Home rss business hindi गोल्ड बॉन्ड ने निवेशकों की बदली किस्मत, थोड़ा इंतजार और ₹1 लाख...

गोल्ड बॉन्ड ने निवेशकों की बदली किस्मत, थोड़ा इंतजार और ₹1 लाख के बने ₹3.95 लाख

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Sovereign Gold Bond scheme: केंद्र सरकार की कई योजनाएं हैं, जिसमें निवेश करने पर शानदार रिटर्न मिल सकता है। ऐसी ही एक स्कीम सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड (SGB) स्कीम है। अगर आप इस स्कीम में निवेश कर चुके हैं तो ये खबर आपके काम की हो सकती है। दरअसल, 17 सितंबर 2019 को जारी किए गए इस सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की समय से पहले निकासी (प्री-मैच्योर रिडेम्पशन) के लिए कीमत 17 सितंबर 2026 को तय की गई है। इसके तहत बॉन्ड की कीमत को 15,173 रुपये प्रति यूनिट तय की गई है। इसका मतलब है कि इस सीरीज में जिन निवेशकों ने करीब सात साल पहले निवेश किया था उन्हें सोने की कीमत बढ़ने का बड़ा फायदा मिला है।

कितना मिला रिटर्न?

साल 2019 में सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड को ऑनलाइन खरीदने वाले निवेशकों के लिए इश्यू प्राइस 3840 रुपये प्रति ग्राम था। इस तरह शुरुआती कीमत के मुकाबले रिडेम्पशन प्राइस 15,173 रुपये होने पर निवेशकों को करीब 11,333 रुपये प्रति ग्राम का फायदा हुआ है। यह करीब 295 फीसदी रिटर्न को दिखाता है। हालांकि, इस गणना में सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड पर मिलने वाला ब्याज शामिल नहीं है। बता दें कि सामान्य तौर पर सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड पर सरकार 2.50 फीसदी सालाना की निश्चित ब्याज दर देती है।

रकम के हिसाब से कितना मुनाफा

अगर रकम के हिसाब से सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड के रिटर्न की बात करें तो जिस निवेशक ने सितंबर 2019 में 1 लाख रुपये का निवेश किया होगा उसके बॉन्ड की वैल्यू अब करीब 3.95 लाख रुपये हो गई है। कहने का मतलब है कि रकम में करीब 2.95 लाख रुपये की बढ़त दर्ज की गई है। RBI के नियमों के अनुसार सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की समय से पहले निकासी की कीमत सोने की कीमत के आधार पर तय होती है।

क्या है सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड?

सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड यानी SGB की बात करें तो इसकी निगरानी भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) करता है। इसके तहत गोल्ड बॉन्ड जारी किया जाता है। इसका मूल्य ग्राम में सोने के हिसाब से तय होता है। इसका उद्देश्य निवेशकों को फिजिकल गोल्ड रखने के विकल्प के तौर पर एक वित्तीय साधन उपलब्ध कराना है। निवेशक बॉन्ड खरीदते समय इश्यू प्राइस का भुगतान करते हैं और मैच्योरिटी या पात्र समय से पहले रिडेम्पशन पर उन्हें रकम का भुगतान किया जाता है। सॉवरेन गोल्ड बॉन्ड की एक खासियत यह है कि इसमें सोने की कीमत बढ़ने से होने वाले संभावित लाभ के अलावा सरकार की ओर से ब्याज भी मिलता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN