Source :- LIVE HINDUSTAN
महंगे शैंपू और कंडीशनर लगाने के बाद भी बालों का झड़ना नहीं रुक रहा है, तो हो सकता आप रोजाना ये छोटी-छोटी गलतियां कर रहे हों। ये देखने में सामान्य लग सकती हैं, लेकिन धीरे धीरे बालों की ग्रोथ को प्रभावित करती हैं और हेयरफॉल को भी बढ़ावा देती हैं।
हेयरफॉल से आजकल हर कोई परेशान है। अक्सर लोग बताते हैं कि महंगे शैंपू, सिरम, कंडीशनर इस्तेमाल करने के बाद भी उनके बालों में वो पहले वाली बात नहीं रही। इसके पीछे आखिर क्या वजह हो सकती है? इसमें आपकी डाइट का तो रोल है ही, साथ ही रोजमर्रा की कुछ आदतें भी जिम्मेदार हो सकती हैं। कई बार लोग डेली ऐसी छोटी-छोटी चीजें कर रहे होते हैं, जिनका तुरंत तो कोई असर नजर नहीं आता। लेकिन लॉन्ग टर्म में बाल काफी डैमेज हो जाते हैं। गाइनेकोलॉजिस्ट डॉ भूमि में एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए ऐसी ही 8 आदतों की लिस्ट शेयर की है, जो बालों को धीरे धीरे बर्बाद कर सकती हैं।
बालों को धीरे-धीरे बर्बाद करने वाली 8 आदतें
1) बहुत गर्म पानी से बाल धोना
मौसम हल्का सा ठंडा हुआ नहीं कि लोग गर्म पानी से बाल धोना शुरू कर देते हैं। लेकिन अगर पानी बहुत गर्म है तो ये आपकी स्कैल्प को ड्राई कर सकता है। इससे बालों की नमी कम हो सकती है और वो ज्यादा रूखे और बेजान नजर आ सकते हैं। ऐसे बाल टूटते भी काफी ज्यादा हैं। अगर आपको बाल धोने हैं तो हमेशा गुनगुने या नॉर्मल पानी का इस्तेमाल करना बेहतर होता है।
2) ओवर शैंपू करना भी सही नहीं है
स्कैल्प को क्लीन करने के लिए शैंपू करना जरूरी है लेकिन ओवर शैंपू करने से भी बचना चाहिए। कई लोग रोज शैंपू करते हैं जो सही नहीं है। खासकर अगर आपके बाल पहले से ही काफी ड्राई हैं, तो ज्यादा शैंपू करने से वो और बेजान नजर आ सकते हैं। हालांकि अगर स्कैल्प काफी ऑयली है और ज्यादा पसीना आता है, तो एक दिन छोड़कर शैंपू किया जा सकता है।
3) गंदे तकिए का इस्तेमाल करना
तकिए का कवर समय पर नहीं बदलते हैं तो उस पर पसीना, धूल-मिट्टी, तेल और हेयर प्रोडक्ट्स के अवशेष जमा हो सकते हैं। रातभर इससे संपर्क में रहने की वजह से बालों में भी डैंड्रफ, चिपचिपापन और गंदगी की समस्या बढ़ सकती है। बिना वजह के हेयरफॉल हो रहा है तो एक बार अपने तकिए का कवर भी जरूर चेक कर लें।
4) गीले बालों में कंघी करना
गीले बाल नाजुक होते हैं और आसानी से टूट सकते हैं। इसलिए कभी भी बाल धोने के तुरंत बाद कंघी नहीं करनी चाहिए। कई लोग ये गलती करते हैं, जिस वजह से बालों की जड़ें कमजोर हो जाती हैं और वो जरूरत से ज्यादा टूटते हैं।
5) तेल लगाने के बाद तुरंत शैंपू करना
बालों में तेल लगाने के तुरंत बाद शैंपू कर लेने से बालों को तेल का कोई फायदा नहीं मिल पाता। खासकर अगर आपके बाल ड्राई हैं और आप तेल लगाने के बाद तुरंत बाल धो लेते हैं, तो कोई पोषण नहीं मिलने वाला। फायदे के लिए कम से कम 2 घंटे के लिए तेल को बालों में रहने दें, उसके बाद वॉश करें।
6) हीटिंग टूल्स का ज्यादा इस्तेमाल करना
स्ट्रेटनर, कर्लिंग आयरन और ब्लो ड्रायर जैसे हीटिंग टूल्स का इस्तेमाल डेली बेसिस पर करना सही नहीं है। ज्यादा हीट से बालों की बाहरी परत पर डैमेज हो सकता है, जिससे बाल ज्यादा रूखे हो सकते हैं और हेयरफॉल की समस्या बढ़ सकती है।
7) ज्यादा टाइट हेयरस्टाइल बनाना
डेली बहुत टाइट पोनी, बन या ब्रेड बांधकर रखने से बालों की जड़ों पर लगातार खिंचाव होता है। लंबे समय तक ऐसा करने से हेयरलाइन पर असर पड़ सकता है और बालों की जड़ें कमजोर हो सकती हैं। खासकर रात में सोने से पहले तो टाइट हेयरस्टाइल हर हाल में अवॉइड करना चाहिए।
8) गलत डाइट और कम पानी पीना
बालों की सेहत के लिए अच्छी डाइट और पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी होता है। अगर आपकी डाइट में प्रोटीन, जिंक, आयरन, विटामिन और दूसरे पोषक तत्व सही मात्रा में नहीं हैं, तो बाल कमजोर हो कर झड़ सकते हैं और उनकी ग्रोथ भी प्रभावित हो सकती है। वहीं डिहाइड्रेशन का असर भी त्वचा और बालों की नमी पर पड़ सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



