Source :- LIVE HINDUSTAN
Kian M Export IPO: टेक्सटाइल बनाने और एक्सपोर्ट करने वाली कंपनी Kian-M एक्सपोर्ट लिमिटेड ने आईपीओ के जरिए शेयर बाजार में लिस्ट होने की तैयारी कर ली है। कंपनी ने 25 सितंबर 2026 को सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) के पास अपना ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) जमा किया है। अब सेबी की मंजूरी के बाद कंपनी आईपीओ लॉन्च करेगी।
आईपीओ की डिटेल
Kian-M एक्सपोर्ट लिमिटेड के प्रस्तावित IPO में 500 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी करना और मौजूदा शेयरधारकों द्वारा 15 लाख शेयरों तक की ऑफर फॉर सेल(OFS) शामिल है। Mirae एसेट कैपिटल मार्केट प्राइवेट लिमिटेड इस IPO के लिए बुक रनिंग लीड मैनेजर है जबकि MUFG इंडिया प्राइवेट लिमिटेड रजिस्ट्रार है। इक्विटी शेयरों को नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया और BSE पर लिस्ट करने का प्रस्ताव है।
क्या होगा पैसे का?
ऑफर फॉर सेल में पैसे कंपनी के शेयरधारकों को मिलेंगे। हालांकि, कंपनी नए शेयरों से मिलने वाली रकम का इस्तेमाल वर्किंग कैपिटल की जरूरतों को पूरा करने के लिए करेगी। कंपनी के मुताबिक Ultra डेनिम लिमिटेड में 35.29% हिस्सेदारी खरीदने, मशीनरी और इक्विपमेंट खरीदने के लिए भी पैसे खर्च होंगे।
वहीं, मुख्य सब्सिडियरी Usha कॉटन लिमिटेड में कैपिटल एक्सपेंडिचर निवेश करने के लिए भी पैसे का इस्तेमाल होगा। इसके अलावा, कंपनी फंड के एक हिस्से का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट कामों के लिए करने की योजना बना रही है।
कंपनी के बारे में
1990 से यह कंपनी टेक्सटाइल बनाने और एक्सपोर्ट करने वाली एक प्रमुख कंपनी है। करीब 35 साल पुरानी यह कंपनी कच्चे, अधूरे कपड़े को अलग-अलग तरह के प्रोडक्ट्स में बदलकर तैयार टेक्सटाइल बनाती है। यह अपने ‘Revelo’ ब्रांड और व्हाइट-लेबल आधार पर साड़ियां बनाती है। इसके अलावा, यह अफ्रीकी प्रिंट वाले कपड़े, शर्ट और पैंट जैसे आधुनिक कपड़े और सलवार-कमीज जैसे दक्षिण एशियाई एथनिक और पारंपरिक कपड़े भी बनाती है। यह अपने ‘Orcoss’ ब्रांड के तहत महिलाओं के लिए एथनिक और खास मौकों पर पहने जाने वाले कपड़े भी बनाती है। इसकी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट्स में इटली, ऑस्ट्रिया, जर्मनी और चीन से आयातित डिजिटल और रोटरी प्रिंटिंग मशीनों का इस्तेमाल होता है।
कंपनी ने अपनी DRHP रिपोर्ट में बताया कि वित्त वर्ष 2024 से वित्त वर्ष 2026 तक लगातार ग्रोथ और मुनाफा हुआ है। कंपनी के मुताबिक हमारे ऑपरेशन से होने वाली आय, EBITDA और साल के मुनाफे में क्रमशः 25.09%, 63.27% और 118.82% की CAGR से बढ़ोतरी हुई है। वित्त वर्ष 2026 में अफ्रीकी प्रिंट वाले कपड़ों का रेवेन्यू में सबसे बड़ा हिस्सा (52%) था और कंपनी मुख्य रूप से इन प्रोडक्ट्स को अफ्रीकी मार्केट में एक्सपोर्ट करती है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




