Home rss sports hindi एशियन गेम्स 2026 के छठे दिन भारत ने कितने मेडल जीते? दो...

एशियन गेम्स 2026 के छठे दिन भारत ने कितने मेडल जीते? दो सिल्वर भी मिले, 16 साल का सूखा हुआ समाप्त

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भारत ने एशियन गेम्स 2026 के छठे दिन भी पांच मेडल हासिल किए। भारत ने गुरुवार को दो सिल्वर पर कब्जा जमाया। भारत के कुल पदकों की संख्या 15 के पार पहुंच गई है।

भारत ने गुरुवार को एशियन गेम्स 2026 में पांच मेडल जीते। भारत ने दो सिल्वर और तीन ब्रॉन्ज अपने नाम किए। भारत के खाते में अब कुल 17 मेडल हो गए हैं, जिसमें 9 ब्रॉन्ज, सात सिल्वर और एक गोल्ड है। भारत को एकमात्र गोल्ड महिला क्रिकेट टीम ने दिलाया। भारत पदक तालिका में फिलहाल 15वें पायदान पर है। चीन 130 मेडल के साथ तालिका में शीर्ष पर काबिज है। चीन ने आइची-नागोया में जारी एशियन गेम्स में 80 स्वर्ण, 30 रजत और 20 कांस्य अपने नाम किए हैं। चीन के बाद मेजबान जापान है। जापान ने 91 मेडल हासिल कर चुका है। उसने 20 गोल्ड, 34 सिल्वर और 37 कांस्य पदक पर कब्जा जमाया है। चलिए, आपको बताते हैं कि गुरुवार को भारत ने किस-किस स्पर्धा में मेडल जीते।

16 साल का ये सूखा हुआ समाप्त

सीमा कुमारी ने महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ कांस्य जीता। उन्होंने फाइनल में कड़े मुकाबले में 32 मिनट 50.05 सेकेंड का समय निकाला और सूखा समाप्त किया। भारत ने 16 साल के बाद एशियन गेम्स में महिलाओं की इस स्पर्धा में पदक हासिल किया है। एशियन गेम्स की इस स्पर्धा में यह भारत का अब तक का केवल तीसरा पदक है।

मिश्रित रिले में सिल्वर मेडल मिला

भारत ने चार गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले में सिल्वर जीता। पूवम्मा राजू, विशाल थेन्नारासु, विथ्या रामराज और मनु टीएस की चौकड़ी ने तीन मिनट 14.46 सेकेंड के समय के साथ मेडल पर कब्जा जमाया। विथ्या रामराज ने अंतिम चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। बहरीन ने तीन मिनट 12.87 सेकेंड के खेलों के रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण जीता। भारत ने 2023 एशियन गेन्स में भी इस स्पर्धा में सिल्वर जीता था।

शूटिंग में झोली खाली रहने से बची

शूटिंग में अनंतजीत सिंह नारुका और परिनाज धालीवाल ने मिश्रित टीम स्कीट में ब्रॉन्ज जीता। भारत को निशानेबाजी में बहुत उम्मीद थी लेकिन उसके खिलाड़ियों का प्रदर्शन अभी तक अपेक्षित नहीं रहा है। बुधवार को महिला एयर पिस्टल टीम को कोई सफलता नहीं मिली और गुरुवार को पुरुष टीम का भी प्रदर्शन निराशाजनक रहा। अगर अनंतजीत और परिनाज मिश्रित टीम स्कीट में कांस्य पदक नहीं जीता होता तो गुरुवार को निशानेबाजी में भारत की झोली खाली जाती।

रोइंग में भारत ने रचा इतिहास

रोइंग में सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी ने पुरुषों की डबल स्कल्स स्पर्धा में कांस्य जीतकर इतिहास रचा। भारत का यह इस स्पर्धा में पहला पदक है। भारतीय जोड़ी 1500 मीटर के निशान तक दूसरे स्थान पर बनी रही, लेकिन अंतिम 500 मीटर में फिसलकर तीसरे स्थान पर आ गई। भारतीय जोड़ी नागरगावा इंटरनेशनल रेगाटा कोर्स पर चीन से 3.88 सेकंड पीछे रही। चीन ने 6:13.25 का समय निकालकर स्वर्ण जीता।

वुशु में रोशिबीना ने बनाया रिकॉर्ड

वुशु खिलाड़ी रोशिबीना देवी ने सिल्वर जीता। रोशिबीना ने लगातार दूसरी बार सिल्वर और कुल तीसरा मेडल जीतकर एशियन गेम्स खेलों के इतिहास में भारत की सबसे सफल वुशु खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड बनाया। महिला वर्ग के 60 किलोग्राम फाइनल में उन्हें चीन की झांग शियाओयु से हार का सामना करना पड़ा।

कबड्डी में भारत के मेडल हुए पक्के

भारत की पुरुष और महिला कबड्डी टीमों ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अपने अपने ग्रुप में शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल में जगह बनाई। भारतीय पुरुष टीम ने ग्रुप के अपने अंतिम मुकाबले में चीनी ताइपे को 37-21 से जबकि महिलाओं ने जापान को 50-25 से हराकर अपने लिए कांस्य पदक सुनिश्चित किया। हॉकी में भारत ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। बेहतरीन फॉर्म में चल रहे स्ट्राइकर दिलप्रीत सिंह ने हैट्रिक लगाकर भारतीय पुरुष हॉकी टीम को कोरिया पर 8-2 से आसान जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इस जीत ने भारतीय टीम की सेमीफाइनल में जगह लगभग पक्की कर दी। यह भारत की लगातार तीसरी जीत थी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN