Source :- LIVE HINDUSTAN
हरा धनिया से चटनी पीसने के बाद उसका रंग कुछ ही दिन में बदला हुआ दिखने लगता है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो चटनी पीसते समय कुछ आसान हैक्स को अपनाएं। ये चटनी के रंग को कई दिनों तक हरा रखने में मदद करेंगे।
चटनी को खाने के साथ साइड्स के तौर पर सर्व किया जाता है। थोड़ी सी चटनी ही खाने के स्वाद को कई गुना बढ़ा देती है। कई घरों में लोग रोजाना के खाने के साथ इसे खाना पसंद करते हैं। लेकिन हर दिन इसे बनाना थोड़ा मुश्किल लगता है इसलिए कुछ घरों में इसे बल्क में पीसकर फ्रिज में स्टोर कर दिया जाता है। लेकिन कई बार घर में बनी चटनी को स्टोर करने पर इसका रंग हल्का काला पड़ जाता है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो आपको चटनी बनाते वक्त कुछ सिंपल टिप्स को फॉलो करना चाहिए। इससे चटनी का रंग कई दिनों तक हरा रहेगा और स्वाद- खुशबू भी बनी रहेगी। जानिए चटनी पीसते समय किन आसान हैक्स को अपनाएं-
चटनी के हरे रंग को बरकरार रखने के लिए कैसे पीसें
1) ठंडी सामग्री इस्तेमाल करें
धनिया-पुदीना की चटनी का रंग अक्सर पीसते समय ही बदल जाता है। इसके रंग को हरा रखने के लिए दोनों चीजों को फ्रेश खरीदें और फिर धोने के बाद कुछ मिनट फ्रिज में रखें। इसके अलावा पीसते समय गर्मी न बनने दें। इसके लिए आप पीसते समय ठंडे पानी की जगह 1–2 बड़े क्यूब्स बर्फ के डालकर ही चटनी को पीसें। आप चटनी में डालने के लिए एक कटोरी में अलग से बर्फ जमा सकते हैं।
2) नींबू पहले डालें
चटनी में खट्टेपन का स्वाद अच्छा लगता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि रंगत बनाए रखने के लिए भी नींबू काफी मददगार साबित हो सकता है। इसके लिए चटनी पीसते समय थोड़ा नींबू का रस डालें इससे रंग को ताजा बनाए रखने में मदद मिलती है।
3) मिक्सर को लगातार न चलाएं
जल्दबाजी में अक्सर लोग चटनी को जाल में डालते हैं और फिर मिक्सर को चला छोड़े देते हैं। मिक्सर को ज्यादा देर तक चलाने से इसमें गर्मी पैदा होती है। जिससे रंग बिगड़ सकता है। इसलिए सबसे अच्छा है कि आप 5 से 10 सेकंड के छोटे-छोटे पल्स में पीसें।
4) पानी कम रखें
चटनी बहुत ज्यादा पतली हो तो बेकार लगती है। इसलिए जरूरत के अनुसार थोड़ा-थोड़ा पानी डालें। बहुत ज्यादा पानी चटनी को फीका कर सकता है। इसके अलावा चटनी को धोने के बाद एक्सट्रा पानी निकाल दें। गीली पत्तियों को लंबे समय तक रखने से उनका रंग बदल जाता है, जिसकी वजह से चटनी का रंग भी अच्छा नहीं आता।
5) सही डिब्बे में रखें
चटनी को पीसने के बाद स्टील या कांच के बर्तन में रखें। तैयार चटनी को एयरटाइट कंटेनर में डालकर तुरंत फ्रिज में रखने से उसका रंग हरा रहता है। इसके अलावा अगर चटनी कुछ समय रखनी है, तो उसके ऊपर 1 चम्मच तेल डालें। इसकी बहुत पतली परत हवा का संपर्क को कम कर सकती है।
6) नमकीन डालें
चटनी में नमकीन डालने से इसका रंग काफी अच्छा आता है। आप चटनी में सिंपल भुजिया या फिर कोई मिक्सचर डाल सकते हैं। इससे रंग बहुत अच्छी आती है और चटनी एक खास गाढ़ापन भी आता है। आप चाहें तो नमकीन के साथ कुछ भुने हुए चने भी डाल सकते हैं। इससे भी चटनी की रंग और गाढ़ापन सही रहता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



