Source :- LIVE HINDUSTAN
डिफेंस सेक्टर से जुड़ी भारत फोर्ज ने एयरक्राफ्ट इंजन बनाने वाली कंपनी ‘प्रैट एंड व्हिटनी कनाडा’ के साथ साझेदारी की है। इस साझेदारी के तहत दोनों कंपनियों ने भारत के हाई-एल्टीट्यूड, लॉन्ग-एंड्योरेंस (HALE) अनमैन्ड एरियल व्हीकल (UAV) प्रोग्राम पर काम करने की घोषणा की है। यह UAV यानी ड्रोन प्रोजेक्ट DRDO द्वारा डिजाइन और विकसित किया जा रहा है।
क्य कहा कंपनी ने?
भारत फोर्ज ने बताया कि इस साझेदारी के तहत प्रैट एंड व्हिटनी कनाडा, इंजन की कम्पैटिबिलिटी, परफॉर्मेंस और इंस्टॉलेशन की जरूरतों का मूल्यांकन करेगी। वहीं, भारत फोर्ज अपनी एडवांस्ड इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग और एयरोस्पेस सिस्टम क्षमताओं का इस्तेमाल करते हुए इंजन-एयरफ्रेम इंटीग्रेशन का काम संभालेगी। इसमें इंस्टॉलेशन डिजाइन और सिस्टम इंटरफेस शामिल हैं। भारत फोर्ज ने कहा कि भारत की स्वदेशी एयरोस्पेस और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग क्षमताओं को आगे बढ़ाने के मकसद से की गई यह साझेदारी सरकार की ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल के तहत भारत के स्वदेशी अनमैन्ड एरियल सिस्टम (UAV) प्रयासों को सपोर्ट करती है।
क्या कहा कंपनी के चेयरमैन ने?
भारत फोर्ज लिमिटेड के वाइस चेयरमैन और जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर अमित कल्याणी ने कहा, “प्रैट एंड व्हिटनी की दुनिया भर में साबित हो चुकी प्रोपल्शन टेक्नोलॉजी और भारत फोर्ज की इंजीनियरिंग और सिस्टम इंटीग्रेशन की विशेषज्ञता को मिलाकर, हमारा मकसद एक वर्ल्ड-क्लास HALE प्लेटफॉर्म के विकास में मदद करना है।”
वहीं, प्रैट एंड व्हिटनी के वाइस प्रेसिडेंट और कंट्री हेड आशीष सराफ ने कहा, “यह सहयोग भारत के एयरोस्पेस और डिफेंस टारगेट को पूरा करने में मदद करने के हमारे लगातार संकल्प को दिखाता है। प्रैट एंड व्हिटनी कनाडा के टर्बोप्रॉप इंजन मुश्किल ऑपरेशनल हालात में भी भरोसेमंद साबित हुए हैं और भारत के HALE प्रोग्राम के लिए ठीक इसी तरह के इंजन की जरूरत है।”
HALE UAVs जमीन और समुद्र दोनों इलाकों में लंबे समय तक निगरानी, खुफिया जानकारी जुटाने और टोह लेने की सुविधा देते हैं। भारत के लिए ऐसे UAV रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण हैं, क्योंकि इनका इस्तेमाल सीमावर्ती इलाकों, समुद्री क्षेत्र और दूसरे संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी में किया जा सकता है।
शेयर का परफॉर्मेंस
भारत फोर्ज के शेयर की बात करें तो मंगलवार को 3.40% टूटकर 1874 रुपये पर बंद हुआ। इंट्रा-डे में शेयर 1,948 रुपये तक गया था। अगस्त 2026 में शेयर 2,293 रुपये पर था। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है। शेयर के 52 हफ्ते का लो 1,179.40 रुपये है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे
भारत फोर्ज लिमिटेड को चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में 89.89 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। कंपनी की जर्मनी स्थित सब्सिडयरी इकाई के पुनर्गठन के लिए किए गए प्रावधान के कारण वह घाटे में रही। कंपनी को पिछले वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में 283.87 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। अप्रैल-जून तिमाही में आय बढ़कर 4,639.94 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 3,908.75 करोड़ रुपये थी।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




