Home LIFESTYLE NEWS HINDI बाजार से समोसे ला कर 10 मिनट में बनाएं चटपटी सी चाट,...

बाजार से समोसे ला कर 10 मिनट में बनाएं चटपटी सी चाट, मुंह में पानी ला देगी ये रेसिपी

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

कुछ चटपटा सा खाने का मन है तो बाजार से समोसे ला कर आप 10 मिनट में ये चाट बनाकर रेडी कर सकते हैं। बहुत ही टेस्टी लगती है और मेहमानों को सर्व करने के लिए भी परफेक्ट है। फटाफट नोट कर लें इसे बनाने का तरीका।

गरमा-गरम समोसे और साथ में चाय हो तो खा कर मजा ही आ जाता है। हलवाई के हाथों से बने कुरकुरे समोसे खाने का मजा ही कुछ और है। लेकिन क्यों ना इस बार आप समोसे को एक चटपटा ट्विस्ट दें? जी हां, बाजार से समोसे ला कर आप इनकी चटपटी सी चाट भी बनाकर तैयार कर सकते हैं। इसमें बिल्कुल टाइम नहीं लगता और ये इतनी टेस्टी होती है कि खा कर मजा आ जाता है। घर पर मेहमान आए हों और उनके लिए फटाफट से कोई स्नैक तैयार करना हो, तो हलवाई के यहां से समोसे ला कर आप तुरंत उनकी चटपटी चाट बना सकते हैं। इसमें दही, इमली की चटनी कुछ मसालों का इस्तेमाल कर के समोसे को बिल्कुल नए अंदाज में परोसा जाता है। तो चलिए फटाफट से रेसिपी जान लेते हैं।

समोसा चाट बनाने के लिए सामग्री

चटपटी और टेस्टी समोसा चाट बनाने के लिए आपको जिन सामग्रियों की जरूरत होगी वो हैं- समोसा (3), गरमा-गरम छोले (आधा कप), मीठी दही (1 कप), इमली की चटनी (2-3 बड़े चम्मच), हरी चटनी (2-3 बड़े चम्मच), बारीक कटी हुई प्याज (1), एक टमाटर और हरी मिर्च, भुना जीरा पाउडर (आधा चम्मच), चाट मसाला (आधा चम्मच), कुटी लाल मिर्च पाउडर (आधा चम्मच), बेसन वाली मूंगफली, पापड़ी, सेव और ताजा हरा धनिया पत्ता। इन सभी चीजों को आप अपने स्वादानुसार कम या ज्यादा कर सकते हैं।

बाजार वाले समोसे से बनाएं चटपटी सी चाट

सिंपल समोसे को चटपटा ट्विस्ट देना है तो ये चटकारेदार सी चाट बनाकर तैयार करें। इसके लिए सबसे पहले आपको गरमा-गरम समोसे लेने हैं और उन्हें एक मैशर की मदद से मैश कर लेना है। समोसे को पूरी तरह से मैश ना करें, ताकि उनकी क्रिस्पी लेयर और फिलिंग का स्वाद बना रहे। अब इनके ऊपर से गरमा-गरम छोले डालें। साथ ही ताजा दही भी एड करें।

स्वाद की टिप- दही को आपको पहले से ही अच्छी तरह फेंट लेना है। अगर दही बहुत गाढ़ी है तो थोड़ा सा पानी मिलाकर चाट के लिए सही कंसिस्टेंसी तैयार करें। दही में थोड़ी सी चीनी मिलाकर उसे मीठा भी कर सकते हैं।

अब मैश किए हुए समोसे में थोड़ी सी हरी चटनी और इमली की चटनी एड करें। ऊपर से बारीक कटा हुआ टमाटर, प्याज और हरी मिर्च एड करें। अगर आपको तीखा ज्यादा पसंद नहीं है तो हरी मिर्च को स्किप भी कर सकते हैं। मसालों में भुना जीरा पाउडर, चाट मसाला और कुटी हुई लाल मिर्च पाउडर एड करें।

आखिर में बेसन वाली मूंगफली, पापड़ी, सेव और हरा धनिया पत्ता डालकर गार्निश करें। समोसे की चटपटी सी चाट बनकर तैयार है। इसे तुरंत गरमा-गरम ही सर्व करें, ताकि समोसे की क्रिस्पिनेस बरकरार रहे।

समोसा चाट को और टेस्टी बनाने के तरीके

  • अगर समोसे ठंडे हो कर नर्म पड़ गए हैं तो चाट बनाने से ठीक पहले कुछ मिनट तवे, एयर फ्रायर या ओवन में गर्म कर लें। समोसे का क्रंच बना रहेगा।
  • समोसे में मसालेदार छोले डालकर चाट बनाएं। ये पहले से तैयार हैं तो चाट बनाने में मुश्किल से 10 मिनट लगेंगे।
  • दही ठंडी और फेंटी हुई इस्तेमाल करें।
  • मेहमानों के लिए समोसा चाट बना रहे हैं तो समोसे, दही, चटनी और बाकी चीजों को अलग-अलग तैयार रखें। सर्व करने से ठीक पहले प्लेटिंग करें, ताकि ये नर्म ना पड़ें।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN