Source :- LIVE HINDUSTAN
देशभर में बैंक ग्राहकों के लिए सितंबर के आखिरी सप्ताह में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल का प्रस्ताव दिया है। संगठन का दावा है कि वह बैंकिंग सेक्टर के करीब 90 फीसदी अधिकारियों और कर्मचारियों का प्रतिनिधित्व करता है।
हड़ताल के दौरान शाखाओं में कामकाज प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए एसबीआई ने ग्राहकों को पहले से जरूरी बैंकिंग काम निपटाने की सलाह दी है। हालांकि बैंक ने यह भी कहा है कि आवश्यक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। शाखाओं में वास्तविक असर कर्मचारियों की हड़ताल में भागीदारी पर निर्भर करेगा।
वहीं, उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक ने अपने ग्राहकों को भेजे मैसेज में कहा है, “प्रिय ग्राहक, प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल (28 से 30 सितम्बर 2026) में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं | कृपया आवश्यक लेन-देन हड़ताल से पूर्व कर लें | बैंक की ATM/UPI/मोबाइल बैंकिंग/ इंटरनेट बैंकिंग /BC सेवाएं उपलब्ध रहेंगी | सादर- -UPGB”
26 से 30 सितंबर तक पांच दिन का असर
28 से 30 सितंबर के बीच प्रस्तावित हड़ताल से पहले 26 और 27 सितंबर को शनिवार-रविवार का अवकाश है। ऐसे में कई ग्राहकों के लिए 26 सितंबर से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों तक शाखा जाकर बैंकिंग काम करना मुश्किल हो सकता है।
हालांकि अलग-अलग राज्यों में बैंक अवकाश कैलेंडर और हड़ताल में भागीदारी के आधार पर स्थिति अलग हो सकती है। इसलिए जिन ग्राहकों को बैंक शाखा में जाकर कोई जरूरी काम करना है, उन्हें 25 सितंबर तक उसे पूरा करने की कोशिश करनी चाहिए।
कौन से काम पहले निपटाएं
अगर आपको कैश जमा करना है, चेक से जुड़ा काम है, केवाईसी अपडेट कराना है, दस्तावेज जमा करने हैं, डिमांड ड्राफ्ट बनवाना है या किसी कर्मचारी की सहायता जरूरी है तो इसे पहले कर लेना बेहतर होगा। ऐसे काम जिनमें बैंक कर्मचारी की मदद या भौतिक दस्तावेज की जरूरत पड़ती है, वे हड़ताल के दौरान प्रभावित या विलंबित हो सकते हैं। चेक से संबंधित कुछ प्रक्रियाओं में भी देरी संभव है।
ग्राहकों के लिए जरूरी चेकलिस्ट
25 सितंबर से पहले: शाखा में होने वाले जरूरी काम पूरे करें।
कैश की जरूरत है: ATM/ADWM से पहले ही व्यवस्था कर लें।
EMI/SIP: खाते में पर्याप्त बैलेंस रखें।
UPI/नेट बैंकिंग: जरूरी डिजिटल भुगतान के लिए इनका इस्तेमाल करें।
चेक और दस्तावेज: चेक प्रोसेसिंग, KYC और दस्तावेज संबंधी काम पहले करा लें।
लास्ट डेट वाले काम: किसी भी बैंकिंग काम की डेडलाइन 28-30 सितंबर के बीच है तो उसे पहले पूरा करें।
UPI, YONO और नेट बैंकिंग चलते रहेंगे?
प्रस्तावित हड़ताल का मुख्य असर शाखा आधारित सेवाओं पर पड़ने की आशंका है। SBI ने ग्राहकों को इंटरनेट बैंकिंग, YONO, मोबाइल बैंकिंग और UPI जैसे डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
इन माध्यमों से पैसे ट्रांसफर करने, बिल भुगतान करने और अन्य सामान्य डिजिटल लेनदेन किए जा सकते हैं। हालांकि किसी तकनीकी खराबी या निर्धारित रखरखाव के दौरान डिजिटल सेवाएं अस्थायी रूप से प्रभावित हो सकती हैं।
EMI और क्रेडिट कार्ड बिल का क्या होगा?
सिर्फ बैंक हड़ताल की वजह से EMI या क्रेडिट कार्ड बिल भुगतान सामान्यतः रुकने की जरूरत नहीं है। ग्राहक UPI, नेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, बैंक ऐप या उपलब्ध अन्य डिजिटल माध्यमों से भुगतान कर सकते हैं।
सबसे जरूरी बात यह है कि EMI, SIP या किसी अन्य ऑटो-डेबिट के लिए खाते में पर्याप्त पैसा रखें। अगर किसी भुगतान की अंतिम तारीख हड़ताल के दौरान है तो उसे आखिरी समय तक टालने के बजाय पहले ही भुगतान करना सुरक्षित रहेगा।
हड़ताल क्यों हो रही है?
UFBU पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत कर्मचारियों से जुड़े कई मुद्दों के समाधान की मांग कर रहा है। इनमें पेंशन में सुधार, सभी पेंशनभोगियों के लिए समान महंगाई भत्ता फॉर्मूला और NPS से जुड़े कर्मचारियों को पुरानी पेंशन व्यवस्था में जाने का विकल्प देने जैसी मांगें शामिल हैं।
इनपुट: एजेंसीज
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




