Home rss business hindi UPI, डेबिट या क्रेडिट कार्ड? पेमेंट करना किससे सबसे सस्ता? जानिए चार्जेस...

UPI, डेबिट या क्रेडिट कार्ड? पेमेंट करना किससे सबसे सस्ता? जानिए चार्जेस के नए नियम

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

2,000 से अधिक के चुनिंदा P2M ट्रांजेक्शन पर 0.4% का MDR लागू होने के बावजूद UPI अभी भी डेबिट और क्रेडिट कार्ड्स की तुलना में है सबसे सस्ता पेमेंट मोड।

आज के समय में जब भी हम बाजार या ऑनलाइन खरीदारी करते हैं, तो भुगतान के लिए यूपीआई (UPI), डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन, क्या आपने कभी सोचा है कि दुकानदारों या व्यापारियों के लिए इनमें से कौन सा तरीका सबसे किफायती पड़ता है? हाल ही में नेशनल पेमेंट्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने इस बात को स्पष्ट करते हुए बताया है कि नया चार्ज लागू होने के बावजूद UPI से भुगतान करना कार्ड्स के मुकाबले काफी सस्ता है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

2,000 से अधिक ट्रांजेक्शन पर MDR लागू

NPCI के नियमों के अनुसार, 15 अक्टूबर से 2,000 रुपये से अधिक के चुनिंदा मर्चेंट (P2M) ट्रांजेक्शन पर 0.4% का मर्चेंट डिस्काउंट रेट (MDR) लागू किया गया है। हालांकि, आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि यह शुल्क ग्राहकों से नहीं, बल्कि दुकानदारों (मर्चेंट्स) से लिया जाता है। साथ ही छोटे व्यापारियों और सामान्य लेनदेन को इस नियम से पूरी तरह बाहर रखा गया है।

UPI, डेबिट और क्रेडिट में कौन सस्ता?

अगर सभी पेमेंट तरीकों के मर्चेंट चार्ज की तुलना करें, तो UPI का MDR 0.4% (अधिकतम सीमा ₹300) तय किया गया है। वहीं, दूसरी ओर डेबिट कार्ड से भुगतान पर लगभग 0.90% तक और क्रेडिट कार्ड पर औसतन 2% तक का शुल्क मर्चेंट को देना पड़ता है। इस तरह देखें तो दुकानदारों के लिए क्रेडिट कार्ड की तुलना में UPI से भुगतान 10,000 रुपये लेना लगभग 80% तक सस्ता साबित होता है।

10,000 रुपये ट्रांजैक्शन पर 40 का चार्ज

इसे एक सरल उदाहरण से समझा जा सकता है। अगर कोई ग्राहक दुकान पर 10,000 रुपये का भुगतान करता है, तो 0.4% MDR के हिसाब से UPI पर मर्चेंट को सिर्फ 40 रुपये का चार्ज लगेगा। इसी 10,000 रुपये के लेनदेन पर डेबिट कार्ड से लगभग 90 रुपये और क्रेडिट कार्ड से औसतन 200 रुपये का शुल्क कट जाता है। इस गणित से साफ है कि बड़े ट्रांजेक्शन में भी UPI मर्चेंट्स की अच्छी बचत कराता है।

कितने अमाउंट पर कितना चार्ज?

एक राहत की बात यह भी है कि डेली की लगभग 96% UPI पेमेंट पर शून्य (Zero) MDR लगता है। 2,000 रुपये तक के किसी भी मर्चेंट ट्रांजेक्शन पर कोई चार्ज नहीं है। 2,000 रुपये से ऊपर के मामलों में जैसे 5,000 रुपये पर ₹20, 10,000 रुपये पर ₹40 और 75,000 रुपये या 1 लाख रुपये पर अधिकतम ₹300 का कैप लागू होता है।

इसके अलावा रेलवे, टेलीकॉम, बीमा, ईंधन और कृषि जैसी आवश्यक व कम-मार्जिन वाली सेवाओं में 2,000 रुपये से अधिक के भुगतान पर प्रतिशत के बजाय केवल ₹5 का फ्लैट MDR तय किया गया है। कुल मिलाकर डिजिटल इंडिया के दौर में UPI न सिर्फ उपयोग में आसान है, बल्कि व्यापारियों के लिए क्रेडिट और डेबिट कार्ड के मुकाबले सबसे सस्ता और बेहतर विकल्प भी बना हुआ है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN