Home - iPhone 18 Pro Max vs iPhone 17 Pro Max: नए मॉडल में...

iPhone 18 Pro Max vs iPhone 17 Pro Max: नए मॉडल में क्या-क्या बदला?

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

iPhone 18 Pro Max में A20 Pro चिप, वेरिएबल अपर्चर कैमरा और बेहतर बैटरी जैसे बड़े अपग्रेड मिले हैं। जानिए iPhone 17 Pro Max की तुलना में नए मॉडल में क्या बदला और भारत में दोनों की कीमत में कितना अंतर है।

कैलिफोर्निया की टेक कंपनी ऐपल ने अपने नए iPhone 18 Pro Max में कई बड़े हार्डवेयर अपग्रेड किए हैं। पहली नजर में यह फोन iPhone 17 Pro Max से काफी मिलता-जुलता नजर आता है, लेकिन कैमरा, प्रोसेसर, बैटरी और चार्जिंग के मामले में कंपनी ने कई बदलाव किए हैं। ऐसे में सवाल यह है कि पिछले साल के iPhone 17 Pro Max के मुकाबले नया iPhone 18 Pro Max कितना अलग है और क्या नए मॉडल के लिए ज्यादा पैसे खर्च करना सही फैसला साबित हो सकता है या नहीं।

ऐसा है डिस्प्ले और डिजाइन

iPhone 18 Pro Max में 6.9 इंच का OLED डिस्प्ले दिया गया है। डिस्प्ले साइज पिछले मॉडल जैसा ही है और दोनों फोन में 120Hz रिफ्रेश रेट का सपोर्ट मिलता है। डिजाइन में भी बहुत बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलता। हालांकि, नए मॉडल का वजन थोड़ा बढ़ गया है। इसका मतलब है कि हाथ में इस्तेमाल करने पर iPhone 18 Pro Max पिछली जेनरेशन की तुलना में थोड़ा भारी महसूस हो सकता है।

कैमरा को मिला बड़ा अपग्रेड

कैमरा के मामले में iPhone 18 Pro Max का सबसे बड़ा बदलाव मेन कैमरे में देखने को मिलता है। इसमें 48 मेगापिक्सल का मेन कैमरा दिया गया है, लेकिन इस बार वेरिएबल अपर्चर सिस्टम जोड़ा गया है। यह कैमरा अलग-अलग परिस्थितियों के हिसाब से अपर्चर को बदल सकता है। इससे खासतौर पर कम रोशनी में फोटो लेने और डेप्थ इफेक्ट वाली तस्वीरों में ज्यादा कंट्रोल मिलने की उम्मीद है। अल्ट्रा-वाइड और टेलीफोटो कैमरे भी प्रो-लेवल फोटोग्राफी और वीडियो रिकॉर्डिंग के लिए मौजूद हैं।

परफॉर्मेंस के लिए नया चिप

बेहतर परफॉर्मेंस के लिए iPhone 18 Pro Max में नई A20 Pro चिप का इस्तेमाल किया गया है, जबकि iPhone 17 Pro Max में A19 Pro चिप मिलती है। नई चिप के साथ बेहतर थर्मल मैनेजमेंट के लिए कूलिंग सिस्टम में भी बदलाव किया गया है। इसका फायदा लंबे समय तक गेमिंग, वीडियो एडिटिंग या दूसरे हैवी टास्क करने के दौरान मिल सकता है।

बैटरी परफॉर्मेंस भी हुआ सुधार

बैटरी के मामले में भी नया मॉडल आगे है। iPhone 18 Pro Max में पहले के मुकाबले ज्यादा बैटरी बैकअप मिलता है। कंपनी ने चार्जिंग स्पीड में भी सुधार किया है, जिससे फोन को कम समय में ज्यादा चार्ज किया जा सकता है। लंबे समय तक फोन इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए यह बदलाव खास तौर पर उपयोगी हो सकता है।

इतनी है दोनों मॉडल्स की कीमत

कीमत की बात करें तो भारत में iPhone 18 Pro Max की शुरुआती कीमत 1,79,900 रुपये रखी गई है, जबकि iPhone 17 Pro Max की शुरुआती कीमत 1,49,900 रुपये थी। यानी दोनों के बीच शुरुआती कीमत में करीब 30,000 रुपये का अंतर है। ऐसे में iPhone 18 Pro Max मुख्य रूप से उन यूजर्स के लिए बड़ा अपग्रेड बनता है जिन्हें बेहतर कैमरा कंट्रोल, नई चिप, ज्यादा बैटरी और तेज चार्जिंग जैसी सुविधाएं चाहिए। वहीं iPhone 17 Pro Max अभी भी प्रीमियम हार्डवेयर और दमदार कैमरा सेटअप वाला फोन है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN