Home rss business hindi कच्चे तेल में उछाल के बीच पेट्रोल-डीजल के रेट जारी, LPG के...

कच्चे तेल में उछाल के बीच पेट्रोल-डीजल के रेट जारी, LPG के दाम में कोई बदलाव नहीं

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

कच्चे तेल की कीमतों के बीच पेट्रोल-डीजल के रेट जारी हो गए हैं। 28 सितंबर 2026 को सुबह 6:06 बजे दिल्ली में इंडियन ऑयल के पंप पर पेट्रोल की कीमत ₹102.12 प्रति लीटर और डीजल की कीमत ₹95.20 प्रति लीटर दर्ज की गई। यानी दोनों फ्यूल के रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। दूसरी ओर प्रीमियम पेट्रोल XP95 ₹109.24, XP100 ₹167.35 और XG ₹100.52 प्रति लीटर बिक रहा है।

LPG Price Today: जहां तक एलपीजी की बात है तो दिल्ली से लेकर चेन्नई तक रेट में कोई बदलाव नहीं हुआ है। एलपीजी सिलेंडर के रेट 1 अक्टूबर को अपडेट होंगे। आज 28 सितंबर को दिल्ली में 14.2 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर 942 रुपये और 19 किलो वाला कमर्शियल सिलेंडर 2747.50 रुपये में बिक रहा है।

कच्चे तेल में फिर क्यों आया उछाल

ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत को लेकर अनिश्चितता बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। ईरान ने रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दोबारा खोलने के लिए सात दिन का प्रस्ताव रखा था, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इसे खारिज कर दिया।

इसके बाद बाजार में इस अहम जलमार्ग के जल्द खुलने को लेकर चिंता बढ़ी और तेल की कीमतों में तेजी आई। उधर, मध्य पूर्व में तनाव अभी भी बना हुआ है। यमन में हूती विद्रोहियों की ओर से सऊदी अरब की तरफ भेजे गए ड्रोन और मिसाइल को लेकर भी सुरक्षा अलर्ट जारी हुए हैं।

ब्रेंट क्रूड 106 डॉलर प्रति बैरल के पार

सोमवार सुबह ब्रेंट क्रूड 106 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया, जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) 93 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर कारोबार कर रहा था। ट्रंप ने कहा कि ईरान ने अपनी मांगों को जरूरत से ज्यादा बढ़ा दिया है। हालांकि, रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने यह भी संकेत दिया है कि दोनों देशों के बीच बातचीत इस सप्ताह फिर शुरू हो सकती है।

ब्लूमबर्ग के मुताबिक डीबीएस बैंक के एनर्जी रिसर्च प्रमुख सुव्रो सरकार के मुताबिक ऑयल मार्केट में तेजी सीमित रह सकती है, क्योंकि बाजार को पहले से ही यह उम्मीद नहीं थी कि होर्मुज सात दिन में पूरी तरह खुल जाएगा। इसलिए ट्रंप द्वारा प्रस्ताव खारिज किए जाने से बाजार की मौजूदा स्थिति में बहुत बड़ा बदलाव नहीं माना जा रहा है।

साल ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 75 फीसदी बढ़ी

पिछले सप्ताह भी तेल की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला था। इसकी वजह अमेरिका-ईरान बातचीत को लेकर अलग-अलग संकेत, मध्य पूर्व से तेल की आपूर्ति और अमेरिका की ओर से डीजल की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने की संभावित कार्रवाई रही। इस साल ब्रेंट क्रूड की कीमत करीब 75 फीसदी बढ़ चुकी है और लगातार तीसरे महीने बढ़त की राह पर है।

होर्मुज को लेकर बाजार की चिंता इसलिए भी ज्यादा है, क्योंकि संघर्ष शुरू होने से पहले दुनिया के करीब पांचवें हिस्से के कच्चे तेल और LNG की आवाजाही इसी रास्ते से होती थी। अब ट्रेडर्स की नजर इस बात पर है कि वास्तव में इस जलमार्ग से तेल की कितनी आपूर्ति हो पा रही है।

अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने कहा है कि ईरान अगले दो सप्ताह में चीन को अपने आखिरी तेल शिपमेंट कर सकता है, क्योंकि चीन ने ईरान को मिलने वाला समर्थन काफी कम कर दिया है। उनके मुताबिक समुद्र में करीब 1.5 करोड़ बैरल ईरानी तेल ही बचा है। इससे ईरान पर अमेरिका के साथ समझौते के लिए दबाव बढ़ सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN