Home National news hindi गुरुग्राम: महिला बाइकर सिया बोलीं- ‘लोगों को लगता है, लड़की को टक्कर...

गुरुग्राम: महिला बाइकर सिया बोलीं- ‘लोगों को लगता है, लड़की को टक्कर मारकर निकल जाएंगे, कुछ नहीं होगा’

6
0

Source :- BBC INDIA

महिला बाइकर के वीडियो का स्क्रीनग्रैब

इमेज स्रोत, rebelwheels_sia_/Instagram

प्रकाशित

पढ़ने का समय: 7 मिनट

हरियाणा के गुरुग्राम में रविवार को सिया नाम की जिस महिला बाइकर को एक कार सवार ने टक्कर मारी थी उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि वो घटना के बाद बहुत डर गई थीं.

उन्होंने कहा, “मेरी बाइक के ब्रेक टूट गए थे. वो बाइक चलाने लायक नहीं रह गई थी. दूसरे एक राइडर ने मुझे पीछे बिठाया.”

सिया ने बताया कि उसके बाद उन्होंने फ़र्स्ट एड लिया. उन्होंने कहा, “मैं बाइक चला ही नहीं पा रही थी. मैं बहुत डरी हुई थी और कांप रही थी.”

ये घटना रविवार को गुरुग्राम के गोल्फ़ कोर्स रोड पर हुई.

इसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने सोशल मीडिया वेबसाइट एक्स पर पोस्ट कर बताया है कि उसने इस मामले पर स्वतः संज्ञान लेते हुए एफ़आईआर दर्ज की है.

साथ ही पुलिस ने बताया है कि उसने अभियुक्त की पहचान कर ली है और तीन टीमें बनाई गई हैं.

वहीं कार के कथित मालिक ने समाचार एजेंसी से कहा है कि उनके दोस्त ने दो दिनों के लिए कार उधार ली थी.

दूसरी ओर सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल है और कई लोग महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रहे हैं.

‘रैश ड्राइविंग कर रहे कार सवारों पर कोई एक्शन क्यों नहीं’

महिला बाइकर सिया ने मीडिया से कहा, 'ये साफ़ तौर पर हत्या के प्रयास का मामला है'

इमेज स्रोत, ANI

पत्रकारों ने अभियुक्त इस दावे के बारे में भी सिया से पूछा जिसमें वो कह रहा है कि सिया बाइक चलाते हुए उसे पिंच कर रही थीं.

सिया ने कहा, “मैं बाइक चला रही हूं तो मुझे अपनी सेफ़्टी देखनी है. मैं फालतू में किसी से पंगे क्यों लूंगी. सारा देश देख रहा है कि किसकी ग़लती थी.

“वो जान-बूझकर मुझे हिट करके गए हैं. ये अटैम्प्ट टू मर्डर का केस है.”

उन्होंने कहा,”जब मैंने वो वीडियो पोस्ट किया तब गुरुग्राम पुलिस ने मुझसे इंस्टाग्राम के ज़रिए संपर्क किया था.”

सिया के मुताबिक़, “मैंने वो वीडियो इसलिए डाला क्योंकि लोगों को लगता है कि वो सड़क पर बाइक को या किसी लड़की को टक्कर मारके चले जाएंगे और उनका कुछ नहीं होगा. लोगों को डर नहीं है. तो मेरा मक़सद है कि लोगों को ऐसा काम करने के प्रति डर पैदा हो.”

“ट्रैफ़िक पुलिस फट से बाइक चलाने वालों का चालान कर देती है लेकिन जो लोग बाइक को टक्कर मार के चले जाते हैं. कई बार बाइक वालों की डैथ हो जाती है उनका क्या. रैश ड्राइविंग करने वाले कार सवारों पर कोई एक्शन क्यों नहीं.”

महिला बाइकर सिया

इमेज स्रोत, rebelwheels_sia

इस मामले में पुलिस के बयान के बाद सोमवार शाम महिला बाइकर सिया ने इंस्टाग्राम पर बताया कि वो अपनी पहचान उजागर नहीं करना चाहती हैं.

उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि वो अपने वकील के साथ इस मामले में एफ़आईआर दर्ज कराएंगी और क़ानूनी कार्रवाई करूंगी.

कौन हैं महिला बाइकर?

महिला बाइकर का कहना है कि रविवार को वो राइड पर अपने दोस्तों के साथ निकली थीं

इमेज स्रोत, rebelwheels_sia_/Instagram

सिया नामक महिला बाइकर ने रविवार की शाम को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया.

इस वीडियो में बाइक पर लगे कैमरे से कार से बाइक को टक्कर मारने की घटना दर्ज हुई है.

सिया का दावा है कि जब वो रविवार की सुबह संडे राइड के दौरान अपने दोस्तों के साथ बाइक चला रही थीं तो एक कार ने उनका पीछा किया.

उन्होंने कहा, “गोल्फ़ कोर्स रोड से जाते समय एक गाड़ी वाला उनका शुरुआत से पीछा कर रहा था. उसने गाड़ी से कोई एक्शन किया तो मैंने उससे कहा कि थोड़ा दूर चलाओ. वो कहता है कि ‘बाइक रोको.’ मुझ पर विश्वास करिए वो दारू पिए हुए थे.”

“मैं कोशिश करती हूं कि मैं उससे थोड़ा आगे चलूं ताकि वो अपनी गाड़ी मेरे बाइक के आगे लाकर न लगाए. उसी समय मेरा फ़्रेंड मेरे पीछे आता है और मुझे कवर करने की कोशिश करता है. हालांकि कार वाले ने मेरा लगातार पीछा किया और आख़िर में कट मारते हुए मुझे टक्कर मारकर निकल जाता है.”

“जब उसने मुझे टक्कर मारी तो मेरे दोस्त ने उसे कार को रोकने को कहा. मेरे दोस्त ने उसे रेड लाइट पर फिर से रोका और गाड़ी से निकलने को कहा लेकिन उसने कहा कि ‘मेरी ग़लती नहीं है.’ और वो वहां से भाग गया.”

इसके साथ ही महिला बाइकर सिया ने गुरुग्राम पुलिस से अपील की है कि वो इस मामले में कार्रवाई करे.

महिला बाइकर सिया ने इंस्टाग्राम पर सोमवार की शाम को एक बयान दिया. उन्होंने लिखा, “नमस्ते सभी को, और आप सभी के समर्थन के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद. मैंने देखा है कि कई लोग उस व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश कर रहे हैं, और मुझे एफ़आईआर के बारे में पूछने वाले संदेश भी मिल रहे हैं. मैं आज शाम तक अपने वकील के साथ मिलकर एफ़आईआर दर्ज कराऊंगी और क़ानूनी कार्रवाई करूंगी.”

“मुझे न्यूज़ चैनलों और पत्रकारों से इंटरव्यू के लिए बहुत सारे अनुरोध भी मिल रहे हैं. कृपया धैर्य रखें और शांत रहें. मैं अपनी पहचान या चेहरा उजागर नहीं करना चाहती, और इस समय मैं कोई इंटरव्यू नहीं दूंगी.”

“मुझे उम्मीद है कि हर कोई मेरे फैसले का सम्मान करेगा. मैं आपको अपडेट रखती रहूंगी. किसी भी जानकारी के लिए, कृपया मुझे इंस्टाग्राम पर डीएम करें. मेरे साथ खड़े रहने के लिए धन्यवाद.”

गुरुग्राम पुलिस ने क्या कहा?

वीडियो में कथित कार चालक को महिला बाइकर से बहस करते देखा जा सकता है

इमेज स्रोत, rebelwheels_sia_/Instagram

सोशल मीडिया एक्स पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने उन पोस्ट पर कमेंट कर बताया कि पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू की है.

गुरुग्राम पुलिस ने एक्स पर लिखा, “पीड़िता की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. हालांकि, गुरुग्राम पुलिस ने वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले में एफ़आईआर दर्ज कर ली है. आरोपियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और उनके ख़िलाफ़ कड़ी से कड़ी क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी.”

इसके बाद एक और एक्स पोस्ट में गुरुग्राम पुलिस ने लिखा, “इस घटनाक्रम में आरोपी की पहचान कर ली गई है. तीन टीमें लगाई गई हैं. आरोपी के ठिकानों पर रेड की जा रही है. आरोपी को जल्दी गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं.”

वहीं, गुरुग्राम एसीपी अभिलक्ष जोशी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया है कि संबंधित महिला से संपर्क साधा गया है और स्वतः संज्ञान लेते हुए सेक्टर-56 गुरुग्राम में एफ़आईआर रजिस्टर कर ली गई है.

उन्होंने बताया, “आरोपी की डिटेल्स गाड़ी की द्वारा देखी जा रही है और महिला को जांच में शामिल करके जो भी मामला आता है उसके हिसाब से आगे कार्रवाई होगी. महिला ने जो वीडियो में आरोप लगाया है, उसके हिसाब से कार्रवाई की जाएगी.”

ट्रैफ़िक लाइट पर महिला बाइकर के एक दोस्त ने कार को रोकने की कोशिश की थी

इमेज स्रोत, rebelwheels_sia_/Instagram

कार के कथित मालिक का क्या है कहना

महिला बाइकर के वीडियो में दिख रही कार मारुती सुज़ुकी की सियाज़ मॉडल है.

उन्होंने दावा किया है कि उन्होंने अपनी कार को अपने कल्याण सिंह नाम के दोस्त को दिया था.

समाचार एजेंसी एएनआई से मनीष ने कहा, “ये मेरी गाड़ी है. मैं काम पर था और मेरे दोस्त ने कार उधार ली थी. कल्याण सिंह ने कहा था कि उन्हें कहीं जाना था. उन्होंने दो दिनों के लिए इसे लिया था.”

“मुझे एक्सीडेंट के बारे में आज सुबह पता चला. मैंने उन्हें कॉल किया लेकिन उन्होंने फ़ोन नहीं उठाया. मैंने अपने पिता और दूसरे लोगों को उनके घर पर भेजा. वो हरियाणा में पलवल ज़िले से हैं.”

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह

कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.

SOURCE : BBC NEWS