Home rss world hindi चीन और अमेरिका लड़ेंगे तो… वाइट हाउस में ट्रंप को जिनपिंग की...

चीन और अमेरिका लड़ेंगे तो… वाइट हाउस में ट्रंप को जिनपिंग की खरी-खरी

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गुरुवार को वाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से मुलाकात के दौरान कहा कि दोनों देशों को ईमानदारी से साथ काम करना चाहिए। शी ने कहा कि चीन और अमेरिका के हित गहराई से जुड़े हुए हैं और सहयोग के बिना दुनिया की कई समस्याएं हल करना मुश्किल होगा।

चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने गुरुवार को वाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों के बीच ईमानदारी से सहयोग करने की अपील की। शी ने कहा कि चीन और अमेरिका के हित एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं और दोनों देशों के लिए साथ मिलकर काम करने की काफी गुंजाइश है। शी ने ट्रंप से कहा कि हमें ईमानदारी से सहयोग करना चाहिए। चीन और अमेरिका के हित आपस में जुड़े हुए हैं। हमारे लिए साथ काम करने का काफी मौका है। उन्होंने सीधे शब्दों में कहा कि अगर दोनों देश आपस में लड़ते रहे तो सिर्फ हार ही होगी।

दुनिया की हर समस्या नहीं सुलझेगी, लेकिन…

शी ने साफ कहा कि चीन और अमेरिका के सहयोग से दुनिया की हर समस्या का हल नहीं निकलेगा। लेकिन उन्होंने चेतावनी भी दी कि अगर बीजिंग और वाशिंगटन साथ नहीं चलेंगे, तो कई वैश्विक समस्याएं सुलझाना बहुत मुश्किल हो जाएगा। सीधे शब्दों में कहें तो जिनपिंग ट्रंप के ‘टैरिफ वार’ पर खरी-खरी सुना डाली और बता भी दिया कि अगर हम आपस में लड़ते रहे तो किसी को फायदा नहीं होगा, दोनों की हार ही होगी। बताया जा रहा है कि इस बैठक में व्यापार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, टैरिफ, टेक्नोलॉजी और दोनों देशों के रिश्तों में तनाव वाले अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

AI हमेशा इंसान के नियंत्रण में रहे

इस दौरान शी ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) पर खास जोर दिया। उन्होंने कहा कि चीन और अमेरिका दोनों ही इस तकनीक में आगे रहने वाले देश हैं। इसलिए दोनों के पास यह क्षमता और जिम्मेदारी दोनों है कि एआई को लोगों के फायदे के लिए विकसित और संभाला जाए। उन्होंने आगे कहा कि यह पक्का करना है कि एआई का विकास हमेशा इंसान के नियंत्रण में रहे और लोगों की भलाई के लिए हो।

बता दें कि ट्रंप ने पहले सोशल मीडिया पर लिखा था कि जो एआई की दौड़ जीतेगा, वही जीतेगा। अमेरिका की ओर से एआई से जुड़े खतरों, साइबर हमलों और सैन्य इस्तेमाल को लेकर कुछ सुरक्षा उपायों पर बातचीत की चर्चा चल रही है। कुछ रिपोर्टों में दोनों देशों के बीच एआई संबंधी घटनाओं की जानकारी देने के लिए एक तरह की हॉटलाइन बनाने का भी जिक्र है।

वाइट हाउस में भव्य स्वागत

इससे पहले 24 सितंबर को वाइट हाउस के साउथ लॉन पर शी का औपचारिक स्वागत हुआ। इसमें अमेरिकी सेना के सैकड़ों जवान शामिल हुए। राष्ट्रगान बजाए गए, सैन्य सलामी दी गई और फ्लाईओवर भी हुआ। शाम को वाइट हाउस के ईस्ट रूम में स्टेट डिनर रखा गया। इस डिनर में अमेरिका की बड़ी टेक कंपनियों के प्रमुख भी शामिल हुए।

इनमें एप्पल के टिम कुक, अमेजन के जेफ बेजोस, गूगल के सुंदर पिचाई, ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन, टेस्ला के एलन मस्क और एनवीडिया के जेन्सेन हुआंग जैसे नामों का जिक्र किया गया। इन कंपनियों का चीन से कारोबारी रिश्ता भी है और एआई, चिप्स तथा सप्लाई चेन में इनकी बड़ी भूमिका है।

बता दें कि यह बैठक शी की अमेरिका की तीन दिवसीय राजकीय यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा थी। शी 23 से 25 सितंबर तक अमेरिका में हैं। वाइट हाउस के अनुसार, 24 सितंबर का यह दौरा एक दशक से अधिक समय बाद व्हाइट हाउस में उनकी पहली वापसी है। इससे पहले मई 2026 में ट्रंप चीन की राजकीय यात्रा पर गए थे। दोनों नेताओं की यह 2026 में दूसरी आमने-सामने मुलाकात है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN