने या किसी और ने देखा है कि वे अपने दांत पीस रहे हैं.

राही पोपट ने बताया, “वे अक्सर इसे अपने जीवन के किसी बहुत तनावपूर्ण समय से जोड़ सकते हैं और महसूस करते हैं कि उसी समय से उनके दांत पीसने की आदत या तो बढ़ गई या शुरू हो गई.”

प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा

‘तनाव को घटाने का एक तरीक़ा’

राही पोपट कहते हैं कि ट्रॉमा और स्ट्रेस आपको “लड़ो या भागो” वाली स्थिति में डाल सकते हैं, जहाँ आपकी हृदय गति बढ़ जाती है, एड्रेनालाईन निकलता है और आपकी मांसपेशियां तन जाती हैं. इससे शरीर बाहरी ख़तरे के लिए तैयार हो जाता है. जबड़ा और नर्वस सिस्टम प्रमुख कपाल तंत्रिकाओं के माध्यम से बहुत निकट से जुड़े होते हैं इसलिए हमारी मांसपेशियां सक्रिय हो जाती हैं और हम अपने दांतों को भींचते और पीसते हैं.

पोपट बताते हैं, “अगर हम इसे रात भर करते हैं, तो यह हमारे शरीर के लिए दिन भर में महसूस होने वाले तनाव और दबाव को कम करने का एक तरीक़ा है.”

एला के लिए, नींद में दांत पीसना, जागते समय जमा हुए तनाव को दूर करने का एक तरीक़ा बन गया था.

वह कहती हैं, “मुझे पता है कि इसका संबंध मेरे तनाव के स्तर से है. मुझे हाई फ़ंक्शनिंग एंग्ज़ायटी है – अगर आप मुझसे मिलें तो आपको इसका अंदाज़ा नहीं होगा.”

एला कहती हैं कि शुरुआत में तो उन्होंने दर्द को बस “सहन” कर लिया था. लेकिन कुछ साल बाद, जब उनके डेंटिस्ट ने उन्हें बताया कि उनके दांत ख़तरे में हैं, तो एला ने इलाज करवाने का फैसला किया.

एला कैमरे की ओर मुस्कुरा रही है. उसके लंबे सुनहरे बाल हैं, उसने सफेद फूलों वाला टॉप पहना है और वह रात में बाहर घूमने निकली है.

इमेज स्रोत, Ella

क्या नुक़सान हो सकते हैं?

हालांकि यह सुविधा आमतौर पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा (एनएचएस) में उपलब्ध नहीं है, फिर भी एला ने अपने दंत चिकित्सक को पैसे देकर अपने जबड़े को नियंत्रित करने वाली मांसपेशियों में बोटॉक्स का इंजेक्शन लगवाया. इस प्रक्रिया से मांसपेशियां शिथिल हो गईं और चेहरे का तनाव कम हो गया, जिसका असर 3 से 4 महीने तक रहेगा.

वह कहती हैं, “पिछले कुछ महीनों से मैं ठीक से सो पा रही हूँ. सुबह के समय मुझमें बहुत ज़्यादा ऊर्जा होती है, दर्द कम हो गया है और मेरा चेहरा अब उतना चौकोर नहीं लगता.”

डॉ. साइमन कोव, जो निजी और एनएचएस दोनों तरह के मरीज़ों का इलाज करने वाले दंत चिकित्सक हैं, कहते हैं कि दांत पीसने का हमारे दांतों पर शारीरिक प्रभाव बहुत बड़ा हो सकता है.

वह अपने मरीज़ों के दांतों का आकलन करने के लिए 3डी स्कैनर का उपयोग करते हैं और समय के साथ होने वाले घिसाव को देख सकते हैं.

वह कहते हैं, “अक्सर लोगों को पता भी नहीं होता कि वे ऐसा कर रहे हैं, लेकिन फिर हमें नुकसान देखने को मिलता है.” “अगर दांत इतने ज़्यादा घिस गए हों, तो इलाज बेहद जटिल हो सकता है और इसमें हज़ारों पाउंड का ख़र्च आ सकता है.”

लेकिन उनका कहना है कि ऐसे मामले अपेक्षाकृत दुर्लभ हैं और इन्हें विकसित होने में वर्षों लग सकते हैं.

दांतों का स्कैन जिसमें पीसने से घिसे हुए हिस्से दिखाई दे रहे हैं.

इमेज स्रोत, Simon Cove

दंत चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. अदिति देसाई का कहना है कि माउथगार्ड पहनकर आप लक्षणों का इलाज कर सकते हैं लेकिन दांत पीसने के कारण का पता लगाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है.

वह कहती हैं, “अक्सर, दंत चिकित्सक यह जांच किए बिना ही माउथगार्ड दे देते हैं कि ऐसा क्यों हो रहा है.”

वह कहती हैं कि ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एपनिया (ओएसए) जैसी गंभीर अंतर्निहित स्थितियों पर विचार करना अत्यंत महत्वपूर्ण है. ओएसए वायुमार्ग में रुकावट के कारण होता है, इसलिए रोगी सांस लेने में सक्षम होने के लिए रुकावट को दूर करने के लिए अपने दांत पीस सकता है.

इस हालात पर रिसर्चर प्रोफे़सर फ्रैंक लोबेज़ू कहते हैं, “यह इस बात का एक बहुत अच्छा उदाहरण है कि ब्रुक्सिज़्म आपको जीवित कैसे रख सकता है,”

वह बताते हैं कि ब्रुक्सिज़्म के अपने नकारात्मक पहलू हैं (दांतों को नुक़सान, नींद में बाधा, जबड़े में दर्द, कुछ उदाहरणों के लिए), यह हमेशा “बुरा” नहीं होता है.

