Source :- LIVE HINDUSTAN
ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर इसी महीने कर्ज-मुक्त दर्जा हासिल कर सकती है। पीसी ज्वैलर ने मंगलवार को एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि इसी महीने कर्ज-मुक्त दर्जा हासिल करने के अपने लक्ष्य की दिशा में कंपनी ने 1 और बैंक का पूरा बकाया कर्ज चुका दिया है। कंपनी ने 30 सितंबर 2024 के सेटलमेंट एग्रीमेंट की शर्तों के तहत यह लोन चुकाया है। पीसी ज्वैलर लिमिटेड के शेयर मंगलवार को BSE में 6.33 पर्सेंट के उछाल के साथ 13.60 रुपये पर बंद हुए हैं।
बैंकों की 98 पर्सेंट से ज्यादा उधारी चुकाई
पीसी ज्वैलर लिमिटेड (PC Jeweller) ने बताया है कि इस सफल लोन क्लीयरेंस के साथ ही कंपनी ने अब 14 कंसोर्शियम बैंकों में से 12 बैंकों की पूरी उधारी चुका दी है। कंपनी ने बताया है कि सभी रिपेमेंट्स तय तारीख से पहले किए गए हैं। इस रिपेमेंट के साथ ही पीसी ज्वैलर ने बैंकों का 98 पर्सेंट से ज्यादा बकाया लोन चुका दिया है। पीसी ज्वैलर लिमिटेड, बैंकों का बचा 2 पर्सेंट से कम लोन चुकाने की राह पर है और इसी महीने कर्ज-मुक्त दर्जा हासिल कर लेगी। कंपनी का कहना है कि यह उसकी बैलेंस शीट और वित्तीय स्थिति को मजबूत करेगा।
5 साल में 433% उछल गए हैं पीसी ज्वैलर के शेयर
ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर लिमिटेड (PC Jeweller) के शेयरों में 5 साल में 433 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है। इस अवधि के दौरान कंपनी के शेयर 2.55 रुपये से बढ़कर 13.60 रुपये पर जा पहुंचे हैं। पिछले 3 साल में पीसी ज्वैलर के शेयरों में 413 पर्सेंट का उछाल आया है। हालांकि, पिछले एक साल में कंपनी के शेयर लगभग फ्लैट रहे हैं। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 14.45 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 7.45 रुपये है। पीसी ज्वैलर का मार्केट कैप मंगलवार को 13,247 करोड़ रुपये के पार जा पहुंचा है।
10 टुकड़ों में बंट चुका है कंपनी का शेयर
पीसी ज्वैलर लिमिटेड अपने शेयर का भी बंटवारा कर चुकी है। कंपनी अपने शेयर को 10 टुकड़ों में बांट चुकी है। कंपनी ने दिसंबर 2024 में 10 रुपये फेस वैल्यू वाले अपने शेयर को 1-1 रुपये फेस वैल्यू वाले 10 शेयरों में बांटा है। इससे पहले, कंपनी अपने शेयरधारकों को बोनस शेयर का तोहफा भी दे चुकी है। कंपनी ने जुलाई 2017 में अपने निवेशकों को 1:1 के रेशियो में बोनस शेयर दिए। यानी, कंपनी ने हर 1 शेयर पर 1 बोनस शेयर दिया।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




