Source :- BBC INDIA
इमेज स्रोत, Getty Images
प्रकाशित
पढ़ने का समय: 5 मिनट
बॉलीवुड स्टार सलमान ख़ान ने ऑनलाइन ट्रोलिंग करने वालों को आड़े हाथ लिया है.
‘रियलिटी शो’ बिग बॉस में सलमान ख़ान ने कहा कि समाज में ट्रोलिंग की प्रवृत्ति बढ़ती जा रही है. लोगों की उम्र, सेहत, लुक, परिवार और यहां तक कि मां बनने पर भी ट्रोलिंग की जा रही है.
सलमान ख़ान ने किसी का नाम नहीं लिया लेकिन उनकी ये टिप्पणी पिछले दिनों बॉलीवुड अभिनेत्री कैटरीना कैफ़ की ट्रोलिंग की घटना के बाद आई है.
पति विक्की कौशल के साथ एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद, कैटरीना कैफ़ की कुछ तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे.
कैटरीना कैफ़ और विक्की कौशल ने पिछले साल नवंबर में एक बेटे का स्वागत किया था.
इसके लगभग नौ महीने बाद कैटरीना पहली बार एक सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आईं और मां बनने के बाद उनके लुक में बदलाव को देखकर सोशल मीडिया पर उन्हें निशाना बनाया गया.
कैटरीना की तस्वीरों पर कई यूजर्स ने कमेंट करते हुए उनके वज़न बढ़ने पर सवाल उठाए थे.
कुछ लोगों ने तो उन्हें बॉडी शेमिंग का शिकार बनाया. वहीं कई लोगों ने ट्रोलिंग करने वालों की आलोचना करते हुए समझाया कि गर्भावस्था और प्रसव एक महिला के शरीर को कैसे प्रभावित करते हैं.
सलमान ख़ान ने ट्रोलिंग को लेकर क्या कहा
इमेज स्रोत, Getty Images
सलमान ख़ान ने रियलिटी शो बिग बॉस में ट्रोलिंग की आलोचना करते हुए कहा कि लोग हर शो में उनकी उम्र को लेकर टिप्पणी करते हैं. लोग कहते हैं कि सलमान ख़ान बूढ़ा हो गया है.
उन्होंने कहा, ”हर शो में लोग उम्र पर टिप्पणी करते हैं. वो (सलमान ख़ान) बूढ़ा हो गया है. आप किस चीज पर ट्रोल कर रहे हैं. उसके वज़न पर उसके लुक पर.उसके ख़ानदान पर. किसी की स्माइल पर किसी के फ्लॉप होने पर ट्रोलिंग की जाती है. किसी की मां बनने पर ट्रोलिंग होती है. ऐसा करके आप दिखाते हैं कि आपकी परवरिश कैसी हुई है. मुझे ट्रोल किया गया. लोग कहते हैं कि बूढ़ा हो गया है. साठ साल हो गए हैं, यार. कर लो न ट्रोल, कितना करना चाहते हैं.”
इसके बाद उन्होंने शो के दौरान ही अपनी टी-शर्ट उतारी और अपना शरीर दिखाते हुए कहने लगे, ” लोग कहते हैं कि भाई (सलमान) मोटा हो गया है. भाई को ट्रोल कर रहे हैं लोग. ये लोग जो कमेंट करते हैं, वो पहले अपनी शक्ल देख लें. अपना जिस्म देख लें. उसके बाद ट्रोलिंग करें. अपने मां-बाप को देखें. पहले उनकी सेहत देखें. उसके बाद ट्रोलिंग करें.”
उन्होंने कहा, ”ये समझ में आता है कि कोई कहता है कि भाई का वज़न बढ़ या घट गया.लेकिन लोग मज़ाक उड़ाते हैं. सोहेल (सलमान के भाई), वरुण की ट्रोलिंग की जाती है. हर इंडस्ट्री में ट्रोलिंग करने वाले लोग हैं. मैं फटे हुए जूते भी पहनता हूं. अगली बार वो भी पहनकर आऊंगा. फिर ट्रोलिंग करते रहना. पॉलिटिशियन, एक्टर सबकी ट्रोलिंग करते हैं ये लोग. अगर उनका काम अच्छा नहीं है तो बोलिए कि आप अच्छे नेता या अभिनेता नहीं है.”