लोबेज़ू कहते हैं, “दांत पीसना लार के उत्पादन के लिए भी महत्वपूर्ण है. जबड़े की मांसपेशियों को हिलाने से बड़ी लार ग्रंथियां सक्रिय हो जाती हैं. यह मुंह को साफ़ करता है, दांतों की रक्षा करता है और पाचन के लिए अत्यंत आवश्यक है.”

कुछ अध्ययनों से यह भी पता चलता है कि चबाने से संज्ञानात्मक क्षमताओं में मदद मिल सकती है.

वह कहते हैं, “जानवरों में हम यह जानते हैं, और हमारा प्रारंभिक शोध मनुष्यों में भी यही दिखा रहा है, जबड़े की मांसपेशियों को हिलाकर हम मस्तिष्क में रक्त प्रवाह को उत्तेजित कर रहे हैं.”

लेकिन दांत पीसने से दीर्घकालिक दर्द भी हो सकता है, जिसका आपके दैनिक जीवन पर बहुत बड़ा प्रभाव पड़ सकता है.

दांत पीसने की समस्या का इलाज क्या है?

दंत चिकित्सक रियाज़ यार, जो प्रोस्थोडॉन्टिक्स के विशेषज्ञ हैं, वो गंभीर ब्रुक्सिज़्म (दांत पीसने की आदत) के प्रभावों से जूझ रहे मरीज़ों का इलाज करते हैं – जिनमें घिसे हुए, टूटे और खंडित दांत और बार-बार विफल होने वाला दंत चिकित्सा उपचार शामिल है.

वो कहते हैं कि कई मरीज़ जबड़े या चेहरे में लगातार दर्द और नींद की कमी की शिकायत लेकर भी आते हैं, और सिर्फ़ दांत पीसने की आदत को दोष देने के बजाय, ख़ुद का भी मूल्यांकन किया जाना चाहिए.

यार कहते हैं कि पहले दांत पीसने को जबड़े की एक यांत्रिक समस्या माना जाता था, लेकिन अब इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि यह कहीं अधिक जटिल है. वो कहते हैं कि यह एक “जैविक-मनोवैज्ञानिक समस्या” है, जो मस्तिष्क और तंत्रिका तंत्र द्वारा संचालित होती है और व्यक्ति के समग्र व्यक्तित्व से प्रभावित होती है.

वो कहते हैं, “हम उनकी नींद के पैटर्न, उनके आहार, उनके वज़न, उनके व्यायाम की मात्रा, उनके द्वारा ली जा रही दवाओं को ध्यान में रखते हैं और नींद संबंधी विकारों के लक्षणों का आकलन करते हैं. कई वजहें किसी मरीज़ के दांत पीसने का कारण बन सकते हैं, इसलिए इस समस्या के समाधान के लिए बहुआयामी दृष्टिकोण की आवश्यकता होती है.”

इससे निपटने का सबसे अच्छा तरीक़ा क्या है? ये चीज़ें मददगार साबित हो सकती हैं:

  • दांतों की सुरक्षा के लिए रात में पहनने वाला माउथगार्ड
  • अगर यह स्लीप एपनिया से संबंधित है, तो सीपीएपी मशीन या मैंडिबुलर एडवांसमेंट डिवाइस (एमएडी) जैसे उपकरण वायुमार्ग को खुला रखने में मदद करते हैं.
  • फ़िज़ियोथैरेपी
  • बातचीत आधारित चिकित्सा पद्धतियाँ जैसे कि सीबीटी
  • तनाव कम करने और नींद में सुधार लाने के लिए जीवनशैली में बदलाव करना, जैसे व्यायाम करना, शराब का सेवन कम करना, धूम्रपान छोड़ना और स्वस्थ भोजन करना
  • गंभीर मामलों में बोटॉक्स एक विकल्प है

मांसपेशियों को आराम देने वाले इंजेक्शन के साथ-साथ, एला का कहना है कि वह अपनी चिंता को कम करने और नियमित रूप से अपने साथ रहने वाले तनाव से खुद को मुक्त करने की कोशिश करने के लिए ध्यान भी कर रही हैं.

एला कहती हैं, “इलाज कराने से मेरी ज़िंदगी बदल गई है, अब मैं इसकी जड़ तक पहुंचने की कोशिश करना चाहती हूं.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

और जानें

शॉर्ट वीडियो छोड़ें और जारी रखें

शॉर्ट वीडियो

प्लेबैक आपके उपकरण पर नहीं हो पा रहा

  • महिला बाइकर

  • टीचर

  • एशिया कप फ़ाइनल

  • नेपाल में बाढ़

  • डोनाल्ड ट्रंप

  • Malaysia PM

  • animal

  • पीएम मोदी ने ब्रिक्स सम्मेलन की शुरुआत करते हुए क्या कहा?

  • ब्रिक्स में यूपीआई पेमेंट सिस्टम अपनाने का प्रस्ताव रखा गया

  • ख़राब नेटवर्क से परेशान शख़्स टावर पर चढ़ा

  • एशिया कप फ़ाइनल में भारतीय टीम

  • 9/11 हमले में जान गंवाने वालों को इस तरह दी गई श्रद्धांजलि

  • दिल्ली पहुंचे रूस के राष्ट्रपति पुतिन

  • गरबा में मुस्लिमों की एंट्री के मुद्दे पर बोलीं अमृता फडणवीस

  • गंगा नदी में समाया 150 साल पुराना मंदिर

SOURCE : BBC NEWS