Source :- LIVE HINDUSTAN
एशियन गेम्स में खिलाड़ियों के कमरे को लेकर हो रही अव्यवस्था पर भारत के फाइटर वरुण सन्याल ने वीडियो शेयर किया है। उन्होंने बताया कि एथलीटों को जापान पहुंचने के बाद काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा।
जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले एशियन गेम्स में हिस्सा लेने के लिए ज्यादातर एथलीट पहुंच गए हैं। हालांकि खिलाड़ियों को आवास को लेकर अव्यवस्था का सामना करना पड़ा है। उद्घाटन समारोह से कुछ घंटे पहले खिलाड़ियों को एयरपोर्ट पहुंचे के बाद और फिर ठहरने की जगह मिलने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। भारत के अलावा अन्य देशों के एथलीटों को भी समस्याएं आ रही हैं। इस बीच वरुण सान्याल ने जापान पहुंचने के बाद हुई परेशानी के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके वहां आ रही समस्याओं के बारे में बताया लेकिन कुछ समय बाद उन्होंने वीडियो डिलीट कर दिया।
वरुण सन्याल ने शेयर किया अपना अनुभव
मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स फाइटर वरुण सन्याल ने जनवरी 2026 में चीन में हुए एशियन चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था और अब एशियन गेम्स में भारत के लिए मेडल की उम्मीद के साथ गए हैं। हालांकि वहां पहुंचने के बाद उन्होंने आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स में खराब व्यवस्था की पोल खोल दी है। आइची-नागोया एशियाई खेलों में मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स पहली बार शामिल हुआ है। शनिवार से शुरू होने वाले आइची-नागोया खेलों में भारत के 501 खिलाड़ी और 265 अधिकारी हिस्सा लेंगे। भारतीय दल के सदस्यों के ठहरने की व्यवस्था कंटेनरनुमा कमरों, बंदरगाह पर खड़े क्रूज जहाज और होटलों में की गई है। करीब 17,000 अन्य प्रतिभागियों के लिए भी इसी तरह की आवास व्यवस्था की गई है।
वरुण सान्याल ने सात मिनट का वीडियो शेयर किया था, जोकि बाद में डिलीट कर दिया गया। इसमें उन्होंने जापान पहुंचने के बाद हुई दिक्कतों के बारे में बात की है। उन्होंने बताया कि कन्वेंशन सेंटर पर खिलाड़ियों को काफी देर इंतजार कराना पड़ा। उनके पास सरकारी आईडी कार्ड था, जो वीजा भी है, फिर भी सिस्टम में उनका नाम नहीं निकला। करीब तीन घंटे इंतजार कराया गया। ना कोई साफ जवाब मिला, ना खाना। जापान पहुंचते ही काफी उलझन और परेशानी हुई।
सान्याल ने खोल दी पोल
सान्याल ने वीडियो में कहा, ”काफी अजीब दिन बिता है और ये खत्म नहीं हुआ है। मुझे लगा ये खत्म हो गया है लेकिन ऐसा नहीं है। खिलाड़ियों के कमरों और कमरे बांटने को लेकर बहुत अव्यवस्था है। अगर ऐसा भारत में हुआ होता, तो सौ प्रतिशत यह एक बहुत बड़ा मुद्दा बन जाता। मीडिया इसे जोर-शोर से चलाता और देश इस बात से बच नहीं पाता।”
उन्होंने आगे कहा, ”जब आप नागोया जाते हैं, एयरपोर्ट से वह आपको शटल से ले जाते हैं और जब आप वहां पहुंचते हैं la अफरा-तफरी मची होती है। मैं काउंटर पर गया और वो सिस्टम में मेरा नाम ही नहीं खोज पाए। ऐसा लगा जैसे सिस्टम में मेरा वजूद ही नहीं है। इसमें करीब दो घंटे लग गए… मैं बढ़ा-चढ़ाकर नहीं कह रहा, वे दो घंटे तक इधर-उधर भागते रहे। वहां से निकले तो तीन घंटे हो चुके थे। और मेरी समस्या तब भी नहीं सुलझी थी।”
सान्याल ने एक्स पर अपडेट देते हुए लिखा, ”दो दिन से जागते हुए और 10 घंटे के इंतजार के बाद मुझे कमरा दिया गया। मैं 30 मिनट ही सो पाया कि तभी दो भारतीय एथलीटों मुझे हैरानी से देख रहे थे, जिससे मैं जग गया, पता चला कि ये कमरा उन्हें भी दिया गया है और अब वे फंसे हुए हैं।”
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