कैटरीना कैफ़ की ट्रोलिंग के ख़िलाफ़ लोगों ने क्या कहा था
इमेज स्रोत, Getty Images
पिछले दिनों अभिनेत्री कैटरीना कैफ़ एक कार्यक्रम में पति विक्की कौशल के साथ शामिल हुई थीं. इसके बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने उन्हें ट्रोल किया था.
कई सोशल मीडिया यूजर्स, पत्रकारों और मनोरंजन विश्लेषकों ने ऐसी टिप्पणियों को ‘बॉडी शेमिंग’ करार दिया. उनका कहना है कि किसी के शरीर, रूप-रंग या शारीरिक बनावट का मज़ाक उड़ाना या उसकी आलोचना करना कभी भी उचित नहीं है.
पूर्व सांसद और शिव सेना (उद्धव) की प्रियंका चतुर्वेदी ने एक्स पर लिखा, “प्रिय महिलाओं, आपका वज़न बढ़े या घटे, आपकी उम्र, आपका लुक, आपका शरीर या आपकी त्वचा कैसी है- इस पर टिप्पणी करने वाले हर व्यक्ति को आपको कोई सफाई देने की ज़रूरत नहीं है. आज कैटरीना हों या कल कोई और, हमें किसी को कोई जवाब देने की ज़रूरत नहीं है- हमारी ज़िंदगी, हमारा शरीर और हमारे फ़ैसले हमारे अपने हैं.”
अभिनेत्री और बीजेपी लीडर खुशबू सुंदर ने एक्स पर लिखा, “कैटरीना, आपने हमेशा अपनी ज़िंदगी अपने तरीके से, गरिमा, शालीनता और आत्मसम्मान के साथ जी है. आगे भी बिल्कुल ऐसा ही करती रहिए.
उन्होंने लिखा, “आपको अपने शरीर के बारे में किसी को कोई सफाई देने की ज़रूरत नहीं है. मां बनने के बारे में भी किसी को कोई जवाब देने की ज़रूरत नहीं है. वज़न बढ़ने को लेकर भी किसी को सफाई देने की ज़रूरत नहीं है. और अब आप कैसी दिखती हैं, इसे लेकर भी आपको किसी को कोई स्पष्टीकरण देने की ज़रूरत नहीं है.”
खुशबू ने लिखा, ” कहते हैं, सुंदरता देखने वाले की नज़र में होती है. और आप कितनी खूबसूरत दिखना चाहती हैं, इसका भी किसी को जवाब देना आपकी ज़िम्मेदारी नहीं है.”
मनोरंजन विश्लेषक फरीदुन शाहरयार ने लिखा कि कैटरीना कैफ़ तस्वीरों में बेहद खूबसूरत और आकर्षक लग रही हैं.
उन्होंने आलोचकों से अपील की कि वे अपनी नकारात्मक और ज़हरीली टिप्पणियों से लोगों के जीवन के सुखद और निजी पलों को खराब करने की कोशिश न करें.
उन्होंने कहा, “यही कारण है कि कई कलाकार वज़न कम करने के लिए अप्राकृतिक तरीकों का सहारा लेते हैं और कई लोगों ने तो इसके कारण अपनी जान भी गंवा दी है.”
फरीदुन शाहरयार ने आगे कहा, “कैटरीना कैफ़ ने अपने जीवन में बहुत कुछ हासिल किया है. उनके जीवन का यह समय अभी बहुत महत्वपूर्ण है और उनका बच्चा उनके लिए बहुत अनमोल है.”
कई यूजर्स का कहना था कि सोशल मीडिया पर महिलाओं के लुक पर लगातार ध्यान केंद्रित करने से न केवल मशहूर हस्तियों बल्कि आम महिलाओं के आत्मसम्मान पर भी असर पड़ रहा है.
उनके विचार में, शरीर में होने वाले प्राकृतिक परिवर्तनों के बारे में अधिक जागरूकता, सहानुभूति और जिम्मेदार चर्चा की आज पहले से कहीं अधिक ज़रूरत है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
SOURCE : BBC NEWS




